Ranbir Kapoor का फिल्म लाइनअप अगले कुछ सालों तक उन्हें काफी बिजी रखने वाला है. वो Ramayana Part 2 के 80 परसेंट हिस्से की शूटिंग पूरी कर चुके हैं. वहीं 2027 के अंत तक वो Animal Park पर काम शुरू कर देंगे. खबर है कि इन दोनों फिल्मों के बीच वो Brahmastra 2 को निपटाने वाले हैं. इसमें वो हीरो के अलावा विलन का किरदार भी निभाएंगे. पिछले चार सालों में ये उनकी ऐसी चौथी फिल्म होगी, जहां वो डबल रोल प्ले करने वाले हैं.
रणवीर सिंह नहीं, 'ब्रह्मास्त्र 2' के हीरो और विलन खुद रणबीर कपूर होंगे!
चार साल में चौथी बार डबल रोल करेंगे रणबीर कपूर!

पिंकविला ने सूत्रों के हवाले से बताया कि रणबीर जनवरी 2027 तक 'रामायण: पार्ट 2' की शूटिंग पूरी कर लेंगे. फिर कुछ महीनों का ब्रेक लेने के बाद वो अप्रैल 2027 से 'ब्रह्मास्त्र' के सीक्वल पर जुट जाएंगे. डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने इस सिलसिले में अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं. फिल्म में रणबीर के अलावा दीपिका पादुकोण और आलिया भट्ट की भी वापसी होने वाली है.
खास बात ये है कि रणबीर इस मूवी में एक बार फिर डबल रोल करेंगे. 'शमशेरा', 'एनिमल' और 'रामायण' के बाद ये पिछले चार सालों में उनका चौथा डबल रोल होने जा रहा है. बताया जा रहा है कि 'ब्रह्मास्त्र' में वो शिवा के अलावा देव का किरदार भी निभाएंगे. शिवा पहले पार्ट का हीरो था, जिसे रणबीर सेकेंड पार्ट में भी कन्टिन्यू करेंगे. वहीं देव के कैरेक्टर को फिल्म में शिवा के पिता के रूप में इन्ट्रोड्यूस किया गया था. वो इस कहानी का विलन भी है. मतलब रणबीर 'ब्रह्मास्त्र 2' में हीरो और विलन, दोनों बनेंगे.
वैसे, पहले पार्ट के क्लाइमैक्स में मेकर्स ने स्क्रीन पर देव के किरदार की एक छोटी-सी झलक दिखाई थी. मगर तब उस कैरेक्टर का चेहरा रिवील नहीं किया गया. इस कारण इंटरनेट पर कई फैन थ्योरिज़ पनपने लगीं, जिन्हें अयान ने भी एड्रेस किया था. लोगों ने कहा कि देव का कैरेक्टर रणवीर सिंह प्ले कर रहे हैं. उसकी कद-काठी देख ऐसा लग भी रहा था. कुछ ने उसकी वॉक देख शाहरुख खान का नाम लिया. वहीं कई उसे ऋतिक रोशन और यश में से कोई एक बताने लगे. लेकिन मेकर्स ने इनमें से किसी भी नाम पर कभी मुहर नहीं लगाई. और अब ऐसी अपडेट आ रही है कि 'ब्रह्मास्त्र 2' में देव का रोल कोई और नहीं, खुद रणबीर कपूर ही प्ले करेंगे.
वीडियो: ब्रह्मास्त्र 2 के बंद होने की खबर थी, अब रणबीर कपूर ने क्या अपडेट दिया?









