आज Shah Rukh Khan, X पर अपना रूटीन #AskSRK सेशन कर रहे हैं. इसमें वो अपने फैंस के सवालों का जवाब देते हैं. इस दौरान उन्होंने King पर कई अपडेट्स दी हैं. यही नहीं, उन्होंने फिल्म के ट्रेलर, Siddharth Anand और Arijit Singh पर भी बात की है.
#AskSRK में शाहरुख ने खुद ही 'किंग' की पूरी अपडेट दे दी!
शाहरुख ने कहा कि वो अरिजीत सिंह की वजह से 'किंग' का गाना रिलीज़ नहीं कर पाए हैं.

शाहरुख ने गणेश चतुर्थी के मौके पर AskSRK सेशन रखा है. इत्तेफाक से 'किंग' आज से ठीक 100 दिन बाद यानी 24 दिसंबर को रिलीज़ होगी. ऐसे में X पर एक यूजर ने उनसे 'किंग' पर कोई अपडेट देने को कहा. उसने शाहरुख से रिक्वेस्ट की कि वो फिल्म का ट्रेलर दिखाने में इतना तरसाएं नहीं. ये पढ़ शाहरुख लिखते हैं,
"अब पिक्चर ही देखो न. तरसा नहीं रहा कोई. अच्छी वाली बना रहा हूं कि दिल को तसल्ली मिले. सब आएगा 24 दिसंबर से पहले."

दूसरे यूजर ने पूछा कि क्या वो 'किंग' में रेड चिलीज़ के VFX वर्क से संतुष्ट हैं. इस पर शाहरुख लिखते हैं,
"रेड चिलीज़ VFX को बहुत परेशान कर रहा हूं. मैं बेस्ट डिलीवर करने के लिए हैरी और कीटन के सर पर बैठा हूं. मुझे लगता है कि वो जल्द ही मेरे लेट नाइट ऑफिस आने पर बैन लगा देंगे."

तीसरे यूजर ने पूछा कि फिल्म के टीज़र-पोस्टर की देरी के लिए वो जिम्मेदार हैं या सिद्धार्थ आनंद. इस पर शाहरुख जवाब देते हैं,
"सिड तो बेचारा लगा हुआ है. लेट भाई (शाहरुख) हैं. अपना बेस्ट देने की कोशिश में, ताकि आप किंग को इंजॉय कर उस पर गर्व कर सकें, हमें थोड़ी देरी हो रही है."

चौथे यूजर ने उनको 'किंग' से अपना फेवरेट डायलॉग सुनाने कहा. ऐसे में शाहरुख बताते हैं कि उन्हें फिल्म के कई डायलॉग पसंद हैं. इसलिए वो उन्हें अगले प्रोमो में इस्तेमाल करने की सोच रहे.
पांचवें यूजर ने शाहरुख के सामने रिक्वेस्ट रखी कि वो 'किंग' का एक गाना रिलीज़ कर दें. इस पर वो कहते हैं,
"कर देता. अभी अरिजीत (सिंह) दादा को फिनिशिंग टच देने हैं. वो परफेक्शनिस्ट हैं. इसलिए उन्हें सही तरीके से काम पूरा करने में समय लगता है."

छठे यूजर ने पूछा कि 'किंग' के बाद शाहरुख की कौनसी फिल्म आएगी? इस पर वो कहते हैं,
"पता नहीं. अभी तो किंग अकेला काफी है."

सातवें ने पूछा कि क्या 'किंग' में 'जवान' से भी बड़ा एक्शन होने वाला है. इस पर शाहरुख रिप्लाई करते हैं,
"हां, एक्शन काफी बड़ा है और सिड (सिद्धार्थ आनंद) ने उस पर खूब मेहनत की है. मगर मैं उम्मीद करता हूं कि फिल्म के इमोशन्स और कॉमेडी भी आप सबको अपील करे."

आठवें यूजर ने पूछा कि 'किंग' के सेट पर 'एक्शन' शाहरुख खुद बोलते हैं या डायरेक्टर. ये पढ़ते ही वो लिखते हैं,
"मैं तो नॉर्मली वायर से लटक रहा होता हूं हार्नेस पर. सिर्फ डायरेक्टर ही बोलता है. हमारी तो बोलती बंद रहती है. सिद्धार्थ वैसे भी काफी जोर से चिल्लाता है ताकि कोई हमें सुन ही न सके."

एक यूजर ने शाहरुख से कहा कि उन्हें इस तरह का AskSRK सेशन रेगुलरली करना चाहिए. इस पर उन्होंने जवाब दिया कि वो ऐसा करना तो चाहते हैं. मगर इसके चक्कर में उनकी फिल्म और लेट हो जाएगी. एक अन्य शख्स ने उनसे पूछा कि वो 'किंग' में लोगों को उनका कौनसा पक्ष डिस्कवर करते देखना चाहते हैं. इस पर शाहरुख ने कहा कि वो चाहते हैं कि सब ये देख सकें कि लोगों को एंटरटेन करने में कितना एफ़र्ट लगता है. इस दौरान अगर सब उनके काम से खुश होते हैं और वो सबसे ज्यादा खुशी उन्हें ही होती है.
वीडियो: शाहरुख खान स्टारर 'किंग' के क्लाइमैक्स-गाने हुए लीक, तो सिद्धार्थ आनंद ने कर दी ये अपील









