बंद हो जाएंगी बाबाओं की दुकानें. सत्यनरायन की कथा बांचने वाले पंडिज्जी तक कोई और धंधा खोज लेंगे. लल्लन आपके लिए वो स्कीम लाया है, जिनके जरिए हर जुल्मी कलंदर, पापी से पापी इंसान सिर उठाकर स्वर्ग के दरवाजे पर खड़ा होगा. यमराज उससे पूछेंगे कि "आपको अंदर कितने BHK का फ्लैट दूं?" वहां स्वर्ग के फ्लैट में लैटरिंग सोने की बनी होगी और शावर की जगह डायरेक्ट झरना लगा होगा. हम ये तकरीर फिर कभी कर लेंगे. फिलहाल तो काम की बात बताते हैं. कि क्या करने वाले सीधे स्वर्ग जाएंगे. उस टाइम स्कीम रही तो सदेह भी जा सकते हैं.
1. टोरेंट पर फिल्म अपलोड करने वाले
कित्ता रिक्स रहिता है इस काम में. अभी कुछ दिन पहले किक ऐस वाला अरेस्ट हो गया था न. पुलिस ने ऐस पर किक करके अंदर कर दिया लेकिन क्या हुआ? टोरेंट का धंधा खतम नहीं हुआ. न कभी होगा. जब तक इस दुनिया में दाता धर्मी, पाइरेसी प्रेमी लोगों का भला करने वाले जीवित हैं, टोरेंट जिंदा है और रहेगा. अजर अमर. और ये लिख के रख लो इन पर पिच्चर चढ़ाने वालों को स्वर्ग में 7 स्टार ट्रीटमेंट मिलेगा.
2. बीच लाइन में अपनी पहचान वालों को खोंसने वाले
कभी सिलेंडर लेने के लिए लाइन लगाए हो. उसमें तीन सिलेंडर लेकर बीच में लगा लौंडा हर मंडे आता है. उसकी वजह से सारी लाइन की माका नाका हो जाती है. क्योंकि उसका नाम जानने वाला कोई भी शख्स आकर उसके साथ घुस जाता है. पीछे वाले गरियाते रह जाते हैं. लेकिन वो अपने जानने वाले एक इंसान का भला कर गुजरता है. इसका हिसाब यहां नहीं होगा. चित्रगुप्त के खाते में होगा. जब उसे स्वर्ग में सबसे कर्री कोठरी दी जाएगी.
3. कॉल को काटकर अपनी तरफ से मिलाने वाले
इनका नाम ही लेने में आंखें श्रद्धा से भर आती हैं. आज के इस महंगाई के दौर में, जब 50 रुपए के लिए भाई सगे भाई का कतल कर देता है. ऐसे लोग भी हैं जो फोन की पूरी रिंग बजने से पहले फोन काटकर खुद अपनी तरफ से मिलाते हैं. फिर घंटों-घंटों बतियाते हैं. गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड के केस में थोड़ा कम समर्पण जोड़ा जाएगा, लेकिन जो अपने रिश्तेदारों के साथ ऐसा करते हैं. उनको तो यमराज खुद आएंगे अपने काले भैंसे पर चढ़कर सरग ले जाने के लिए.
4. कस्टमर केयर की लड़कियां
इन लड़कियों के अंदर असीम सहनशक्ति होती है. माने किसके अंदर इतनी क्षमता होगी कि ठरकी लड़कों की बोगस बकवास सड़ेली बातों पर यस सर, यस सर कहती रहें. उनको फोन लाइन पर इंगेज करके रखना कि वो गली में चलती लड़कियों का चलना दूभर न कर सकें. ये बहुत बड़ा पुण्य का काम है.
5. अस्पताल के पर्चे बनवाने वाले मेडिकल स्टोर्स के मालिक
इनके साथ प्लस पॉइंट ये होता है कि इनकी दवाई की दुकान अस्पताल के सामने होती है. और इनके यहां का लड़का सवेरे फिरी रहिता है. वो तमाम लोगों के नाम और उम्र लिखकर अस्पताल चला जाता है. और सबके पर्चे बनवा लाता है. शर्त बस इतनी होती है कि वो दवाएं उसी दुकान से लेंगे.
6. रिचार्ज वाले भैया
गलत समझ रहे हो. इनकी कोई दुकान नहीं होती. बस फेसबुक पर एकाउंट होता है. उससे कोई लड़की इनकी फ्रेंडलिस्ट में आ जाती है. फिर बतकही शुरू होती है. फिर ये अपने अरमान खोल देते हैं. "अच्छी बातें कर ली बहुत. अब करूंगा तेरे साथ. गंदी गंदी गंदी बात." वो गूगल से इंडियन पॉर्न वाली फोटो डाउनलोड करके भैया को भेजने लगती है. ये उसका मोबाइल रिचार्ज कराने लगते हैं. बिना किसी जान पहचान के किसी के लिए इतना समर्पण हो, और उसको स्वर्ग के दरवाजे पर यमराज वेट कराएं. तब तो यमराज को खुद्दै नरक चले जाना चाहिए.