The Lallantop

रणबीर की 'रामायण' का 4 मिनट लंबा ट्रेलर ऐसा, जो भारतीय सिनेमा में कभी नहीं देखा गया

यश और साई पल्लवी इस ट्रेलर के सबसे बड़े हाइलाइट हैं. युद्ध के सीक्वेंस देखकर पब्लिक हैरान होने वाली है.

Advertisement
post-main-image
'रामायण' को नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया है. फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज़ होने वाला है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • रणबीर कपूर और अन्य प्रमुख कलाकारों के साथ दिल्ली में 18 जुलाई को 'रामायण' फिल्म का 4 मिनट लंबा ट्रेलर 'प्रथम संकल्प' नाम के इवेंट में प्रदर्शित किया गया।
  • फिल्म के ट्रेलर को लेकर पिछले प्रमोशनल मटीरियल की आलोचनाओं के कारण मेकर्स ने बड़े तन-मन और धन से विशेष प्रयास किए हैं ताकि इसकी भरपाई की जा सके।
  • ट्रेलर का आधिकारिक रिलीज़ 24 जुलाई को होगा, जिसके बाद फिल्म की ग्लोबल स्तरीय प्रस्तुति और सार्वजनिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने आएगी।

Ramayana का ट्रेलर लॉन्च इवेंट में क्या-क्या हुआ? कैसा है Ranbir Kapoor की इस फिल्म का ट्रेलर? क्रिस्टोफर नोलन की The Odyssey ने पहले तीन दिनों में दुनियाभर से कितने पैसे कमाए? सिनेमा से जुड़ी ऐसी और खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें-

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# नोलन की 'द ओडिसी'की रिकॉर्डतोड़ कमाई

क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' बीते शुक्रवार को थिएटर्स में उतरी. दुनियाभर में इस फिल्म को पसंद किया जा रहा है. इसका नतीजा ये हुआ कि फिल्म ने पहले वीकेंड की कमाई से ही अपना लागत वसूल लिया. 2300 करोड़ रुपए के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले तीन दिनों में दुनियाभर से 2550 करोड़ रुपए की कमाई की. इसी के साथ ये नोलन की पहले वीकेंड पर सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म भी बन गई. इंडिया में इस फिल्म ने ग्रॉस 73.19 करोड़ रुपए कलेक्ट किए.

Advertisement

# 'मॉडर्न वॉरफेयर' पर बेस्ड होगी 'कॉल ऑफ ड्यूटी' फिल्म

पैरमाउंट पिक्चर्स पॉपुलर गेम सीरीज 'कॉल ऑफ ड्यूटी' पर फिल्म बना रही है. 'येलोस्टोन' औऱ 'लैंडमैन' वाले टेलर शेरिडन इसे पीटर बर्ग के साथ मिलकर लिख रहे हैं. शुक्रवार को न्यू यॉर्क में हुए फैनेटिक्स फेस्ट में पीटर ने अनाउंस किया कि ये फिल्म 'कॉल ऑफ ड्यूटी' की सबसे चर्चित सब-सीरीज़ 'मॉडर्न वॉरफेयर' यूनिवर्स में सेट होगी. इस फिल्म को पीटर बर्ग डायरेक्ट कर रहे हैं.

# 'रामायण' का ट्रेलर देख मुंह खुला रह जाएगा

Advertisement

रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' के मेकर्स ने 18 जुलाई को दिल्ली में 'प्रथम संकल्प' नाम का इवेंट रखा था. भारत मंडपम में हुआ ये इस फिल्म का सबसे भव्य इवेंट रहा. इसमें फिल्म की तकरीबन पूरी प्राइमरी कास्ट मौजूद थी. यहीं पर मेकर्स ने फिल्म का 4 मिनट लंबा ट्रेलर दिखाया, हमारे साथी श्वेतांक इस इवेंट में मौजूद थे. उनके मुताबिक, ये अब तक इस फिल्म से आया सबसे मजबूत एसेट है. इस ट्रेलर में आपको फिल्म के स्केल, VFX और मेकर्स का विजन दिखता है. फिल्म के सभी किरदारों से परिचय कराया जाता है. मगर ट्रेलर के हाईलाइट यश और साई पल्लवी रहे. साई पल्लवी, सीता के पात्र में जो ग्रेस और पवित्रता लेकर आई हैं, वो फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज़ एलीमेंट होने वाला है. रावण के रोल में यश का रौद्र रूप सबको हैरान करेगा. उन्हें इस ट्रेलर में सबसे ज़्यादा फुटेज दी गई है. उनके एक्शन सीक्वेंस बेहद ग्रैंड और विजुअल डिलाइट हैं. राम के पात्र में हम रणबीर की झलक देख चुके हैं. मगर उससे लोगों को शिकायतें थीं. मगर ट्रेलर देखकर मालूम पड़ता है कि उन्होंने इस फिल्म पर कितनी मेहनत की है. जिन्होंने भी ये ट्रेलर देखा, वो हक्का-बक्का रह गया. क्योंकि अब तक फिल्म से आए सभी प्रमोशनल मटीरियल को आलोचना का सामना करना पड़ा था. मगर 'रामायण' का ट्रेलर पब्लिक की सारी शिकायतें दूर कर देगा. इसे देखकर लगता है कि ये वाकई भारतीय सिनेमा को ग्लोबल लेवल पर रीइंट्रोड्यूस करेगी. मेकर्स ने बड़े तन-मन और धन से ये फिल्म बनाई है. ट्रेलर देखने के बाद पक्के तौर पर कहा जा सकता है कि ऐसा कुछ इंडियन सिनेमा में कभी नहीं देखा गया. 

इस इवेंट में नमित मल्होत्रा के साथ डायरेक्टर नितेश तिवारी, एक्टर्स रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, रकुलप्रीत और अरुण गोविल ने भी हिस्सा लिया. इस इवेंट को कुमार विश्वास ने मॉडरेट किया. उन्होंने बताया कि नमित और रणबीर उन्हें कभी भी फोन करके रामायण के बारीक डिटेल्स के बारे में पूछते थे. कुमार विश्वास ने ही इस फिल्म के लिए भजन लिखे हैं. जिन्हें एआर रहमान और हांस ज़िमर में संगीत में पिरोया है. इन दोनों लोगों के अलावा ऋषि रिखिराम शर्मा ने भी फिल्म के म्यूज़िक पर काम किया है. इस इवेंट की शुरुआत ऋषि की परफॉरमेंस के साथ हुई. 'रामायण' का ये ट्रेलर ऑफिशियली 24 जुलाई को रिलीज़ किया जाएगा.

# कार्तिक-ममूटी को मिला बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड  

18 जुलाई को 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स की घोषणा हुई. ये अवॉर्ड साल 2024 में रिलीज़ हुई फिल्मों के लिए दिया गया. बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड ममूटी और कार्तिक आर्यन के बीच शेयर हुआ. कार्तिक को ये अवॉर्ड चंदूं चैंपियन और ममूटी को 'भ्रमयुगम' के लिए मिला. बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड 'आर्टिकल 370' को मिला. और इसी फिल्म के लिए यामी गौतम को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया. विनर्स की पूरी लिस्ट आप दी लल्लनटॉप के चैनल पर जाकर देख और पढ़ सकते हैं.

# अडवांस बुकिंग में विजय की 'जन नायगन' का जलवा

थलपति विजय के करियर की आखिरी फिल्म 'जन नायगन' 23 जुलाई को रिलीज़ हो रही है. फिल्म की अडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है और धकापेल तरीके से चल रही है. रिलीज़ से तीन दिन पहले इस फिल्म ने अडवांस सेल्स से 23.60 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. ओवरसीज़ इस फिल्म की 11 करोड़ रुपए की टिकटें बिक चुकी हैं. तमिलनाडु में फिल्म ने अडवांस बुकिंग से 5.85 करोड़ रुपए कमाए, कर्नाटक से 4.10 करोड़ रुपए, केरल से 2.05 करोड़ रुपए और नॉर्थ इंडिया में फिल्म ने 60 लाख रुपए की टिकटें बेचीं.

# छत्रपति शिवाजी बायोपिक से जुड़ी GoT- 'वाइकिंग्स' की टीम

ऋषभ शेट्ट 'द प्राइड ऑफ इंडिया- छत्रपति शिवाजी' में काम कर रहे हैं. इस फिल्म को संदीप सिंह डायरेक्ट कर रहे हैं. वेराइटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के लिए मेकर्स ने 'गेम ऑफ थ्रोन्स' और 'वाइकिंग' वाले मार्क हेन्सन, 'लुसिफर' फेम व्लाड रिम्बर्ग, 'ट्रॉय' का एक्शन बना चुके क्रेग मैक्रे को फिल्म से जोड़ा है. 500 करोड़ रुपए के बजट में बन रही ये फिल्म 21 जनवरी, 2027 को रिलीज़ होगी. 

वीडियो: क्या 200 करोड़ की ओपनिंग के साथ नया इतिहास रचेगी 'रामायण'?

Advertisement