Salman Khan ने Kiran Rao की फिल्म Laapataa Ladies देखी. फिर उसका रिव्यू भी कर डाला. बोले उन्हें और उनके पिता Salim Khan को पिक्चर बड़ी पसंद आई. इस ट्वीट में सलमान ने किरण राव के साथ काम करने की इच्छा भी जताई. मगर किरण की तारीफ करने के चक्कर में उनसे गलती से मिस्टेक हो गई. सलमान खान की इस गलती को फैन्स ने तुरंत पकड़ लिया. उन्हें गलती का एहसास कराने के लिए पुरानी तस्वीरें और मेमरीज़ शेयर करने लगे.
सलमान खान ने किरण राव को 'लापता लेडीज़' के लिए बधाई देने के लिए ट्वीट किया और ये बड़ी गलती कर बैठे
Salman Khan की ये गलती लोगों ने फट से पकड़ ली. पब्लिक बोली, जिस फिल्म की पार्टी अटेंड करने गए थे, उसका नाम ही भूल गए.
.webp?width=360)
हुआ ये कि सलमान खान ने 13 मार्च की शाम एक ट्वीट किया. इसमें उन्होंने 'लापता लेडीज' के लिए किरण राव को बधाई दी. इस ट्वीट में सलमान ने लिखा-
“किरण राव की 'लापता लेडीज' देखी. वाह वाह किरण. मैंने और मेरे पापा ने फिल्म को खूब एन्जॉय किया. डायरेक्टर के तौर पर करियर शुरू करने के लिए खूब बधाई. शानदार काम किया. कब काम करोगी मेरे साथ?”
इस ट्वीट में सलमान ने ‘लापता लेडीज़’ को किरण का डायरेक्टोरियल डेब्यू बताया. जो कि गलत जानकारी है. किरण राव ने बतौर डायरेक्टर अपना करियर 'धोबी घाट' से शुरू किया था. जो साल 2011 में रिलीज हुई थी. कमेंट बॉक्स में कुछ लोगों ने ये बात सलमान को बताई. साथ ही उन्हें ये भी याद दिलाया गया कि किरण की पहली फिल्म से जुड़े एक इवेंट में वो शामिल भी हुए थे.
सिनेमारेयर नाम के एक सिनेमा पोर्टल ने सलमान, आमिर और ज़रीन खान की एक फोटो शेयर की. इसमें उन्होंने बताया कि 2010 में आमिर खान ने आर्जेंटिना के म्यूज़िशियन गुस्तावो सैंटाओलाला (Gustavo Santaolalla) के लिए एक पार्टी रखी थी. क्योंकि गुस्तावो ‘धोबी घाट’ का म्यूज़िक कंपोज़ कर रहे थे. जो कि किरण राव की पहली फिल्म थी. इस पार्टी में सलमान अपनी फिल्म 'वीर' की हीरोइन ज़रीन खान के साथ पहुंच गए थे. जिन्हें देखकर सबलोग चौंक गए थे. इस ट्वीट के माध्यम ये कहने की कोशिश की जा रही थी कि सलमान जिस फिल्म के इवेंट में शामिल हुए, वो फिल्म याद ही नहीं रही. जिसकी वजह से उन्होंने ‘लापता लेडीज़’ को किरण राव की पहली फिल्म बता दी.
ख़ैर, इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक 'लापता लेडीज' ने 13 दिनों में 9.79 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. फिल्म में स्पर्श श्रीवास्तव, प्रतिभा रांटा, नितांशी गोयल, दाऊद हुसैन, दुर्गेश कुमार, सतेंद्र सोनी, छाया कदम और रवि किशन जैसे एक्टर्स ने काम किया है. फिल्म की कहानी एक ठसाठस भरी ट्रेन में घटती है. जहां दो लोगों की नई-नवेली दुल्हनों की अदला-बदली हो जाती है. ऐसा उनके लंबे घूंघट की वजह से होता है. पिछले दिनों किरण इस फिल्म के प्रमोशन के लिए लल्लटॉप के न्यूज़रूम पहुंची थीं. उनका इंटरव्यू आप नीचे देख सकते हैं-
अगर सलमान खान की बात करें, तो वो जल्द ही ए.आर. मुरुगादास के डायरेक्शन में बनने वाली फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले तीन सालों में सलमान नौ फिल्मों में नज़र आ सकते हैं. इस लिस्ट में 'द बुल', 'शेर खान', ए.आर. मुरुगादास की अनाम फिल्म, कबीर खान के साथ फिल्म, सूरज बड़जात्या की फिल्म, 'टाइगर वर्सज़ पठान' और ‘दबंग 4’ शामिल हैं. मगर ऑफिशियल अनाउंसमेंट सिर्फ मुरुगादास की फिल्म का हुआ है.
वीडियो: मूवी रिव्यू - लापता लेडीज़










