Salman Khan ने ढाई दशक पहले हुए एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने केवल एक इंसान को थप्पड़ मारा है. वो शख्स हैं वेटरन फिल्ममेकर Subhash Ghai. आज भले ही इन दोनों लोगों के संबंध बेहतर हों. मगर एक पार्टी ऐसी भी थी, जहां दोनों ने सारी हदें पार कर दी थीं. ऐसे में वो Salim Khan ही थे, जिन्होंने दोनों की सुलह करवाई.
जब सुभाष घई ने सलमान के जूतों पर पेशाब किया, सलमान ने भरी पार्टी में थप्पड़ मार दिया
सुभाष घई ने सलमान के मुंह पर प्लेट तोड़ दिया था. सलीम खान के कहने पर सलमान को माफी मांगनी पड़ी.
.jpg.webp?width=360)

सलमान साल 2002 के आसपास एक बड़े विवाद में फंसे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक उन पर ये आरोप था कि उन्होंने अपनी तत्कालीन गर्लफ्रेंड ऐश्वर्या राय के साथ मारपीट की थी. उसी साल लहरें अखबार के साथ हुए एक इंटरव्यू में उनसे इन आरोपों पर सवाल किया गया था. इस पर सलमान कहते हैं,
"मैंने ऐश्वर्या को कभी नहीं मारा था. मुझे कोई भी पीट सकता है. यहां सेट पर मौजूद कोई भी फाइटर मुझे मार सकता है. इसलिए लोग मुझसे डरते नहीं हैं. मैं इमोशनल हो जाता हूं. उस समय मैं किसी और को नहीं, खुद को नुकसान पहुंचाता हूं. मैंने कई बार गुस्से में दीवार पर सिर मारा है और खुद को चोट पहुंचाई है. मैं किसी और को चोट नहीं पहुंचा सकता. मैंने सिर्फ एक बार सुभाष घई को मारा था. लेकिन अगले ही दिन मैंने उनसे माफ़ी भी मांग ली थी."
इसी बातचीत में उन्होंने सुभाष घई पर हाथ उठाने की वजह बताई थी. उनके मुताबिक,
“कभी-कभी इंसान अपना कंट्रोल खो देता है. सुभाष घई ने मुझ पर चम्मच से हमला किया था. मेरे चेहरे पर प्लेट तक तोड़ने की कोशिश की थी. उन्होंने मेरे जूतों पर पेशाब कर दिया था और मेरा गला भी पकड़ लिया. उस समय मैं खुद को संभाल नहीं पाया. फिर जो हुआ, वह सबके सामने है. अगले दिन मुझे जाकर माफी मांगनी पड़ी थी.”
इस लड़ाई का दूसरा पहलू सुभाष घई बताते हैं. एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा,
"वो मेरे लिए बहुत शर्मिंदगी वाली रात थी. मैं घर लौटा तो बहुत उदास था. अगली सुबह सलीम साहब का फोन आया. उन्होंने मुझसे माफी मांगी और एक घंटे के अंदर सलमान को मेरे घर भेज दिया. सलमान मेरे सामने किसी गिल्टी बच्चे की तरह खड़े थे. मैंने मुस्कुराकर पूछा- 'कल रात तुम्हें क्या हो गया था?' उन्होंने कहा- ‘मैं यहां इसलिए आया हूं क्योंकि पापा ने कहा है’. मैंने पूछा- 'तो क्या तुम्हें सच में अफसोस नहीं है?' उन्होंने जवाब दिया- ‘बिल्कुल है’. बस, इसी तरह हमारे बीच सारी गलतफ़हमी दूर हो गई."
इस घटना के कुछ सालों बाद सलमान ने सुभाष घई के डायरेक्शन में बनी 'युवराज' में काम किया था. मगर वो फिल्म बुरी तरह फ्लॉप रही. अब दोनों के बीच खूब जमती है. समय-समय पर बॉलीवुड पार्टीज़ और दूसरे इवेंट्स से उनकी तस्वीरें बाहर आती रहती हैं. जहां तक सलीम खान की बात है, उन्हें पिछले दिनों एक माइनर ब्रेन हैमरेज हुआ है. परिवार ने उन्हें मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है. फ़िलहाल वो ICU में हैं. मगर स्टेबल कंडीशन में. रिपोर्ट्स हैं कि डॉक्टर्स ने उनकी कोई सर्जरी नहीं की है.
वीडियो: सलीम खान ने बताया क्यों उनके परिवार ने कभी बीफ को नहीं छुआ, Hindu Culture पर क्या बोले?






















