Shahrukh Khan को लेकर Ahmed Khan Sabra नाम की फिल्म बनाने वाले थे? Alia Bhatt की Alpha Monday Test में पास हुई या फेल? Dharma Productions ने Ramayana के Distribution Rights किस किस कीमत पर ख़रीदे? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
स्क्रिप्ट तैयार थी, रहमान गाने बनाने लगे थे, फिर क्यों नहीं बनी शाहरुख के डबल रोल वाली ये फिल्म?
डायरेक्टर बोले- "बहुत इंतज़ार किया, मगर मैं और सब्र नहीं रख सकता था."


# बन ही नहीं सकी शाहरुख खान के डबल रोल वाली 'सब्र'
डायरेक्टर अहमद खान ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने शाहरुख को ध्यान में रखते हुए एक फिल्म लिखी थी. टाइटल था 'सब्र'. मगर ये फिल्म नहीं बन सकी. इस बारे में न्यूज़ 18 से चर्चा में अहमद खान ने कहा,
"ये दादा-पोते की इमोशनल स्टोरी थी. और इसमें शाहरुख का डबल रोल था. बातचीत हो गई थी. शाहरुख को ये कॉन्सेप्ट बहुत पसंद आया. AR रहमान फिल्म का म्यूज़िक कम्पोज़ करना शुरू कर चुके थे. मगर फराह खान की मैं हूं ना मेरी फिल्म से पहले लाइंडअप थी. ये फिल्म आगे बढ़ती गई, और मेरी फिल्म टलती गई. मैं और सब्र नहीं रख सकता था. इसलिए मैंने सब्र छोड़ी और लकीर बनाने में जुट गया."
# 'दी रेकनर' में GoT के पीटर डिंकलेज की एंट्री
'गेम ऑफ थ्रोन्स' में टिरियन लैनिस्टर के किरदार को यादगार बनाने वाले एक्टर पीटर डिंकलेज जल्द ही एक एक्शन फिल्म में नज़र आने वाले हैं. टाइटल है 'दी रेकनर'. 'जॉन विक' के राइटर डेरेक कोलस्टैड ने इसकी स्क्रिप्ट लिखी है. इसे 'दी फ्यूरियस' फेम केंजी तानीगाकी डायरेक्ट कर रहे हैं.
# मंडे टेस्ट में मुंह के बल गिर गई आलिया की 'ऐल्फ़ा'
आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर 'ऐल्फ़ा' ने वीकेंड तक तो अच्छी परफॉर्मेंस दी. मगर हफ्ता शुरू होते ही ये फिल्म औंधे मुंह गिर पड़ी. ओपनिंग वीकेंड पर इसने दुनियाभर से 58.80 करोड़ रुपये कमाए. सिर्फ इंडियन कलेक्शन देखें, तो फिल्म ने 40.80 करोड़ रुपये का ग्रॉस डोमेस्टिक कलेक्शन किया. रविवार को इसने अपनी डे-वाइज़ कमाई का पीक टच करते हुए 13.25 करोड़ रुपये छापे. मगर सोमवार को 'ऐल्फ़ा' डबल डिजिट नहीं छू सकी. इसकी कमाई में 70 फीसदी की गिरावट देखी गई है. सैकनिल्क के मुताबिक सोमवार 6 जुलाई को 'ऐल्फ़ा' 3.85 करोड़ के नेट कलेक्शन पर ही सिमट गई. मंडे को ओवरसीज़ मार्केट से फिल्म ने 1.40 करोड़ रुपये बटोरे. दोनों आंकडों को जोड़ें, तब भी 'ऐल्फ़ा' डबल डिजिट से काफ़ी दूर रह गई.
# 'रामायण' की डील लॉक, 250 करोड़ में बिके राइट्स
फाइनली, 'रामायण' के थिएट्रिकल डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स की डील हो गई है. करण जौहर की कम्पनी धर्मा प्रोडक्शंस ने ये सौदा हथिया लिया है. 'रामायण' के थिएट्रिकल राइट्स के लिए धर्मा, AA फिल्म्स और PEN स्टूडियोज़ में होड़ लगी हुई थी. मगर वैरायटी इंडिया के मुताबिक ये बाज़ी धर्मा मार ले गई. मई में वैरायटी इंडिया ने रिपोर्ट किया था कि 'रामायण' वालों ने अपनी फिल्म के सिर्फ हिंदी वर्जन के थिएट्रिकल राइट्स के लिए 450 करोड़ रुपये का प्राइस कोट किया था. मगर जो डील हुई है उसकी कीमत 250 करोड़ रुपये बताई जा रही है. और वो भी सिर्फ हिंदी नहीं, इंडिया राइट्स के लिए. लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक इस डील के नेगोसिएशंस 500 करोड़ रुपये से शुरू हुए थे. मगर 'रामायण' वालों को आधी कीमत यानी 250 करोड़ पर समझौता करना पड़ा. अब भारतीय सिनेमा के इतिहास की अब तक की सबसे महंगी फिल्म को करण जौहर की कंपनी ऑल इंडिया डिस्ट्रिब्यट करेगी.
# 8 जुलाई को आएगा 'दादा' से राजकुमार का फर्स्ट लुक
सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा' की 70 फीसदी शूटिंग हो चुकी है. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक कल 8 जुलाई को मेकर्स राजकुमार राव का फर्स्ट लुक रिवील करेंगे. 8 जुलाई को सौरव गांगुली का बर्थडे है. और ये दिन फिल्म का पहला एसेट रिलीज़ करने के लिए मुफ़ीद है. हालांकि मेकर्स ने कोई घोषणा नहीं की है. विक्रमादित्य मोटवाने के डायरेक्शन में बन रही ये फिल्म दिसंबर में रिलीज़ हो सकती है.
# Jr NTR-त्रिविक्रम की फिल्म पर विवाद बढ़ा, शेल्व हो जाएगी!
Jr NTR और डायरेक्टर त्रिविक्रम की भगवान कार्तिकेय वाली फिल्म की शूटिंग भी शुरू नहीं हो पाई है. और इसे बैन करने की मांग उठने लगी है. सिनेमा एक्सप्रेस के मुताबिक तमिल पॉलिटीशियन सीमन ने इसे बैन कराने की बात कही है. पूरा विवाद शुरू हुआ है प्रोड्यूसर नाग वामसी की सोशल मीडिया पोस्ट से. इसमें उन्हें लिखा है कि कार्तिकेय का जन्म नॉर्थ इंडिया में हुआ था. बस इसी बात से तमिलियंस फिल्म का विरोध कर रहे हैं. वहां कार्तिकेय को मुरुगन के रूप में पूजा जाता है. इस सबके बाद सीमन ने गवर्नमेंट से अपील की है, कि यदि मेकर्स फिल्म में ये तथ्य नहीं बदलते हैं, तो ये फिल्म रिलीज़ न होने दी जाए. अब तक इस बारे में मेकर्स की तरफ़ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
वीडियो: 'मैं हूं ना 2' में नज़र आएंगे शाहरुख़ खान, क्या-क्या प्लान किया है फराह खान ने?
















