Ranbir Kapoor को Ramayana में भगवान राम का किरदार निभाने पर अब तक मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला है. कुछ लोग उन्हें इस रोल में पसंद कर रहे. वहीं कुछ उन्हें मिसकास्ट बता रहे हैं. ऐसे में Ramanand Sagar वाले ‘रामायण’ की सीता यानी Dipika Chikhlia ने उन्हें डिफेंड किया है. उनके मुताबिक, जो एक्टर Animal कर सकता है, वो भगवान राम भी बन सकता है.
"जो रणबीर एनिमल कर सकता है, वो भगवान राम भी बन जाएगा"
'रामायण' सीरियल की ओरिजिनल सीता दीपिका चिखलिया ने रणबीर कपूर की आलोचना पर क्या कहा?

'रामायण' सीरियल को सिनेमा में एक बेंचमार्क की तरह देखा जाता है. जब भी कोई इस विषय पर फिल्म या सीरियल बनाता है, तो उसकी तुलना सीधे अरुण गोविल, सुनील लहरी और दीपिका चिखलिया से कर दी जाती है. राम, लक्ष्मण और सीता के रोल में सबसे ज्यादा पॉपुलर यही एक्टर्स हुए हैं. इसलिए 'रामायण' फिल्म के दौरान भी ये तुलना चलती रही. बावजूद इसके, दीपिका ने रणबीर को सपोर्ट किया है.
हाल ही में उन्होंने हिंदी रश चैनल को एक इंटरव्यू दिया. बातचीत के दौरान रणबीर की लास्ट रिलीज़ 'एनिमल' का जिक्र छिड़ गया. दीपिका से पूछा गया कि 'एनिमल' करने वाले एक्टर को भगवान राम बनता देख, उनका क्या रिएक्शन है. इस पर दीपिका ने रणबीर के एक्टिंग रेंज की तारीफ़ करते हुए कहा,
"रणबीर कपूर एक एक्टर हैं. उन्होंने कोई अवतार नहीं लिया है. एक अच्छे एक्टर की यही खासियत होती है कि वो हर तरह का किरदार निभा सकता है. जो शख्स बर्फी करता है, वो एनिमल भी कर सकता है. और जो एनिमल कर सकता है, वो भगवान राम का रोल भी अच्छा निभा सकता है. सोचिए रणबीर की किस्मत कितनी अच्छी है कि उन्हें इतने अलग-अलग तरह के कैरेक्टर्स प्ले करने का मौका मिला. वो बहुत खुशनसीब हैं और ये बहुत अच्छा है कि वो ऐसे रोल कर रहे."
वैसे, रणबीर को खुद भी अपनी कास्टिंग के इर्द-गिर्द चल रही चर्चाओं की खबर है. उन्होंने माना कि भगवान राम का किरदार निभाना किसी के लिए भी आसान नहीं. इसलिए शुरुआत में वो फिल्म ऑफर होने पर घबरा गए थे. सैन डिएगो कॉमिक कॉन में वो एक चैनल से हुई बातचीत में कहते हैं,
"जब मुझे पहली बार ये फिल्म ऑफर की गई थी, तो मैं काफी डर गया था. मेरे मन में कई सवाल भी थे. मैं सोचता था, 'क्या मैं ये किरदार निभा पाऊंगा? क्या मैं इसके लायक भी हूं'? लेकिन बहुत जल्द मेरा ये डाउट ग्रेटीट्यूड में बदल गया. मुझे लगता है कि ये मूवी मेरे लिए एक वरदान है. साथ ही जिंदगी का सबसे बड़ा मौका भी."
रणबीर बताते हैं कि भगवान राम जैसा कैरेक्टर करना उनके लिए सम्मान की बात है. पर ये जिम्मेदारी काफी बड़ी और चैलेंजिंग भी है. 'रामायण' में रावण का रोल प्ले कर रहे यश भी इस बात से इत्तेफाक रखते हैं. उनके मुताबिक, दुनिया में कोई भी शख्स ये दावा नहीं कर सकता कि भगवान राम का किरदार निभाने के लिए वो पूरी तरह योग्य है. खुद रणबीर ने भी माना कि उनके मन में इस रोल को लेकर झिझक थी. इस बात को स्वीकारना उनकी खूबी दिखाती है. यश के मुताबिक, रणबीर एक बेहतरीन एक्टर हैं. भगवान राम का रोल करना किसी के लिए भी आसान नहीं होता. बावजूद इसके, रणबीर ने इसके लिए जितनी मेहनत, लगन और डेडिकेशन दिखाई है, उसके लिए उनका सम्मान किया जाना चाहिए. बाकी जहां तक फिल्म की बात है, 'रामायण' का पहला पार्ट इस साल दीपावली पर रिलीज़ होगा.
वीडियो: 'रामायण' के दोनों पार्ट्स के म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज ने 75 करोड़ में खरीदे?












