Ajay Devgn फ्रैंचाइज़ फिल्मों से परे एक बार अपने पुराने अवतार में नजर आ रहे हैं. 25 जून यानी कल उन्होंने अपनी अपकमिंग मूवी Chauhaan की घोषणा कर डाली. इससे उनका मोनोलॉग, बैकग्राउंड म्यूजिक और लार्जर दैन लाइफ पर्सोना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. मगर इस बीच अजय स्टारर Singham Again का एक डायलॉग भी खूब वायरल होने लगा. दरअसल, ‘चौहान’ और ‘सिंघम अगेन’ में कश्मीर और पत्थरबाजी को लेकर ओपिनियन दिया गया है. पर दोनों ओपिनियन एक-दूसरे से बिल्कुल उलट हैं, जिसे देख लोग अजय पर हिपोक्रेसी के आरोप लगा रहे.
'चौहान' अनाउंस करते ही अजय देवगन पर उठे सवाल, क्यों वायरल हुई 'सिंघम अगेन' की पुरानी क्लिप?
अजय देवगन की 'चौहान' और 'सिंघम अगेन' में कश्मीर और पत्थरबाजों को लेकर बिल्कुल अलग-अलग ओपिनियन हैं.


25 जून को अजय के पिता और वेटरन एक्शन मास्टर वीरू देवगन का बर्थडे था. इस मौके पर अजय ने 'चौहान' का टीज़र रिलीज़ कर दिया. इसका सब्जेक्ट कश्मीर पर आधारित है. खासकर उस मुद्दे पर, जब वहां पत्थरबाजी की समस्या बहुत बढ़ गई थी. टीज़र में डिफ़ेस और पत्थरबाजों की झड़प दिखाई जाती है. इस दौरान बैकग्राउंड में अजय का वॉइस ओवर चलता है, जहां वो कहते हैं,
"75 साल. 15 लाख फौजी. 35 हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट. उसके बाद भी पत्थर का जवाब नहीं."
इतना कहकर अजय 'जुम्मा चुम्मा' गाने पर उन पत्थरबाजों की धुनाई करने लगते हैं. इंटरनेट पर लोग फिल्म के इस डायलॉग पर अजय को घेर रहे हैं. इसके लिए 'सिंघम अगेन' का एक क्लिप इस्तेमाल किया जा रहा है. वो क्लिप, जहां एक कश्मीरी लड़का बाजीराव सिंघम यानी अजय से कहता है,
"पत्थर मारना ओल्ड फैशन्ड है सर. ये नए भारत का नया कश्मीर है. हम सब आपके साथ हैं."
फिल्म में जब अजय ये सुनते हैं, तो उस कश्मीर लड़के को दाद दिए बिना नहीं रहते. मगर सोशल मीडिया पर लोग उन पर हिपोक्रेसी के आरोप लगा रहे. उनका कहना है कि अजय अपनी सुविधानुसार नैरेटिव दिए जा रहे हैं. एक तरफ वो 'सिंघम अगेन' में पत्थरबाजी को ओल्ड फैशन बताते हैं. वहीं दूसरी तरफ, वो 'चौहान' में कहते हैं कि कश्मीर में पत्थरबाजी का जवाब नहीं दिया जा रहा. कुल मिलाकर, इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई है.
मगर इन सबके बीच एक बात है, जिस पर जनता ज्यादा ध्यान नहीं दे रही. वो ये कि दोनों फिल्मों की टाइमलाइंस में बड़ा फर्क है. 'सिंघम अगेन' की कहानी 2023-24 के आसपास का समय फॉलो करती है. उससे कुछ साल पहले यानी 05 अगस्त 2019 को ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 को हटा दिया गया था. इस फैसले के बाद वहां पत्थरबाजी में बड़ी गिरावट आई. इस तरह के बदलाव को ही केंद्र सरकार ने 'नए भारत का नया कश्मीर' बताया, जो 'सिंघम 4' के डायलॉग में साफ झलकता है.

दूसरी तरफ, 'चौहान' के टीज़र में साफ शब्दों में लिखा है कि ये कहानी 2018 के टाइमलाइन में घट रही. उस दौर में पत्थरबाजी कश्मीर की बहुत बड़ी समस्या बनी हुई थी. इसी कारण अजय कहते हैं कि 35 हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट होने के बाद भी पत्थरों का जवाब नहीं दिया जा रहा. मतलब मुद्दा एक ही है, मगर समय के फर्क के कारण नैरेटिव बदल गया. जहां तक 'चौहान' की बात है, इसे 'ऐन एक्शन हीरो' और 'तेरे इश्क में' का स्क्रीनप्ले लिखने वाले नीरज यादव ने लिखा और डायरेक्ट किया है. जियो स्टूडियोज़ और आनंद एल राय इसके प्रोड्यूसर हैं. फिल्म 01 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
वीडियो: अजय देवगन और रणबीर कपूर 15 साल बाद एक्शन थ्रिलर फिल्म के लिए साथ आएंगे!















