Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana का म्यूजिक ऑस्कर विनिंग म्यूजिक कम्पोजर्स Hans Zimmer और AR Rahman ने तैयार किया है. इसलिए इसके ऑडियो राइट्स खरीदने के लिए म्यूजिक लेबल्स की लाइन लग गई थी. Namit Malhotra ने पहले पार्ट के गानों के लिए 100 करोड़ रुपए मांगे थे. ऐसा लगा कि इस डील से 'रामायण: पार्ट 1' देश के सबसे महंगे म्यूजिक राइट्स बेचने का रिकॉर्ड बना देगी. पर ऐसा हुआ नहीं. खबर है कि T-Series इन गानों के अधिकार 75 करोड़ में खरीद लिए और वो भी दोनों पार्ट्स के लिए.
'रामायण' के म्यूजिक राइट्स वाकई एक-तिहाई दाम पर बिके या कहानी में कोई ट्विस्ट है?
क्या टी-सीरीज ने वाकई 'रामायण' के दोनों पार्ट्स के म्यूजिक राइट्स 75 करोड़ में खरीदे हैं?

कल पिंकविला ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि मेकर्स 'रामायण: पार्ट 1' के म्यूजिक राइट्स 100 करोड़ रुपए में बेचना चाहते हैं. भारत में आज तक किसी भी फिल्म को गानों के लिए इतने पैसे नहीं मिले. इस डील में टी-सीरीज़, सोनी म्यूजिक, सारेगामा और यूनिवर्सल समेत कई देशी-विदेशी कंपनियों ने रुचि दिखाई. मगर वो 100 करोड़ देने को तैयार नहीं हुए थे. सोनी ने मेकर्स को 70 करोड़ रुपए का ऑफर दिया था और टी-सीरीज़ ने 60 करोड़ का. म्यूजिक राइट्स की असल लड़ाई इन्हीं दोनों कंपनियों के बीच थी.
मगर देर शाम पिंकविला ने अपनी दूसरी रिपोर्ट में बताया कि फिल्म के म्यूजिक राइट्स बिक चुके हैं. वो भी केवल एक नहीं बल्कि दोनों पार्ट्स के लिए. मालूम चला कि ये अधिकार टी-सीरीज़ के पास गए हैं. यही नहीं, उन्होंने मेकर्स को इन गानों के लिए 75 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया है. इस हिसाब से देखा जाए तो हर मूवी के हिस्से लगभग 37.5 करोड़ रुपए जाते हैं. नमित ने पहले पार्ट के लिए 100 करोड़ रुपए मांगे थे. उसके हिसाब से ये काफी छोटी रकम है. खासकर ये देखते हुए कि शाहरुख खान स्टारर 'किंग' के ऑडियो राइट्स 45 करोड़ में बिके थे. 'पुष्पा 2' के 55 करोड़ और 'धुरंधर 2' के 58 करोड़ में. फिलहाल सबसे महंगी म्यूजिक डील का रिकॉर्ड 'धुरंधर 2' के नाम पर ही है. 'रामायण' के पास बहुत अच्छा मौका था इसे पछाड़ने का, मगर रिपोर्ट्स की मानें तो मेकर्स ऐसा करने से चूक गए हैं.
मगर इस कहानी में एक ट्विस्ट भी है. दरअसल, टी-सीरीज़ ने मेकर्स को जो 75 करोड़ रुपए दिए हैं, वो रिफंडेबल हैं. दूसरे शब्दों में कहें तो ये सिक्योरिटी मनी है. वो इसलिए ताकि किसी वजह से अगर ये फिल्म बन न पाए, लीगल कारणों से म्यूजिक राइट्स ट्रांसफर न हों, तो मेकर्स म्यूजिक लेबल को ये पैसे लौटा देंगे. कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि दोनों पार्ट्स की फाइनल डील 75 करोड़ में ही लॉक की गई है. इतनी बड़ी फिल्म का लिहाज़ से ये काफी साधारण आंकड़ा है. ऐसे में इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता कि टी-सीरीज़ ने 75 करोड़ रुपए अभी केवल सिक्योरिटी के लिए दिए हों. वहीं बाकी पैसों का भुगतान वो फिल्म रिलीज़ होने के बाद करें. हालांकि फाइनल डील कितने में हुई है, इस बारे में कोई अपडेट सामने नहीं आई है.
वीडियो: 'रामायण' का ट्रेलर लीक, क्या फिल्म की हाइप को होगा नुकसान?









