Sunny Deol और Rajkumar Santoshi की Batwara 1947, 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. फिल्म में Abhimanyu Singh ने काफी अहम किरदार निभाया है. इसमें वो सनी से लड़ते दिखाई देते हैं. कल ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उन्होंने अपनी कास्टिंग की कहानी सुनाई थी. इस दौरान उन्होंने ये कह दिया कि सनी से मार खाकर Shah Rukh Khan भी स्टार बन गए थे. उनका ये बयान इंटरनेट पर वायरल हो रहा है.
"सनी देओल से मार खाकर शाहरुख खान स्टार बन गए"
अभिमन्यु सिंह ने कहा कि 'बंटवारा 1947' में वो भी सनी से मार खाने वाले हैं. शायद इससे उनकी किस्मत खुल जाए.

अभिमन्यु सिंह ने 'गुलाल' और 'रक्त चरित्र' जैसी कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है. 'बंटवारा 1947' में भी वो सनी देओल को टक्कर दे रहे. इसमें उन्होंने लाहौर के एक ऐसे मुस्लिम शख्स का किरदार निभाया है, जो दंगे की आड़ में हिंदुओं की जान लेना चाहता है. वो फिल्म से कैसे जुड़े, ट्रेलर लॉन्च इवेंट में उन्होंने इसकी कहानी सुनाई है. अभिमन्यु कहते हैं,
"मैं स्विट्जरलैंड में अपनी वाइफ और बच्चों के साथ छुट्टियां मना रहा था. अचानक राज सर ने मुझे वहां फोन किया. उन्होंने मुझसे कहा कि भारत आ जाओ, तुम्हारे लिए एक रोल है. फिल्म में सनी पाजी तुम्हें बहुत बुरा मारने वाले हैं. मैंने कहा- ‘ठीक है. शाहरुख खान, सनी पाजी से मार खाकर स्टार बन गए. तो शायद मेरी किस्मत भी जाग जाए'. तो मैं अब सनी पाजी से मार खाने वाला हूं."
अभिमन्यु ने यहां शाहरुख के सनी देओल से मार खाने की जो बात कही है, वो कोई असल जिंदगी का किस्सा नहीं. यहां उन्होंने 1993 में रिलीज़ हुई 'डर' फिल्म का रेफरेंस दिया है. यश चोपड़ा के डायरेक्शन में बनी उस मूवी में सनी ने इंडियन नेवी के मरीन कमांडो का रोल किया था. वहीं जूही चावला उनकी पत्नी किरण के किरदार में थीं. शाहरुख फिल्म में राहुल नाम के एक स्टॉकर बने थे. किरण से एकतरफ़ा प्यार में उनका कैरेक्टर सनी और जूही का जीना मुहाल कर देता है. मगर एक बार हाथ लगने पर सनी उन्हें पीट-पीटकर अधमरा कर देते हैं. इस बीच शाहरुख उन्हें चाकू भी मारते हैं. इसलिए कहानी के अंत में सनी को गोली मार कर उनसे पीछा छुड़ाना पड़ता है.
'डर' में शाहरुख का ये नेगेटिव अवतार लोगों ने काफी पसंद किया था. करियर के शुरुआती दौर में ही इस तरह का डार्क कैरेक्टर करने से उन्हें काफी पुश मिला. हालांकि उनकी इस इमेज को बनाने में 'बाज़ीगर' और 'अंजाम' जैसी फिल्मों का भी उतना ही योगदान था. इन फिल्मों के कारण वो काफी जल्दी स्टार बन गए. कहा जाता है कि शाहरुख ने 'डर' में सनी को भी ओवरशैडो कर दिया था. खुद सनी ने भी इस बात को एक्सेप्ट किया है. उन्हें इस बात से नाराज़गी थी कि शाहरुख का किरदार बड़ी आसानी से उन्हें सामने से चाकू मार गया. जबकि कोई भी कमांडो कभी ऐसा होने नहीं देगा.
सनी का ये भी कहना था कि मेकर्स ने फिल्म में विलन को ग्लोरीफाई किया है. इस बात पर उन्होंने तब यश चोपड़ा से भी बहस कर ली थी. उन्होंने ये कसम खा ली कि वो यश के साथ कभी काम नहीं करेंगे. इतना ही नहीं, उन्होंने अगले 16 सालों तक शाहरुख से बात तक नहीं की. सुभाष घई ने एक इवेंट में दोनों के बीच सुलह करवाने की कोशिश की थी, मगर उससे भी दाल कुछ खास गली नहीं. लेकिन 2023 में ‘गदर 2’ की सक्सेस के बाद जब शाहरुख ने सनी को कॉल किया, तो उन्होंने अपने सभी गिले-शिकवे भुला दिए. इतना ही नहीं, सनी ने भविष्य में शाहरुख के साथ दोबारा काम करने की इच्छा भी जताई है.
वीडियो: सनी देओल की 'बंटवारा 1947' के टीजर में प्रीति जिंटा की वापसी, अभिमन्यु ने ध्यान खींचा











