एक दिन में 2-2 ऑडिशन. कभी टॉप 2 में पहुंचकर रिजेक्ट होना. तो कई बार आखिरी राउंड के बाद कॉल आने का अंतहीन इंतजार. वो दिन भी आया जब सब कुछ ठीक रहा. डायरेक्टर को ऑडिशन पसंद आया, फिर भी उन्होंने कहा, 'तुम इस रोल में फिट नहीं बैठ रही, क्योंकि तुम्हारी उम्र कम है'. डायरेक्ट का नाम- लव रंजन. फिल्म- 'प्यार का पंचनामा 2'. साल 2015 में जिस एक्टर की ये कहानी है उनका नाम - शरवरी वाघ. तब उनकी उम्र 17 साल थी. लव रंजन ने कहा उनकी फिल्म अडल्ट है इसलिए वो शरवरी को फाइनल नहीं कर सकते. उन्होंने बताया कि ऑडिशन के वक्त उन्हें शरवरी की उम्र का पता नहीं था. वो ऑडिशन तो सफल नहीं रहा, लेकिन शरवरी की शोहरत अब ऐसी है कि उन्हीं डायरेक्टर के साथ वो जल्द फिल्म करते नजर आएंगी. नजर तो इस वक्त शरवरी हर जगह आ रही हैं. इम्तियाज अली की 'मैं वापल आऊंगा' हो, आलिया भट्ट के साथ 'अल्फा' हो या 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के वायरल रील्स. शरवरी हर जगह हैं. लेकिन ये सब नहीं होता अगर 'प्यार का पंचनामा 2' का ऑडिशन फेल होने के बाद उन्होंने लव रंजन से एक सवाल नहीं पूछा होता.
इंटर्नशिप में दीपिका के लिए दरवाज़ा खोलने वाली शरवरी के रास्ते कैसे खुले, पूरी कहानी
शरवरी का फिल्मी सफर ऐसे शुरू हुआ. पहले इंटर्न, फिर असिस्टेंट डायरेक्टर (AD) और आखिरकार एक्टर.


सवाल था, 'मैंने कभी फिल्म का सेट नहीं देखा है, क्या मैं आपको असिस्ट कर सकती हूं.' जवाब मिला, 'बिल्कुल.'
यहीं से शरवरी का फिल्मी सफर शुरू हुआ. पहले इंटर्न, फिर असिस्टेंट डायरेक्टर (AD) और आखिरकार एक्टर.
शरवरी के पिता बिल्डर हैं. मां एक इंटीरियर डिजाइनर. ऐसे में शरवरी के पास ऐसा कोई नहीं था जो उन्हें बड़े पर्दे के पीछे वाली फिल्मी दुनिया के बारे में बता सके. साल 2024 में एक इंटरव्यू में शरवरी ने बताया कि वो पर्दे पर आने से पहले इस दुनिया को नजदीक से समझना चाहती थीं. उन्हें फिल्म सेट देखना था. जानना था कि वहां कैसे काम होता है. उन्हें लगा जब ये सब तिया-पांचा समझ आ जाएगा. तो आगे का रास्ता साफ दिखना शुरू होगा. इसलिए जब 'प्यार का पंचनामा 2' वाला रोल मिलते-मिलते हाथ से फिसला तो उन्होंने AD के रूप में अपने करियर की शुरुआत कर दी. शरवरी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने यहां काफी कुछ सीखा. उन्होंने बताया,
"मैंने इस पूरे प्रोसेस में लव सर के साथ रहकर काम सीखा. शेड्यूलिंग से लेकर म्यूज़िक तक, मैं हर दिन अपनी नोटबुक लेकर उनके साथ रहती थी. समझने की कोशिश करती कि चीज़ें कैसे होती हैं. फिर जब हम शूटिंग सेट पर पहुंचे, तो मैं क्लैप एडी (Assistant Director) बन गई. तभी मुझे एहसास हुआ कि किसी एक्टर के लिए Clap AD की भूमिका सबसे अच्छी होती है, क्योंकि वो डायरेक्टर और एक्टर के बीच मौजूद रहता है.
ये ऐसा टाइम होता है जब डायरेक्टर, एक्टर के पास आकर कहता है कि इस डायलॉग को थोड़ा बदलो या इस इमोशन को अलग तरीके से दिखाओ. और उस बातचीत को सुनने वाला इकलौता इंसान क्लैप एडी ही होता है."
इस प्रोजेक्ट के लिए उन्हें 7000 रुपये का पहला Paycheck मिला. एक इंटरव्यू में शरवरी ने बताया कि उस चेक को उनके माता-पिता ने कैश नहीं कराया, बल्कि उसको एक प्यारे मैसेज के साथ फ्रेम करा दिया. इस फिल्म के बाद शरवरी ने दो और फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया. 'बाजीराव मस्तानी' में संजय लीला भंसाली के साथ और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' में लव रंजन के साथ.
शरवरी ने 'बाजीराव मस्तानी' में दीपिका पादुकोण के साथ शूटिंग का एक किस्सा बताया था. ये किस्सा 'दीवानी-मस्तानी' गाने की शूटिंग का है. शरवरी ने बताया,
'इस गाने में दीपिका पादुकोण को जिस गेट से एंटर करना था उसे दो लड़कियों को खोलना था. मैं इंटर्न थी. उस दिन मेरा काम वही था. उन दो में से एक लड़की मैं हूं. मुझे दीपिका मैम को कुछ इंस्ट्रक्शन देना था, ताकि उनकी एंट्री और गेट खुलने की टाइमिंग मैच हो. उन्होंने इसके लिए 'एक्सक्यूज मी' टाइप बात नहीं की. बड़े प्यार से पूछा कि आपका नाम क्या है, उसके बाद उन्होंने मेरे से बात की. '
शरवरी ने बताया कि उन्हें ऐसा लगा कि उनका दिन बन गया. उन्होंने घर आकर सबको बताया कि 'दीपिका उनका नाम जानती हैं.'

AD के काम के साथ-साथ शरवरी ऑडिशन देती रहीं. करीब 6 साल तक ये सिलसिला चलता रहा. शरवरी ने एक इंटरव्यू में बताया कि वो अनुपम खेर की वीकेंड एक्टिंग क्लासेज़ जाया करती थीं. वहां उनका एक दोस्त था, जो शानू शर्मा को जानता था. उसकी वजह से उन्हें YRF से ऑडिशन के कॉल आते थे. उन्होंने 5 साल तक YRF के कई प्रोजेक्ट्स के लिए ऑडिशन दिया है. ज्यादातर के नाम तो उन्हें नहीं पता मगर 'सूई धागा', 'कैदी बैंड' और 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' के लिए भी उन्होंने ऑडिशन दिया था.
फिर फाइनली वो ऑडिशन हुआ, जिसके बाद ऑफ स्क्रीन से ऑन स्क्रीन सफर शुरू हुआ. उन्हें कबीर खान की वेब सीरीज़ 'द फॉरगॉटन आर्मी - आज़ादी के लिए' में पहला एक्टिंग ब्रेक मिला. साल 2020 में अमेज़न प्राइम पर ये वेब सीरीज़ स्ट्रीम हुई थी. इसमें शरवरी के साथ सनी कौशल मेन लीड में थे.

इसके अगले ही साल शरवरी को बड़े पर्दे पर आने का मौका मिल गया. यशराज फिल्म की साल 2021 में आई क्राइम-कॉमेडी 'बंटी और बबली 2' में शरवरी ने डेब्यू किया. ये कल्ट-क्लासिक 'बंटी और बबली' का सीक्वल था. इसमें उनके साथ रानी मुखर्जी, सैफ अली खान और सिद्धांत चतुर्वेदी भी थे. ये फिल्म बॉक्स पर तो पिट गई, लेकिन शरवरी को खूब तारीफ मिली और अवॉर्ड भी. क्रिटिक्स ने लिखा कि पहली फिल्म के बावजूद शरवरी की परफॉर्मेंस में कॉन्फिडेंस था. उनकी स्क्रीन प्रेजेंस भी शानदार रही. फिल्म के लिए उन्होंने फिल्मफेयर का 'बेस्ट फीमेल डेब्यू' और IIFA का 'स्टार डेब्यू ऑफ द ईयर (फीमेल)' जैसे अवॉर्ड्स जीते. एक इंटरव्यू में शरवरी ने बताया था कि जब फिल्म के लिए पहला सीन शूट हो रहा था तो रानी मुखर्जी को देखकर अपनी लाइंस ही भूल गईं थीं. शरवरी कहती हैं कि वो 'Awestruck' हो गईं थीं.

'बंटी और बबली 2' के बाद शरवरी को अगली रिलीज के लिए 3 साल का इंतजार करना पड़ा. शरवरी के मुताबिक ये समय काफी मुश्किल भरा था. जब वो मीटिंग्स के लिए जाती थीं तो लोग पूछते थे कि क्या उन्होंने 'Sabbatical' (यानी ब्रेक) ले लिया है. शरवरी कहती हैं कि पहली ही फिल्म के बाद सबैटिकल की बातें होना, उनके लिए परेशान करने वाला था. लेकिन, उन्होंने मीटिंग्स जारी रखी और उनका अगला प्रोजेक्ट भी मिल ही गया.
साल 2024 में उनकी फिल्म 'मुंज्या' रिलीज़ हुई. ये फिल्म महाराष्ट्र की लोककथा 'मुंज्या' पर बेस्ड थी. 'मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स' की इस फिल्म में भी उनके एक्टिंग की जमकर तारीफ हुई. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर स्लीपर हिट साबित हुई. फिल्म की कमाई ₹100 करोड़ के पार हुई थी. इस फिल्म ने शरवरी को बड़ी पहचान दिलाने में मदद की.
फिल्म का गाना 'तरस' बड़ा हिट हुआ. शरवरी की परफॉर्मेस लोगों को इतनी पसंद आई कि जल्दी ही ये इंस्टाग्राम रील्स के लिए टेंप्लेट बन गया. इस गाने के स्टेप्स पर खूब रीले बनाई गईं.
इसके बाद एक बार फिर उनका कोलैबोरेशन YRF फिल्म्स के साथ हुआ. इस बैनर की पीरियड ड्रामा 'महाराज' से आमिर खान के बेटे जुनैद खान डेब्यू कर रहे थे. इस फिल्म में शरवरी उनके साथ एक खास भूमिका में नज़र आईं. ये फिल्म OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई थी. फिल्म से शरवरी का 'मामा-मासी का फर्क है' डायलॉग काफी वायरल हुआ.
इसी साल शरवरी की 'वेदा' भी आई. इसे निखिल आडवाणी ने डायरेक्ट किया है. इसमें उन्होंने जॉन अब्राहम के साथ स्क्रीन शेयर किया था. एक दलित युवती के रोल में शरवरी की एक्टिंग की खूब तारीफ हुई. लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही. इसका एक कारण ये भी था कि इसका क्लैश 'स्त्री 2' के साथ हुआ था. इस फिल्म की कास्टिंग के लिए शरवरी रानी मुखर्जी और 'बंटी और बबली 2' को क्रेडिट देती हैं. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था,
'भले ही पहली फिल्म नहीं चली लेकिन इसके बाद लोग कम से कम ये जानने लगे थे कि शरवरी नाम की कोई लड़की फिल्म इंडस्ट्री में है. 'वेदा' फिल्म भी मुझे इसी के वजह से मिली. दरअसल, निखिल सर उस वक्त 'मिसेज चटर्जी' की शूटिंग कर रहे थे. उन्होंने रानी मैम से कहा कि मुझे अपनी अगली फिल्म के लिए कोई एक्ट्रेस चाहिए. तब रानी मैम ने उन्हें मुझसे मिलने को कहा था. ये फिल्म मुझे उस वक्त ऑफर हुई जब पहली फिल्म नहीं चली और 'मुंज्या' बस शूट हुई थी. रिलीज नहीं हुई थी.'

फिलहाल, शरवरी इम्तियाज़ अली की रोमैंटिक ड्रामा फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' के लिए चर्चा में हैं. वेदांग रैना, नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं. फिल्म की कहानी साल 1947 में आजादी के वक्त हुए पार्टिशन के वक्त की है.
इम्तियाज़ के साथ काम करने को लेकर शरवरी ने कहा,
"मेरे लिए इम्तियाज़ अली की फिल्म की हीरोइन बनना बहुत खास बात है. ऐसा लगता है कि किरदार और आपकी अपनी भावनाओं के बीच की दूरी बहुत खूबसूरती से मिटने लगती है. इम्तियाज़ सर ने हमें कई यादगार महिला किरदार दिए हैं, जिन्हें हम सालों से पसंद करते आए हैं.
सर ने मुझे 'मैं वापस आऊंगा' में लीड रोल चुना, ये मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है. आलिया, दीपिका, करीना, अनुष्का जैसी बड़ी एक्टर्स के साथ काम कर चुके इम्तियाज़ सर ने अपनी फिल्म की लीड एक्ट्रेस के लिए मुझे चुना. मेरे लिए इससे बड़ी तारीफ और मेरे काम की पहचान नहीं हो सकती."
अब शरवरी, आलिया भट्ट के साथ YRF स्पाई यूनिवर्स की फिल्म 'अल्फा' में नज़र आएंगी. इसी के प्रमोशन के सिलसिले में वो समय रैना के शो 'इंडियाज़ गॉट लेटेंट 2' में भी पहुंची थी. यहां उनकी हाजिरजवाबी और कॉमिक टाइमिंग की तारीफ खुद समय ने भी की.

इस शो में समय शरवरी से उनके बारे में पूछ रहे थे तो उन्होंने अपनी फिल्मी दुनिया की पहचान बताई. उन्होंने तब ये नहीं बताया कि पहले वो अपनी माता-पिता की फील्ड को देखते हुए सिविल इंजीनियरिंग करना चाहती थीं. उन्होंने ये भी नहीं बताया कि उनके नाना महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी हैं जो साल 1995-1999 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे. 2002 से 2004 तक वो लोक सभा के अध्यक्ष भी थे.
फिल्मी सफर से पहले की जिंदगी14 जून 1996 को जन्मी शरवरी एक साइंस स्टूडेंट रही हैं. मूल रूप से महाराष्ट्र् के मोरगांव की हैं लेकिन हमेशा से दादर में रहीं. वहीं के रूपारेल कॉलेज से पढ़ाई की है. पढ़ाई के दौरान उनका इंटरेस्ट एक्टिंग की तरफ बढ़ा. पहले उन्होंने अपने पेरेंट्स की फील्ड में ही करियर बनाने की सोची थी. इसी बीच उनके कॉलेज में टाइम्स ऑफ इंडिया का 'फ्रेश फेस चैलेंज' हुआ. केमिस्ट्री क्लासेज की फ्री अटेंडेंस के लालच में उन्होंने इसमें हिस्सा लिया और कॉम्पटीशन जीत भी लिया.
इस जीत के बाद पेरेंट्स ने शरवरी से पूछा कि क्या वो एक्टिंग में करियर बनाना चाहती हैं? शरवरी ने कहा कि उन्हें एक्टिंग पसंद बहुत थी पर हिम्मत नहीं थी कि वो एक्टिंग को अपने करियर के रूप में देख सकें. वो चाहती थीं, दोस्तों से कहती भी थीं कि YRF की हिरोइन बनूंगी. लेकिन ये होगा कैसे, ये नहीं सोचती थीं. फिर उनके पेरेंट्स ने ही कहा कि अगर इसको करियर बनाना है तो साइंस की फील्ड छोड़ो. आर्ट्स लो और एक्टिंग सीखो. दो फील्ड साथ में करने का कोई फायदा नहीं है.
इस कॉम्पटीशन में जीत के बाद शरवरी की फोटोज़ अखबार में छपीं तो उनको कॉल्स आने शुरू हुए. ऑडिशन्स का सिलसिला शुरू हुआ.
एक्टिंग के अलावा उन्हें फोटोग्राफी का शौक है. अपने इंस्टाग्राम पर इस तरह के पोस्ट वो करती रहती हैं. शरवरी बताती हैं कि उन्हें बेकिंग का भी खूब शौक है. वो इसके लिए प्रोफेशनल कोर्स करना चाहती थीं, लेकिन कर नहीं पाई. हालांकि, अभी भी खास दोस्तों के बर्थडे पर कभी-कभार केक जरूर बेक करती हैं. उन्होंने कीबोर्ड बजाना भी सीखा है.
शाहरुख के बर्थडे पर 'मन्नत' के बाहर
रणवीर सिंह और आलिया भट्ट शरवरी के फेवरेट एक्टर्स हैं. आलिया को लेकर वो कई इंटरव्यू में तारीफ करते नजर आती हैं. बताती हैं कि उनके लिए आलिया के साथ काम करना सपना पूरे होने जैसा है. वो अल्फा में आलिया के साथ काम करने को वो कहती हैं, जैसै रोज एक्टिंग की मास्टरक्लास करीब से देख रही हों. शरवरी का कहना है कि हर फिल्म में आलिया का किरदार अलग ही छाप छोड़ता है. इसके अलावा वो शाहरूख खान की भी बहुत बड़ी फैन हैं. SRK के पचासवें जन्मदिन पर वो भी उस भीड़ का हिस्सा थीं जो 'मन्नत' के बाहर खड़े होकर शाहरुख की एक झलक का इंतजार कर रही थी. शरवरी ने कई इंटरव्यूज़ में ये किस्सा बताया है. उन्होंने बताया कि उस दौरान SRK की टीम ने फैन्स के लिए टी-शर्ट छपवाए थे. शरवरी को भी एक मिली जो उन्होंने पहनी थी.
एक इंटरव्यू में उनसे फैन्स ने इन्टरैक्शन का कोई यादगार पल पूछा तो उन्होंने बताया,
'एक बार एक फैन ने मेरे साथ फोटो खिंचाते हुए कहा कि 'तरस पोज़' बनाइए. पहले तो मुझे समझ नहीं आया ये पोज़ कैसा होगा. फिर मैंने गाने के ही एक स्टेप का पोज़ कर दिया. मेरे एक फैन के पास सिर पर बल दिए हुए मेरी एक फोटो आज भी होगी.'

शरवरी इस वक्त सूरज बड़जात्या की फिल्म में काम कर रही हैं . इसमें आयुष्मान खुराना उनके को-एक्टर होंगे. अभी के लिए इस फिल्म का टाइटल 'ये प्रेम मोल लिया' फाइनल हुआ है. अली अब्बास जफर के साथ भी उनकी एक फिल्म लाइन-अप है. इसमें उनके साथ अहान पांडे नज़र आ सकते हैं. इसके अलावा उनका एक अपकमिंग प्रोजेक्ट कार्तिक आर्यन के साथ भी है. ये लव रंजन की फिल्म है. सर्कल कप्लीट.
वीडियो: स्पाय यूनिवर्स की 'अल्फा' में साथ दिखेंगे आलिया भट्ट और ऋतिक रौशन!















