Ranbir Kapoor की Ramayana को भारत समेत दुनियाभर के कई देशों में रिलीज़ किया जाएगा. अमेरिका में हुई स्क्रीनिंग से इसे पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा. वहीं दूसरी तरफ़, पाकिस्तान में भी 'रामायण' का खुमार छाने लगा है. कराची के कुछ हिन्दू परिवारों ने इस फिल्म के सपोर्ट में रैलियां निकाली हैं. उन्होंने कहा कि इस साल वो दीपावली के साथ 'रामायण' को भी सेलिब्रेट करेंगे.
पाकिस्तान में 'रामायण' की ऐसी डिमांड, लोगों ने फिल्म के सपोर्ट में सड़क पर रैली निकाल दी
हाल ही में कुछ पाकिस्तानियों ने सोनी पिक्चर्स से अपील की थी कि वो 'रामायण' को पाकिस्तान में भी रिलीज़ करें.

कराची के लोकल यूट्यूबर सुमित चांगरा का व्लॉग इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. उसमें वो कराची के उन हिन्दू परिवारों को साथ लाए, जो ‘रामायण’ के पोस्टर्स लेकर मेकर्स को अपनी शुभकामनाएं भेज रहे हैं. वीडियो में उन्हें 'जय श्रीराम' के नारों साथ 'मेरे घर राम आए हैं' गाना गाते हुए भी देखा जा सकता है. इस दौरान एक महिला कहती हैं,
"भारत में सबसे बड़ी फिल्म रामायण चल रही है. रणबीर कपूर तो हम सबके फेवरेट हैं. हम चाहते हैं कि राम जी की कृपा उन पर बनी रहे और ये फिल्म सुपरहिट हो जाए."
वीडियो बना रहे व्लॉगर सुमित चांगरा ने बताया,
"हर साल हम पाकिस्तान में रहते हुए दीपावली का उत्सव मनाते हैं. लेकिन इस साल हम दीपावली ही नहीं बल्कि रामायण का भी जश्न मनाएंगे. दुनिया की सबसे महंगी फिल्मों में से एक रामायण जल्द ही दीपावली पर रिलीज़ होने वाली है. उस मोमेंट को हम सब पाकिस्तानी हिन्दू साथ में सेलिब्रेट करेंगे."
सुमित ने बताया कि वो न केवल 'रामायण' के पोस्टर्स के साथ रैली निकालेंगे. बल्कि उसे पास के मंदिर में भी लगाएंगे. उन्होंने रणबीर समेत फिल्म से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वो इसे ऑस्कर जीतते हुए देखना चाहते हैं. वीडियो में आगे लोगों को नाचते, गाना गाते, ढोल बजाते और रैली निकालते हुए देखा जा सकता है. इसमें बच्चे, बूढ़े और जवान- हर तरह की पब्लिक दिखाई दे रही.
भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के कारण दोनों देशों ने एक-दूसरी की फिल्मों पर बैन लगा दिया है. पिछले कुछ समय से कोई भी इंडियन मूवी वहां रिलीज़ नहीं हुई. 'धुरंधर' को पाकिस्तानियों ने खूब देखा, लेकिन टॉरेंट और अन्य पायरेसी वेबसाइट्स से डाउनलोड करके. ऐसे में ये देखना रोचक होगा कि सोनी पिक्चर्स 'रामायण' को वहां रिलीज़ करती है या नहीं. वैसे, कुछ दिन मनोज मूलचंदानी नाम के एक पाकिस्तानी शख्स ने सोनी वालों से अपील की थी कि वो 'रामायण' को उनके यहां भी रिलीज़ करें. फिर भले ही वो इंग्लिश में ही क्यों न हो. मनोज ने कहा कि पाकिस्तान में उन जैसे लाखों हिन्दू हैं, जो इस मूवी को देखना चाहते हैं. मगर दोनों देशों के बीच हुए टकराव के कारण वो इसे देख नहीं पाएंगे. खबर लिखे जाने तक मेकर्स या सोनी पिक्चर्स की तरफ़ से ‘रामायण’ को पाकिस्तान में रिलीज़ करने को लेकर कोई अपडेट नहीं मिली है.
वीडियो: रामायण में कुंभकर्ण बने पंचायत के फैसल मलिक, कहां से प्रेरित हुए?









