The Lallantop

सलमान की 400 करोड़ी फिल्म के डायरेक्टर बोले- "बिल्कुल नए सलमान खान देखने को मिलने वाले हैं"

Salman Khan की अगली फिल्म के डायरेक्टर AR Murugadoss ने बताया किस बारे में होगी ये फिल्म.

Advertisement
post-main-image
ए.आर.मुरुगादास ने बताया कि इस फिल्म को लेकर सलमान से पांच साल पहले उनकी बात हुई थी.

Salman Khan ने हाल में अपनी अगली फिल्म का ऐलान किया है. सलमान की इस फिल्म को AR Murugadoss डायरेक्ट करेंगे. Sajid Nadiadwala प्रोड्यूस करेंगे. ऑफिशियल अनाउंसमेंट के बाद अब फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है. वो भी डायरेक्टर की तरफ से. मुरुगादास ने बताया कि इस फिल्म में लोगों को बिल्कुल नए सलमान खान देखने को मिलने वाले हैं. फिल्म में वर्ल्ड क्लास एक्शन के साथ खूब इमोशन्स होंगे. और आखिर में एक सोशल मैसेज भी.

Advertisement

ई-टाइम्स के साथ बातचीत के दौरान ए.आर.मुरुगादास ने कहा-

"फिल्म में बेहतरीन एक्शन सीक्वेंस के साथ ही खूब इमोशन्स भी होंगे. इसके साथ ही फिल्म एक दमदार सोशल मैसेज भी देगी. ये एक पैन-इंडिया फिल्म होगी. इस फिल्म में दर्शकों को एक नए सलमान खान देखने को मिलेंगे. सलमान और मैंने इस प्रोजेक्ट पर करीब पांच साल पहले बातचीत की थी. मगर हालातों की वजह से हम उस वक्त इस फिल्म के साथ आगे नहीं बढ़ा सके. हाल में सलमान ने फिल्म का एक और नैरेशन मांगा. इसके बाद उन्होंने कहा कि उन्हें फिल्म से अच्छी वाइब आ रही है. वो इस पर तुरंत काम शुरू कर सकते हैं."

Advertisement

सलमान, मुरुगादास और साजिद की ये फिल्म बीते कुछ वक्त से चर्चा में थी. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे 'किक 2' भी बताया गया. लेकिन साजिद ने इन ऐसी खबरों को फेक बताया. अब तक इस फिल्म का नाम नहीं बताया गया है. रिपोर्ट्स की मानें, तो इस साल ईद के मौके पर इस फिल्म का टाइटल पोस्टर रिलीज होगा. ये फिल्म ईद 2025 पर सिनेमाघरों में उतरेगी.  

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म को 400 करोड़ के बजट पर बनाया जाना है. यानी ये फिल्म साजिद, मुरुगादास और सलमान, तीनों के ही करियर की सबसे महंगी फिल्म होगी. इस फिल्म की शूटिंग 2024 के आखिर तक पूरी करने की प्लानिंग है. ताकि फिल्म को ईद 2025 पर रिलीज किया जा सके. फिलहाल मुरुगादास शिवा कार्तिकेयन और रुक्मिणी की फिल्म में व्यस्त हैं. #SK23 उससे फारिग होते ही, वो सलमान वाली फिल्म का शूट शुरू करेंगे.

ए.आर. मुरुगादास वही डायरेक्टर हैं, जिन्होंने बॉलीवुड को पहली 100 करोड़ी फिल्म 'गजनी' दी थी. फिल्म में आमिर खान लीड रोल में थे. लेकिन ये फिल्म भी पहले सलमान को ऑफर हुई थी. किन्हीं वजहों से सलमान उस फिल्म में काम नहीं कर सके.  

Advertisement

सलमान खान की आने वाली फिल्मों को लेकर ढेर सारी बातें हो रही हैं. अगर रिपोर्ट्स की मानें, तो अगले तीन सालों में कैमियो और लीड रोल्स मिलाकर, सलमान 9 फिल्मों में नज़र आ सकते हैं. इस लिस्ट में 'द बुल', 'शेर खान', ए.आर. मुरुगादास की अनाम फिल्म, कबीर खान के साथ फिल्म, सूरज बड़जात्या की फिल्म, और ‘टाइगर वर्सज़ पठान’ जैसे टाइटल शामिल हैं. मगर ऑफिशियल अनाउंसमेंट सिर्फ मुरुगादास की फिल्म का हुआ है. 'दबंग 4' को लेकर भी अरबाज ने साफ किया था कि इस में टाइम लगेगा. इसके अलावा 'द बुल' का मामला अभी फंसा हुआ है. 

वीडियो: सलमान खान नहीं, सूरज बड़जात्या की 'प्रेम की शादी' में नजर आएगें शाहिद कपूर

Advertisement