The Lallantop

'रामायण' में किस एक्टर ने कौनसा किरदार निभाया है, ये रही पूरी लिस्ट!

रणबीर कपूर इस मूवी में डबल रोल कर रहे हैं. एक राम, तो दूसरा परशुराम का.

Advertisement
post-main-image
पहले ऐसी अफ़वाह थी कि 'रामायण' में जटायु का वॉइसओवर अमिताभ बच्चन ने किया है.

प्रोड्यूसर Namit Malhotra ने आज सुबह सवा चार बजे Ramayana का Trailer रिलीज़ कर दिया. बस फिर क्या था, इंटरनेट पर हर तरफ़ इसकी ही चर्चा शुरू हो गई. आज से पहले लोग इस मूवी की स्टारकास्ट को लेकर तरह-तरह के अनुमान लगा रहे थे. मगर ट्रेलर के बहाने मेकर्स ने उनका ऑफिशियल अनाउंसमेंट कर दिया. एक नजर डालते हैं उन सभी एक्टर्स और उनके निभाए कैरेक्टर्स पर, जो 'रामायण: पार्ट 1' के इस ट्रेलर में दिखाई दिए हैं.

Advertisement

# 1. भगवान राम - रणबीर कपूर
भगवान विष्णु के अवतार राम के रोल में रणबीर कपूर नजर आए हैं. 14 साल के वनवास के दौरान उनकी पत्नी सीता को रावण अगवा कर लेता है. उन्हें वापस घर लाने की यात्रा और युद्ध को ही 'रामायण' कहते हैं.

ramayan
भगवान राम - रणबीर कपूर

# 2. सीता - साई पल्लवी
राजा जनक की बेटी सीता का किरदार 'अमरन' और 'मारी' जैसी फिल्मों में नज़र आईं साई पल्लवी ने प्ले किया है. शुरुआत में उनकी कास्टिंग को लेकर काफी सवाल उठे थे. मगर ट्रेलर आने के बाद उन्हें जनता से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.

Advertisement
ramayan
सीता - साई पल्लवी

# 3. लक्ष्मण - रवि दुबे
राजा दशरथ और सुमित्रा के बेटे लक्ष्मण का रोल रवि दुबे ने किया है. वो टीवी के सबसे पॉपुलर एक्टर्स में से एक हैं. उन्होंने 'जमाई राजा' और 'सास बिना ससुराल' जैसे सीरियल्स में काम किया है. साथ ही 'नच बलिए 5' और 'खतरों के खिलाड़ी सीजन 8' में भी नजर आए हैं.

ramayan
 लक्ष्मण - रवि दुबे

# 4. रावण - यश
रावण, ऋषि विश्रवा और कैकसी का बड़ा बेटा था. उसकी मां राक्षस राज सुमाली की बेटी थी. इस कारण उसके पास ऋषियों का ज्ञान और राक्षसों की ताकत, दोनों थी. फिल्म में लंकापति रावण का रोल KGF और 'टॉक्सिक' फेम यश ने प्ले किया है.

ramayan
 रावण - यश

# 5. देवराज इंद्र - कुणाल कपूर
देवताओं के राजा और स्वर्ग के सिंहासन पर विराजमान इंद्र का रोल कुणाल कपूर ने किया है. इससे पहले आप उन्हें ‘रंग दे बसंती’ और ‘गोल्ड’ जैसी कई फिल्मों में देख चुके हैं. ट्रेलर में उनका चेहरा साफ़ तो नहीं दिखा, मगर वो अपने वाहन ऐरावत पर जरूर नजर आते हैं. फिल्म में उनके बेहतर विजुअल्स दिखेंगे क्योंकि ट्रेलर के अंत में रावण और उनका एक युद्ध भी दिखाया गया है. 

Advertisement
indra
ऐरावत पर बैठे देवराज इंद्र - कुणाल कपूर

# 6. राजा दशरथ - अरुण गोविल
अयोध्या के राजा और भगवान राम के पिता दशरथ का रोल अरुण गोविल ने किया है. अरुण ने रामानन्द सागर वाले 'रामायण' सीरियल में खुद भी राम का किरदार निभाया था. उस रोल में उन्हें इतना पसंद किया गया था कि लोग उन्हें पूजने तक लगे थे. यही कारण है कि 'रामायण' में उनकी कास्टिंग को शुरुआत से ही खूब चर्चा मिली.

dashrath
राजा दशरथ - अरुण गोविल

# 7. कौशल्या - इंदिरा कृष्णन
राजा दशरथ ने तीन शादियां की थीं. उनमें सबसे बड़ी रानी कौशल्या यानी भगवान राम की मां का रोल इंदिरा कृष्णन ने किया है. उन्होंने 'तेरे नाम' और 'हॉलीडे' जैसी फिल्मों के अलावा 'अफ़सर बिटिया' जैसे कई सीरियल्स में काम किया है.

ramayana
कौशल्या - इंदिरा कृष्णन

# 8. सुमित्रा - सोनल झा
राजा दशरथ की मंझली रानी सुमित्रा का रोल 'लिपस्टिक अंडर माय बुर्का' और 'बालिका वधू' में नज़र आईं सोनल झा ने किया है. लक्ष्मण और शत्रुघ्न, दशरथ और सुमित्रा के ही बेटे हैं.

सुमित्रा - सोनल झा
सुमित्रा - सोनल झा

# 9. कैकेयी - लारा दत्ता
दशरथ की सबसे छोटी रानी कैकेयी के रोल में फॉर्मर मिस यूनिवर्स लारा दत्ता ने काम किया है. अपने बेटे भरत को अयोध्या का राज सिंहासन दिलवाने के लिए कैकेयी ने ही राम को 14 साल के वनवास पर भिजवाया था.

lara dutta
कैकेयी - लारा दत्ता

# 10. भरत - आदिनाथ कोठारे
'रामायण' में भरत के किरदार में मराठी एक्टर आदिनाथ कोठारे नज़र आ रहे हैं. उन्होंने '83', 'पानी' और 'चंद्रमुखी' जैसी फिल्मों में काम किया है.

ramayana
भरत - आदिनाथ कोठारे (चरण पादुका के साथ)

# 11. शत्रुघ्न - नितीश शर्मा
राजा दशरथ व सुमित्रा के बेटे और लक्ष्मण के छोटे भाई शत्रुघ्न के रोल में नितीश शर्मा ने काम किया है. इससे पहले वो 'प्यार पैसा प्रॉफिट' सीरीज़ में नज़र आए थे.

# 12. शूर्पणखा - रकुलप्रीत सिंह
शूर्पणखा राक्षसराज रावण, कुम्भकर्ण और विभीषण की बहन थी. उसकी शादी दानव राजकुमार विद्युतजिह्वा से हुई थी. कहते हैं कि राक्षसों को दानव फूटी आंख नहीं सुहाते थे. इसलिए रावण ने गुस्से में विद्युतजिह्वा की हत्या कर दी. वो शूर्पणखा को भी मारने वाला था मगर मंदोदरी ने उसकी जान बचा ली. इस घटना के बाद शूर्पणखा जंगलों में भटकने लगी, जहां उसे राम, लक्ष्मण और सीता मिले थे. फिल्म में शूर्पणखा का रोल रकुलप्रीत सिंह ने किया है.

ramayana
शूर्पणखा - रकुलप्रीत सिंह

# 13. विद्युतजिह्वा - विवेक ओबेरॉय
विद्युतजिह्वा दानवों के कबीले का राजकुमार था. फिल्म में उसका रोल विवेक ओबेरॉय ने किया है. विद्युतजिह्वा युद्ध और माया का एक्सपर्ट था. शूर्पणखा ने रावण से छिपकर उससे शादी की थी. चूंकि राक्षसों और दानवों में जमती नहीं थी, इसलिए रावण ने उसकी हत्या कर दी. ट्रेलर में उनका फाइटिंग सीक्वेंस भी दिखाया गया है.

ramayana
विद्युतजिह्वा - विवेक ओबेरॉय

# 14. परशुराम - रणबीर कपूर
महर्षि परशुराम को भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है. सीता स्वयंवर में जब राम ने भगवान शिव के धनुष पिनाक को तोड़ दिया, तो परशुराम उनसे लड़ने आ गए थे. ये पहला मौका था जब दो विष्णु अवतार आमने-सामने आए थे. शुरुआत में वो राम पर खूब भड़के, मगर फिर उनका व्यवहार देखकर परशुराम का गुस्सा शांत हो गया. फिल्म में रणबीर कपूर ने राम और परशुराम दोनों रोल प्ले किया है, जिसे आप ट्रेलर में भी देख सकते हैं.

ramayana
परशुराम - रणबीर कपूर

# 15. जटायु - अनुपम खेर
रावण जब सीताहरण करके उन्हें पुष्पक विमान से लंका ले जा रहा था, तब पक्षीराज जटायु ने ही उससे युद्ध किया था. उस लड़ाई में रावण ने उनके पर काट दिए थे. ट्रेलर में भी वो फाइटिंग सीक्वेंस दिखाया गया है. पहले ऐसी खबरें थीं कि जटायु का वॉइसओवर अमिताभ बच्चन करेंगे. मगर नई अपडेट ये है कि उनकी आवाज़ वेटरन अनुपम खेर बने हैं.

jatayu
जटायु - अनुपम खेर

# 16. मंथरा - शीबा चड्ढा
मंथरा रानी कैकेयी की वही बूढ़ी नौकरानी थी, जिसने राम के खिलाफ़ उनके कान भरे थे. उसके कहने पर ही कैकेयी ने दशरथ से राम को वन भेजने की मांग की थी. फिल्म में ये किरदार 'मिर्ज़ापुर' और 'बंदिश बैंडिट्स' में नज़र आईं शीबा चड्ढा ने निभाया है.

ramayana
मंथरा - शीबा चड्ढा

# 17. मारीच - सौरभ सचदेवा
मारीच ही वो मायावी राक्षस था, जिसने सोने का हिरण बनकर राम और लक्ष्मण को जंगल में भटकाया था. फिल्म में ये किरदार सौरभ सचदेव ने प्ले किया है. वो इससे पहले 'एनिमल' और 'सेक्रेड गेम्स' में नज़र आ चुके हैं.  

maareech
मारीच - सौरभ सचदेवा

ये उन एक्टर्स की सूची है, जो 'रामायण: पार्ट 1' के ट्रेलर में स्क्रीन पर दिखाई दिए. इनके अलावा फिल्म में मंदोदरी, जनक, विभीषण, मेघनाद और कई अन्य किरदार दिखाई देंगे. मंदोदरी का रोल काजल अग्रवाल ने प्ले किया है. वैसे लोग ये शिकायत भी कर रहे थे कि ट्रेलर में हनुमान यानी सनी देओल को क्यों नहीं दिखाया गया. उसकी वजह ये है कि 'रामायण: पार्ट 1' सीताहरण वाले सीन पर खत्म हो जाएगा. राम और हनुमान की मुलाकात इसके बाद हुई थी. इसलिए अधिक चांस ये है कि हम हनुमान को अब सीधे सेकेंड पार्ट के एसेट्स में देखें. जहां तक रिलीज़ की बात है, 'रामायण' का पहला पार्ट इस साल दीपावली पर आएगा. वहीं दूसरा पार्ट 2027 की दीपावली पर रिलीज़ होगा.

वीडियो: 'रामायण' के दोनों पार्ट्स के म्यूजिक राइट्स टी-सीरीज ने 75 करोड़ में खरीदे?

Advertisement