Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana देश की सबसे महंगी फिल्म है. मगर मेकर्स इसके एसेट रिलीज़ करने में काफी समय ले रहे हैं. इस वजह से मार्केट में कभी फिल्म की हाइप होती है, तो कभी एकदम सन्नाटा पसर जाता है. मगर अब खबर आ रही है कि मेकर्स 14 जुलाई को लॉस एंजेलिस में फिल्म का ट्रेलर रिवील करेंगे.
रिकॉर्ड 105 दिन पहले 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज़ कर रहे मेकर्स, जबर प्लानिंग या...
लोगों का कहना है कि इतने बड़े गैप के दौरान यदि लोगों को ट्रेलर पसंद नहीं आया, तो बड़ा नुकसान हो सकता है.


पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि 'रामायण' का ट्रेलर सीधे डिजिटली रिलीज़ किया जाएगा. मगर बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड ने बताया कि नमित मल्होत्रा इसको ग्रैंड लेवल पर रिवील करना चाहते हैं. इसके लिए वो अमेरिका में एक बड़ा इवेंट प्लान कर रहे. इससे पहले फिल्म से आए रणबीर कपूर के फर्स्ट लुक के लिए भी उन्होंने अमेरिकी ऑडियंस को ही चुना था. मगर तब सोशल मीडिया पर कई भारतीय उनसे नाराज़ हो गए थे. उनका कहना था कि भारत की कहानी को भारत से ही कहना शुरू करना चाहिए था.
सूत्र के मुताबिक, मेकर्स ने फिल्म की ग्लोबल रिलीज़ को देखते हुए वेस्ट से शुरूआत की है. यूएस इसलिए चुना क्योंकि भारत के बाद फिल्म की सबसे अधिक कमाई की संभावना वहीं पर है. बताया जा रहा है कि इस इवेंट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश समेत फिल्म की सभी मेजर कास्ट एंड क्रू वाले मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के बाद ऑडियंस से इंटरैक्शन भी होगा.
यश ने कुछ मौकों पर बताया है कि 'रामायण' का पहला पार्ट 30 अक्टूबर को रिलीज़ होगा. यदि 14 जुलाई वाली बात सच हुई, तो फिल्म रिलीज़ और ट्रेलर रिवील के बीच लगभग 105 दिनों का गैप होगा. ये बहुत बड़ा अंतर है. कई लोगों का कहना है कि यदि इस दौरान जनता को ट्रेलर पसंद नहीं आया, तो फिल्म रिलीज़ होने तक वो इसे खूब ट्रोल करेंगे. दूसरी तरफ ये एक अच्छा कदम भी है. अगर पब्लिक को फिल्म का कोई पहलू पसंद नहीं आता, तो उसमें बदलाव करने के लिए मेकर्स के पास अच्छा-खासा समय होगा.
हालांकि अभी ये केवल मीडिया रिपोर्ट्स हैं. मेकर्स ने अपनी तरफ से कुछ अनाउंस नहीं किया है. इसलिए लल्लनटॉप इसकी पुष्टि नहीं करता. मगर लोगों की एक्साइटमेंट को देख वो जुलाई में कोई बड़ी अपडेट जरूर दे सकते हैं. जहां तक ‘रामायण’ के दूसरे पार्ट की बात है, वो अगले साल दीपावली पर रिलीज़ होगा. इन दोनों ही फिल्मों को नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: यश और रणबीर कपूर आमने-सामने, 'रामायण' का सबसे बड़ा बैटल सीक्वेंस शूट हो रहा है
















