Nitesh Tiwari का Ramayana ट्रेलर इस वक्त इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग एक तरफ़ Ranbir Kapoor, Yash और Sai Pallavi की कास्टिंग पर डिबेट कर रहे. वहीं दूसरी तरफ़, इसके स्केल की भी तारीफ़ कर रहे हैं. मगर इन सबके बीच ट्रेलर में कुछ ऐसी बातें भी हैं, जिसने लोगों को कन्फ्यूज़ कर दिया है. अब कन्फ्यूज़न है, तो सवाल भी होंगे. फिल्म से जुड़े ऐसे ही पांच सबसे बड़े सवालों के जवाब हम आपको बताते हैं.
'रामायण' ट्रेलर के वो 5 सबसे बड़े सवाल, जिनके जवाब सब ढूंढ रहे हैं!
लोगों ये भी पूछ रहे कि जब लंका में बर्फ ही नहीं पड़ती, तो फिल्म में कहां से आ गई?

# 'रामायण' की कहानी कहां से शुरू होगी?
'रामायण: पार्ट 1' की कहानी रावण के नाना राक्षसराज सुमाली और उनके दो भाई माल्यवान व माली से शुरू होगी. तीनों ने विश्वकर्मा को अपने लिए एक सुंदर नगर बनाने कहा था. ऐसे में विश्वकर्मा ने उन्हें लंका का पता दिया, जिसे उन्होंने भगवान शिव के लिए बनाया था. तीनों भाई वहां आराम से रहने लगे. मगर इससे ऋषि-मुनियों का जीना दूभर हो गया. तंग आकर मुनिगण भगवान विष्णु की शरण में गए. एक युद्ध में विष्णु ने माल्यवान और माली का वध कर दिया. इस वजह से सुमाली को पाताल लोक में जाकर छिपना पड़ा. उनकी गैर-मौजूदगी में ऋषि विश्रवा के बेटे कुबेर लंका के राजा बन गए. उनके राज में ही लंका स्वर्ण नगरी बनी थी.

दूसीर तरफ़, सुमाली लंका को वापस पाने की जुगत में था. इसलिए उसने अपनी बेटी कैकसी की शादी ऋषि विश्रवा से करवा दी. रावण, कुंभकर्ण और विभीषण उनके ही बेटे हैं. इस रिश्ते की वजह से कुबेर और रावण सौतेले भाई बन गए. रावण ने कुबेर को हराकर ही लंका और पुष्पक विमान पर कब्जा किया था. उनकी लड़ाई हमें फिल्म की शुरुआत में देखने को मिलेगी. साथ ही वो सीन भी दिखाई देंगे, जहां रावण ने घोर तपस्या के बाद तीनों लोक पर राज किया था. रही सुमाली की बात, तो उनका रोल चेतन हंसराज ने किया है. ट्रेलर के एक सीन में हम उन्हें ट्रम्पेट या भोंपू बजाते हुए देख सकते हैं. उन्होंने इस मूवी में टोटल सात किरदार निभाया है. ट्रेलर के अंतिम हिस्से में आप रावण की मां कैकसी को भी देखेंगे. ये रोल वेटरन एक्ट्रेस शोभना ने प्ले किया है.

# फिल्म का अंत कहां पर होगा?
इंटरनेट पर कई लोग इस बात को लेकर कन्फ्यूज दिख रहे कि 'रामायण' के ट्रेलर में राम-रावण युद्ध क्यों नहीं दिखाया गया. इसकी बहुत सिम्पल-सी वजह है. वो ये कि मेकर्स इस प्रोजेक्ट को दो पार्ट्स में बना रहे हैं. आपने जो ट्रेलर देखा, वो पहले पार्ट का है. इसलिए उसमें राम-रावण युद्ध नहीं दिख रहा. सवाल उठता है कि पहले पार्ट का अंत कहां पर होगा? डायरेक्टर नितीश तिवारी के मुताबिक, वो इसे एक क्लिफ़हैंगर पर खत्म करेंगे. ये क्लिफ़हैंगर सीताहरण वाला सीन होगा, जहां रावण उन्हें अगवा कर पुष्पक विमान से लंका ले जा रहा है. इस दौरान जटायु और उसमें भीषण युद्ध होता है, जिसे यश भी फिल्म की सबसे बड़ी हाइलाइट बता चुके हैं. इस लड़ाई में जटायु के पर काट दिए जाते हैं. अनुमान है कि पहले पार्ट का अंत इसके ठीक बाद वहां पर होगा, जब घायल जटायु दम तोड़ने से पहले भगवान राम को लंका की दिशा बताते हैं.

# ट्रेलर में हनुमान क्यों नहीं दिखाई दिए?
हनुमान के बिना 'रामायण' को इमेजिन भी नहीं किया जा सकता. इसलिए मेकर्स ने इस रोल में सनी देओल जैसे दमदार एक्टर को लिया है. मगर फिल्म के ट्रेलर में वो कहीं नज़र नहीं आए. ये इंटरनेट का सबसे बड़ा सवाल भी बन गया है. मगर ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पहले पार्ट की कहानी जहां खत्म होती है, वहां तक राम और हनुमान की मुलाकात हुई भी नहीं थी. वो तब मिले थे, जब भगवान राम, सीता की खोज में किष्किन्धा जाते हैं.
किष्किन्धा के राजा सुग्रीव उनके हाथ में हथियार देखकर ये समझ बैठते हैं कि उन्हें बाली ने भेजा है. इसलिए उनकी असलियत जानने के लिए हनुमान एक साधु का भेष लेकर राम-लक्ष्मण से मिलने जाते हैं. वही उनकी पहली मुलाकात थी, जिसे आप 'रामायण: पार्ट 2' में देखेंगे. हालांकि इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता कि मेकर्स पहले पार्ट के अंत में भी उनकी हल्की-सी झलक दे देंगे.
# क्या बर्फ वाला युद्ध लंका में हो रहा?
'रामायण' को एक बात पर काफी ट्रोल किया गया है. वो ये कि जब लंका में बर्फ नहीं पड़ती, तो मेकर्स ने वहां बर्फ में युद्ध कैसे करवा दिया? इसका सीधा जवाब तो ये है कि वो युद्ध लंका का है ही नहीं. संभावना है कि उसमें अलकापुरी को दिखाया गया हो. अलकापुरी, रावण के सौतेले भाई और यक्षों के राजा कुबेर की राजधानी थी. ऐसा माना जाता है कि ये जगह कैलाश पर्वत के पास अलकनंदा नदी के तट पर थी. इसी वजह से हमें वहां बर्फ की चादर दिखाई देती है. हालांकि ट्रेलर में हम देवराज इंद्र को वहां अपने ऐरावत हाथी पर आते हुए भी देखते हैं. इस कारण लोग ये दावा भी कर रहे कि वो सीन स्वर्ग का हो सकता है.

# विवेक ओबेरॉय कौनसा किरदार निभा रहे हैं?
'रामायण' के ट्रेलर में विवेक ओबेरॉय एक सरप्राइज़ पैकेज की तरह उभरे हैं. मगर वो क्या रोल कर रहे, इसे लेकर जनता में काफी कन्फ्यूजन है. असल में वो इस प्रोजेक्ट में दानवों के राजकुमार विद्युतजिह्वा के किरदार में हैं. इस काम के लिए उन्होंने कोई पैसा नहीं लिया. इसके बदले उन्होंने मेकर्स से कहा कि वो उनकी फीस कैंसर पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए डोनेट कर दें.
खैर, विद्युतजिह्वा का एक अन्य परिचय ये है कि वो शूर्पणखा का पति और राक्षसराज रावण का जीजा था. राक्षसों और दानवों में बिल्कुल नहीं बनती थी. इसलिए रावण के डर से शूर्पणखा और विद्युतजिह्वा ने शादी भी छिपकर की थी. मगर जब रावण को इस बारे में पता चला तो उसने दानवों के कबीले पर हमला कर दिया. उस लड़ाई में उसने विद्युतजिह्वा की हत्या कर दी. वो शूर्पणखा को भी मारने वाला था मगर मंदोदरी ने उसकी जान बचा ली. इस घटना के बाद शूर्पणखा जंगलों में भटकने लगी, जहां उसे राम, लक्ष्मण और सीता मिले थे. फिर क्या हुआ, वो हम सबको पता है.

कुल मिलाकर, लोगों के ये कुछ बड़े सवाल हैं तो ट्रेलर रिलीज़ के बाद इंटरनेट पर लगातार तैर रहे. हमने अपनी तरफ से उन पर कुछ थ्योरी भी सुझाई है. हालांकि इनकी ठोस पुष्टि के लिए सबको फिल्म रिलीज़ होने तक का इंतज़ार करना होगा. बता दें कि 'रामायण' का पहला पार्ट इस साल दीपावली पर रिलीज़ होगा. वहीं दूसरा पार्ट 2027 की दीपावली पर आएगा.
वीडियो: 'रामायण' के ट्रेलर को देखकर क्या बोली जनता? 'वापस' शब्द को लेकर उठे सवाल













