पुणे के सरकारी पॉलीटेक्निक कॉलेज में छत्रपति शिवाजी महाराज के पास लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो MNS के कार्यकर्ताओं ने हटा दी. ये फोटो कॉलेज के प्रिंसिपल के केबिन में लगी थी.
शिवाजी की बगल में लगी PM मोदी की फोटो हटाई गई, पुणे के सरकारी कॉलेज की घटना
पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों की समस्याएं सुनने पहुंचे अमित ठाकरे ने कैंटीन और हॉस्टल की बदइंतजामी पर प्रिंसिपल को घेरा. इस दौरान केबिन में शिवाजी महाराज की तस्वीर के साथ PM मोदी की फोटो लगी देखकर उन्होंने आपत्ति जताई, जिसके बाद MNS कार्यकर्ता ने फोटो हटा दी.

छात्रों की समस्याओं को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता और राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे वहां पहुंचे थे. पहले उन्होंने कॉलेज में छात्रों की परेशानी का कारण बने कैंटीन के खराब खाने का मुद्दा उठाया. एकदम फिल्मी अंदाज में उन्होंने प्रिंसिपल के टेबल पर बेकार प्याज और बाकी खाने की चीजें रख दीं.
उन्होंने हॉस्टल के खाने की बदइंतजामी पर भी सवाल उठाए. प्रिंसिपल से सख्त लहजे में उन्होंने कहा कि हॉस्टल का बुरा हाल होने की वजह से लड़के-लड़कियां बाहर पीजी में रहने लगे हैं. वॉशरूम और जिम की हालत को लेकर भी ठाकरे ने प्रिंसिपल को अल्टिमेटम दिया कि जल्द से जल्द सारी चीजें ठीक हो जानी चाहिए. इस बातचीत के दौरान ही ठाकरे की नजर प्रिंसिपल के केबिन की दीवार पर लगे छत्रपति शिवाजी महाराज की फोटो पर गई.
दीवार पर एक तरफ छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की फोटो लगी थी. वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की. ठाकरे ने छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ प्रधानमंत्री मोदी की फोटो लगी होने पर आपत्ति जताई और उसे हटाने को कहा. इससे बाद MNS के एक कार्यकर्ता ने खुद नरेंद्र मोदी की फोटो वहां से हटा दी.
ठाकरे ने कहा कि वह पीएम मोदी की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज या बाबा साहेब आंबेडकर से नहीं करते. सरकारी कॉलेज है तो इसका मतलब ये नहीं कि पीएम मोदी की फोटो छत्रपति शिवाजी महाराज के बगल में लगाई जाएगी. उन्होंने पूछा कि क्या ऐसा कोई कॉलेज प्रोटोकॉल है. क्या आप छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना पीएम नरेंद्र मोदी से कर रहे हैं.
ठाकरे ने कहा कि महाराज पर कोई बात आएगी तो वो बर्दाश्त नहीं करेंगे.
ये भी पढ़ेंः नेपाल में तबाही से पहले हुई थी मीटिंग, चीन ने ये डेटा छिपा लिया?
बता दें कि अपने पुणे दौरे पर अमित ठाकरे कॉलेजों का दौरा कर रहे हैं और छात्रों से संवाद कर रहे हैं. इसी कड़ी में वह सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज में गए थे. यहां उन्होंने खराब प्याज और बाकी खाने की चीजों को लेकर न सिर्फ आपत्ति जताई बल्कि बेहद आक्रोशित ढंग से खराब चीजें प्रिंसिपल के टेबल पर रख दीं.
वीडियो: नेपाल बाढ़ के बाद चीन पर कौन सा डेटा छिपाने का आरोप?












