Salman Khan की पिछली कुछ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं किया. Tiger 3 ने 285.82 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया लेकिन ये सलमान के लेवल वाली हिट फिल्म नहीं साबित हुई. उससे पहले आई ‘किसी का भाई किसी की जान’ की टिकट खिड़की पर हालत खराब रही थी. इस बीच सलमान सोच-समझकर आने वाले प्रोजेक्ट्स चुन रहे हैं. बीती 12 मार्च की सुबह सलमान ने ए आर मुरुगदास के साथ अपनी अगली फिल्म अनाउंस की है. अब खबर आई है कि उन्होंने अपनी स्क्रीन प्रेज़ेंस को लेकर बड़ा फैसला लिया है. सलमान ने तय किया है कि वो अब से खुद को कैमियो आदि में खर्च नहीं करने वाले. उन्होंने पिछले साल आई ‘पठान’ में कैमियो किया था.
सलमान खान का बड़ा फैसला! नहीं करेंगे ‘पठान 2’ और ‘वॉर 2’ में कैमियो
YRF Spy Universe की पांच में से चार फिल्मों में Salman Khan का किरदार टाइगर नज़र आया था. आदित्य चोपड़ा और सलमान उस किरदार को लगातार घिसना नहीं चाहते.

बॉलीवुड हंगामा की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक सलमान और आदित्य चोपड़ा ने ठाना है कि वो टाइगर से कैमियो नहीं करवाएंगे. YRF के स्पाय यूनिवर्स की शुरुआत ‘एक था टाइगर’ से ही हुई थी. मीडिया रिपोर्ट में सोर्स के हवाले से बताया गया:
स्पाय यूनिवर्स में अब तक बनी पांच फिल्मों में से चार में टाइगर नज़र आया है. YRF की टीम को लगता है कि बहुत ज़्यादा टाइगर हो चुका है और अब टाइगर को उस यूनिवर्स में किसी अहम मौके पर ही आना चाहिए. फिल्मों में रैंडम कैमियो करने से टाइगर के किरदार की पावर फीकी पड़ने लगेगी. उन्होंने (आदित्य चोपड़ा) ने टाइगर को लेकर जो बड़े प्लान बनाए हैं, उनके बारे में सलमान से बातचीत की है और सलमान भी मान गए हैं.
रिपोर्ट में आगे लिखा था कि सलमान ‘वॉर 2’ और ‘पठान 2’ में कैमियो नहीं करने वाले. सलमान खुद भी कैमियो करने में इच्छुक नहीं हैं. रिपोर्ट में छपा:
सलमान कैमियो कर के थक चुके हैं. अब वो कुछ दमदार और ज़रूरी काम करना चाहते हैं. आदी नहीं चाहते कि यूनिवर्स में होने वाले कैमियो मज़ाक बनकर रह जाएं. इसलिए वो आगे की टाइमलाइन में अहम किरदारों के एक-दूसरे की कहानी में आने वाले पार्ट को लेकर खास ध्यान रखेंगे. टाइगर की वापसी एकदम अनोखे ढंग से होने वाली है.
ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की ‘वॉर 2’ और शाहरुख की ‘पठान 2’ स्पाय यूनिवर्स की दो मेजर फिल्में हैं. आदित्य चोपड़ा चाहते हैं कि इन फिल्मों का वज़न कैमियोज़ से हल्का ना किया जाए. साल 2024 में ‘टाइगर वर्सेज़ पठान’ भी शुरू होने वाली थी. लेकिन उसे आगे खिसका दिया गया है. अब 2024 के आखिरी महीनों में ‘पठान 2’ को शुरू करने का प्लान है. बताया जा रहा है कि फिल्म में होने वाली घटनाओं से ‘टाइगर वर्सेज़ पठान’ की नींव पड़ेगी.
बाकी सलमान की बात करें तो उनके अगले कुछ साल भयंकर टाइप बिज़ी रहने वाले हैं. मुरुगदास की फिल्म के अलावा वो धर्मा प्रोडक्शंस की ‘द बुल’ पर भी काम कर रहे हैं. ऐसे में वो अपनी स्क्रीन प्रेज़ेंस को सीमित करना चाहते हैं. मुमकिन है कि इसके पीछे ये आइडिया होगा कि सलमान सिर्फ लीड रोल में ही दिखेंगे. कैमियो कर के वो अपनी स्टार वैल्यू को धक्का नहीं पहुंचाना चाहते. बता दें कि ये पहला मौका नहीं जब सलमान ने ऐसा फैसला लिया हो. इससे पहले भी एक पॉइंट पर उन्होंने कुछ टाइम के लिए कैमियोज़ पर ब्रेक लगा दिया था.
वीडियो: सलमान खान नहीं, सूरज बड़जात्या की 'प्रेम की शादी' में नजर आएगें शाहिद कपूर













