Monster की हाइप के बीच लोग Salman Khan की Maatrubhumi को भूल ही गए हैं. ये मूवी इस साल अप्रैल में रिलीज़ होने वाली थी. मगर फिर इसका एक बड़ा हिस्सा रीशूट करना पड़ा. पिछले दिनों सोशल मीडिया पर हवा उड़ी कि फिल्म सेंसर बोर्ड के पास पहुंच चुकी है. लेकिन ताज़ा रिपोर्ट ये है कि बोर्ड ने फिल्म को अब तक हरी झंडी नहीं दी.
महीनों से अटकी सलमान की 'मातृभूमि' को सेंसर बोर्ड ने पास ही नहीं किया!
कुछ समय पहले ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि 'मातृभूमि' 2027 तक के लिए पोस्टपोन होने वाली है.

कुछ दिनों पहले कुछ न्यूज पोर्टल्स ने दावा किया था कि अगले हफ्ते सेंसर बोर्ड के सामने 'मातृभूमि' की स्क्रीनिंग होगी. एक बार उनसे अप्रूवल मिल जाए, उसके बाद मेकर्स फिल्म की नई रिलीज़ डेट अनाउंस कर देंगे. ये जानकर सलमान के फैंस को लगा कि भले देर से ही सही, उन्हें ये फिल्म देखने को मिल जाएगी. लेकिन बॉलीवुड हंगामा ने सूत्रों के हवाले से इस दावे का खंडन कर दिया. उन्होंने बताया,
"काश ये खबरें सच होतीं. लेकिन भारी मन के साथ कहना पड़ रहा है कि मातृभूमि की सेंसर बोर्ड स्क्रीनिंग को लेकर अब तक कोई नई अपडेट नहीं है. ये फिल्म चीन से जुड़े मसले की वजह से अटकी हुई है.”
सूत्र ने आगे बताया,
"मेकर्स इस समस्या का हल निकालने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. वो मामले से जुड़े सरकारी अधिकारियों के लगातार कॉन्टैक्ट में हैं. जैसे ही कोई सॉल्यूशन निकलता है, सेंसर बोर्ड फिल्म को मंजूरी दे देगा. इसके बाद मातृभूमि को सिनेमाघरों में रिलीज़ कर दिया जाएगा. ये कुछ दिनों या हफ्तों में हो सकता है. या फिर इसमें और ज्यादा समय लग सकता है. लेकिन फिलहाल के लिए, मातृभूमि की स्थिति पहले जैसी ही बनी हुई है.”
सलमान की 'मातृभूमि' को पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम दिया गया था. तब ये फिल्म 2020 में भारत और चाइना के बीच हुए हिंसक झड़प पर आधारित थी. मगर बाद में रक्षा मंत्रालय की आपत्ति पर फिल्म के एंटी-चाइनीज़ एलिमेंट को हटा दिया गया और इसका 40 परसेंट हिस्सा रीशूट हुआ. फिर भी सेंसर बोर्ड ने इसे अब तक पास नहीं किया है. कुछ समय पहले खबर आई थी कि मेकर्स इस मूवी को 2027 तक के लिए पोस्टपोन कर देंगे. लेकिन उन्होंने कहा कि ये फिल्म इसी साल रिलीज़ होगी. हालांकि मेकर्स के तमाम दावों और वादों के बीच सलमान की ‘मातृभूमि’ की कहीं कोई खोज-खबर नहीं है.
वीडियो: क्यों हुआ सलमान खान स्टारर 'मातृभूमि' का रीशूट? डायरेक्टर ने बताया









