Race 4 में Aamir Khan की कास्टिंग पर फिल्म के प्रोड्यूसर ने क्या बताया? Nawazuddin Siddiqui और Tigmanshu Dhulia मिलकर कौन सी फिल्म बना रहे हैं? Kunal Khemu की Madgaon Express के सीक्वल की शूटिंग कब शुरू हो रही है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
'रेस 4' में आमिर खान की कास्टिंग की बात झूठी निकली? प्रोड्यूसर ने पोल खोल दी
खबरें थीं कि 'रेस 4' में आमिर के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और टाइगर श्रॉफ भी होंगे. मगर सच्चाई कुछ और ही निकली.

# नेटफ्लिक्स सीरीज़ Tires का चौथा सीज़न अनाउंस
नेटफ्लिक्स ने कॉमेडी सीरीज़ 'टायर्स' (Tires) के चौथे सीज़न का ऐलान हो गया है. स्टीव गर्बीन, शेन गिलिस और जॉन मैकवीर ने इस सीरीज़ को बनाया है. इसकी कहानी विल जैकब्स नाम के शख्स की है, जो अपने संघर्ष कर रहे ऑटो रिपेयर बिज़नेस को संभालने की कोशिश करता है. इसके चौथे सीज़न की रिलीज़ डेट का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है.
# 30 साल बाद सुलझा टुपाक की हत्या का राज़
करीब 30 साल बाद रैपर टुपाक शकूर की हत्या के मामले में बड़ा फैसला आया है. लास वेगस की जूरी ने ड्वेन ‘कीफ़ी डी’ डेविस को टुपैक की हत्या का दोषी ठहराया है. पीड़ित पक्ष के मुताबिक, डेविस ने हमले के लिए हथियार और प्लान मुहैया कराया था. हालांकि गोली उसने खुद नहीं चलाई थी. केस में उसके पुराने बयान और 2019 में आई उसकी मेमोआ को अहम सबूत माना गया. बताया गया कि टुपैक के साथियों और डेविस के भतीजे के बीच हुई झड़प के बाद हत्या की साजिश रची गई थी.
# करीना-पृथ्वीराज की 'दायरा' का ट्रेलर आया
मेघना गुलज़ार की फिल्म 'दायरा' का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है. फिल्म में करीना कपूर DCP अजूनी कोहली के किरदार में हैं. जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन DCP रमन कुमार बने हैं. दोनों एक ही सिस्टम के भीतर न्याय और कानून की सीमाओं को लेकर फाइट मार रहे हैं. 'दायरा' सच्ची घटनाओं से प्रेरित क्राइम थ्रिलर है. ये फिल्म 18 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# मार्च 2027 में शुरू होगा 'मडगांव एक्सप्रेस' का सीक्वल
कुणाल खेमू की फिल्म 'मडगांव एक्सप्रेस' का सीक्वल मार्च 2027 से फ्लोर पर जाएगा. मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म की कहानी लॉक हो गई है. साथ ही प्री-प्रोडक्शन भी तेजी से चल रहा है. कुणाल के साथ प्रतीक गांधी, दिव्येंदु शर्मा और अविनाश तिवारी लीड रोल में दिखेंगे. अभी तक इसकी रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की गई है.
# 'रेस 4' में आमिर की कास्टिंग पर बोले प्रोड्यूसर
पिंकविला की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि 'रेस 4' में आमिर खान को कास्ट किया जा सकता है. शुरुआती दौर की बातचीत चलने की बात भी कही गई. रिपोर्ट में ये भी बताया गया कि आमिर के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और टाइगर श्रॉफ भी फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं. लेकिन अब प्रोड्यूसर रमेश तौरानी ने इन खबरों को खारिज कर दिया है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर साफ किया कि 'रेस 4' की कास्टिंग अभी तक फाइनल नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि जैसे ही कास्टिंग पर फैसला होगा, फिल्म से जुड़े सभी नाम ऑफिशियली अनाउंस किए जाएंगे.
# नवाजुद्दीन सिद्दीकी और तिग्मांशु धूलिया बना रहे फिल्म
तिग्मांशु धूलिया और नवाजुद्दीन सिद्दीकी म्यूजिकल थ्रिलर फिल्म बना रहे हैं. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक ये फिल्म उदय प्रकाश की शॉर्ट स्टोरी 'वो फिर कभी दिखा नहीं' पर आधारित होगी. फिल्म की शूटिंग कंप्लीट हो गई है. इसे साल के अंत तक ओटीटी पर रिलीज़ करने की प्लानिंग की जा रही है.
वीडियो: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और फरहान अख्तर भिड़े, क्या आमिर खान सुलह करा पाएंगे?













