Batwara 1947 के बाद डायरेक्टर Rajkumar Santoshi अपने अगले प्रोजेक्ट्स की तैयारी में लग गए हैं. अक्टूबर में वो Sunny Deol के साथ एक एक्शन फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे. यही नहीं, उन्होंने जानकारी दी है कि वो Salman Khan के साथ भी एक कॉमेडी फिल्म प्लान कर रहे. अगर बात बनी तो सलमान, राजकुमार की फिल्म में लगभग 32 साल बाद कोई फुल फ्लेजेड रोल करेंगे.
सलमान के साथ 32 साल बाद चौचक कॉमेडी फिल्म बनाने जा रहे राजकुमार संतोषी!
सलमान, राजकुमार संतोषी की 'अजब प्रेम की गजब कहानी' और 'फटा पोस्टर निकला हीरो' में भी नजर आए थे. मगर उनमें उनका कैमियो भर था.

राजकुमार संतोषी इन दिनों ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं. इस दौरान उन्होंने टाइम्स नाऊ को भी एक इंटरव्यू दिया. बातचीत के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि वो सलमान के साथ एक प्रोजेक्ट डिस्कस कर रहे. राजकुमार कहते हैं,
"सलमान के साथ डिस्कशन चल रहा है. वो भी लॉक होगा. एक समय पर एक या दो पिक्चर ही कर सकता हूं मैं. लेकिन सलमान के साथ बिल्कुल है एक पिक्चर. मैं उसका इंतज़ार कर रहा हूं."
पिछले कुछ समय से इंटरनेट पर ये डिमांड उठ रही थी कि राजकुमार 'अंदाज़ अपना-अपना' का सीक्वल बनाएं. ये पूछे जाने पर कि क्या वो ये फिल्म सलमान के साथ प्लान कर रहे, राजकुमार कहते हैं,
"अंदाज़ अपना-अपना का सीक्वल तो बना ही नहीं रहा हूं. इसलिए किसी बात का प्रेशर नहीं है. ये तो मैं एक अलग पिक्चर बना रहा हूं. उसी टाइप की पिक्चर बना रहा हूं. उसी जॉनर (कॉमेडी) की पिक्चर बना रहा हूं. लेकिन अंदाज़ अपना-अपना 2 नहीं बना रहा. उसे बनाने की ज़रूरत नहीं है."
सलमान पिछले लंबे समय से लगातार एक्शन फिल्में कर रहे हैं. दर्शकों को उन्हें 'नो एंट्री' और 'पार्टनर' जैसी कॉमेडी मूवीज़ में देखे अरसा हो गया है. उनके आने वाने कुछ प्रोजेक्ट्स भी एक्शन जॉनर के हैं. ऐसे में राजकुमार संतोषी से मिली अपडेट, दर्शकों को कुछ नया दे सकती है. अगर बात बनी, तो सलमान और राजकुमार 'अंदाज़ अपना-अपना' के 32 साल बाद भरी-पूरी फिल्म करेंगे. वैसे, सलमान 2009 में राजकुमार के डायरेक्शन में बनी 'अजब प्रेम की गज़ब कहानी' में भी नज़र आए थे. 2013 में वो 'फटा पोस्टर निकला हीरो' में भी दिखे. मगर इनमें उनका कोई फुल फ्लेजेड रोल नहीं, बल्कि कैमियो भर था.
राजकुमार और सलमान ने पहली बार 1994 में आई 'अंदाज़ अपना-अपना' में साथ काम किया था. मगर वो फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई. फिर भी, समय के साथ लोगों ने उसे इतना पसंद किया कि आज उसे कल्ट स्टेटस मिल चुका है. उस मूवी में सलमान के अलावा आमिर खान, रवीना टंडन, करिश्मा कपूर, परेश रावल और शक्ति कपूर भी थे. कुछ समय पहले मेकर्स ने उसे री-रिलीज़ किया था. उसी दौरान ये मांग उठने लगी कि राजकुमार, आमिर और सलमान के साथ इसका सीक्वल बनाएं. लेकिन उन्होंने ऐसा करने से साफ़ मना कर दिया है. हालांकि उन्होंने सालों पहले हिंट दिया था कि अगर वो ये सीक्वल बनाएं भी, तब भी उसमें नए एक्टर्स को कास्ट करना पसंद करेंगे.
वैसे, राजकुमार कोई अभी नहीं बल्कि पिछले 10 साल से सलमान के साथ एक फिल्म प्लान कर रहे हैं. 2016 में खबर आई थी कि वो सलमान के बहनोई अतुल अग्निहोत्री के प्रोडक्शन में एक कॉमेडी फिल्म बनाने वाले हैं. सलमान उसमें लीड रोल में कास्ट किए जा रहे थे. मगर वो मूवी कभी बनी ही नहीं. 2021 में राजकुमार ने कहा कि वो सलमान को एक ऐसे चैलेंजिंग रोल में पेश करने वाले हैं, जिसमें उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया. मगर उस फिल्म के बारे में भी कोई खोज-खबर नहीं मिली. अब सालों बाद उन्होंने फिर से सलमान फैंस की उम्मीद जगाई है. लेकिन बात बनती है या नहीं, ये जानने के लिए हमें ठीक-ठाक इंतज़ार करना होगा.
वीडियो: खत्म हुआ इंतजार! सलमान खान स्टारर SVC63 के टाइटल का खुलासा हो गया









