The Lallantop

'एनिमल' के पैड बदलने वाले सीन और मुसलमानों के गलत चित्रण पर फिल्म के राइटर बोले, 'थोड़ा मज़ा करते है न!'

Ranbir Kapoor की Animal के राइटर Saurabh Gupta ने Bobby Deol के मुस्लिम किरदार के चित्रण पर कहा कि उनकी फिल्म का हीरो भी राक्षस की तरह ही है. मगर उस पर सवाल नहीं उठाया गया.

Advertisement
post-main-image
रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' के डायलॉग्स सौरभ गुप्ता ने लिखे हैं.

Sandeep Reddy Vanga की फिल्म Animal कई वजहों से लंबे वक्त तक विवाद में रही. अब एक बार फिर फिल्म चर्चा में है. FICCI Frames में Ghazal Dhaliwal के साथ 'एनिमल' के राइटर Saurabh Gupta ने बात की. इस बातचीत में Bobby Deol के कैरेक्टर को मुस्लिम दिखाने से लेकर Ranbir Kapoor के सैनिटरी पैड वाले डायलॉग तक पर सवाल पूछा गया. जिस पर जवाब देते हुए सौरभ ने कहा कि सिनेमा पर बहुत मॉरल प्रेशर डाल दिया गया है. लोग इसे बेहद गंभीरता से लेने लगे हैं. जबकि इसे मज़े-मज़े में देखा और लिया जाना चाहिए. 

Advertisement

FICCI फ्रेम्स का एक वीडियो ब्रूट इंडिया ने सोशल मीडिया पर शेयर किया. वीडियो में स्क्रीन राइटर गजल धालीवाल कहती हैं-  

"फिल्म के हीरो रणबीर कपूर, इस तरह का बर्ताव कर सकते हैं और बोल सकते हैं कि 'तुम महीने में 4 पैड बदलती हो और इतना ड्रामा'. अगर एक हीरो इस तरह की चीजें बोलेगा तो देखने वाला भले ही ये सब ना बोले लेकिन उसके दिमाग में आ जाएगा. वह अपनी जॉब में कह सकता है, वह इतना ड्रामा कर रही है, आज इन्हें छुट्टी चाहिए क्योंकि पीरियड्स हो रहे हैं."

Advertisement
फिल्म 'एनिमल' का सैनिटरी नैपकिन वाला सीन

गजल की बात पर 'एनिमल' के डायलॉग राइटर सौरभ गुप्ता कहते हैं- 

“सिनेमा (बनाने) के साथ मर्दों को सैनिटरी नैपकिन की अहमियत समझाना, सिगरेट पीना, शराब पीना खराब है, ये सब समझाना इतना बोझ (भारी) पड़ गया है. सिनेमा झुक गया है. हम थोड़ा मजा करते हैं न.”

सौरभ यहां ये कहने की कोशिश कर रहे हैं कि सिनेमा और सिनेमा बनाने वालों की सामाजिक जिम्मेदारी है. मगर उन पर इन चीज़ों का इतना नैतिक जवाब या बोझ डाल दिया गया है कि सिनेमा, सिनेमा नहीं रह गया है. उसे लोग बहुत सीरियसली लेने लगे हैं. 

Advertisement

फिल्म में बॉबी देओल ने अबरार हक का कैरेक्टर प्ले किया. जो विलन है. बातचीत में आगे गजल ने फिल्म के इस्लामोफोबिया को लेकर उठ रहे सवालों पर भी बात की. इस पर सौरभ बोले-

"टीम को लॉजिकली लगा कि बॉबी का किरदार अबरार हक इस ट्रांजिशन से गुजरेगा. हमारा हिंदू हीरो भी राक्षस से कम नहीं है. क्योंकि रिश्ते में पुरानी दरार थी. इसलिए उसके दादाजी अलग हो चुके थे. धर्म बदल लिया था. हमारे लिए ये सारी चीजें लॉजिकली चल रही थीं. अब हमें अहसास हो रहा है कि अच्छा ऐसा भी सोचा जा रहा है. लेकिन हमारा हीरो भी विलन की तर्ज पर किसी राक्षस से कम नहीं बना है. वह तो हिंदू है पर किसी ने नहीं कहा कि आपने एक हिंदू को ऐसे दिखाया है."

इससे पहले एक इंटरव्यू में संदीप रेड्डी वांगा ने भी बताया था कि बॉबी का कैरेक्टर मुस्लिम क्यों हैं? संदीप बताते हैं कि फिल्म में अबरार अपने दादा की मौत के बाद सदमे में रहता है. इसी वजह से उसकी आवाज भी चली जाती है. फिर बाद में उसके भाई की भी हत्या कर दी जाती है. इसी के चलते उसकी अपने भाई रणविजय से लड़ाई हो जाती है. गलाटा प्लस से बातचीत में संदीप ने कहा था-

"मैंने देखा है जब लोग जीरो कॉन्फिडेंस वाले जोन में चले जाते हैं, तो लोग उन्हें चर्च या किसी बाबा की शरण में जाने की सलाह देते हैं. उन्हें अपना नाम बदलने की सलाह दी जाती है. मैंने लोगों को धर्म बदलते हुए भी देखा है क्योंकि उन्होंने काफी कुछ सहा होता है. ऐसा करने से उन्हें लगता है कि उनका नया जन्म होगा. इससे उन्हें लगता है कि उनकी पहचान पूरी तरह बदल जाएगी. हम कई लोगों को इस्लाम और ईसाई धर्म अपनाते हुए देखते हैं. लेकिन कभी किसी को हिंदू धर्म अपनाते नहीं देखा है. मेरे खुद कई सारे कजन हैं. सबका अपना अलग नेचर है."

उन्होंने आखिर में बताया कि यही कारण था कि अबरार का कैरेक्टर मुस्लिम रखा गया. उनकी मंशा मुस्लिमों को बुरा दिखाने की नहीं थी. फिल्म एनिमल में रणबीर कपूर और बॉबी देओल के साथ ही रश्मिका मंदन्ना, तृप्ति डिमरी, शक्ति कपूर, प्रेम चोपड़ा आदि भी नजर आए थे. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 800 करोड़ रुपये छापे थे.
 

Advertisement