Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana की रिलीज़ में अब एक महीने से कम समय बाकी है. इसलिए मेकर्स ने फिल्म के ग्लोबल रिलीज़ की अंतिम तैयारी शुरू कर दी. अमेरिका में ये फिल्म Ramayana: Rise of a Legend नाम से 05 नवंबर को सिनेमाघरों में पहुंचेगी. वहां इसके दो अलग-अलग वर्जन्स रिलीज़ हो रहे हैं. गौर करने वाली बात ये है कि दोनों वर्जन के रनटाइम में करीब 30 मिनट का अंतर है.
अमेरिका में 'रामायण' के दो वर्जन रिलीज़ करने का फैसला कहीं बैकफायर न कर जाए!
इस बदलाव के कारण अमेरिकी जनता हान्स ज़िमर और एआर रहमान का ज्यादातर काम देख-सुन नहीं पाएगी.

वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 'रामायण' का हिंदी और इंग्लिश, दोनों वर्जन रिलीज़ किया जाएगा. दुनिया का सबसे बड़ा थिएटर चेन AMC यानी अमेरिकन मल्टी सिनेमा ने वहां इसे दो अलग रनटाइम के साथ लिस्ट किया है. हिंदी वर्जन की लंबाई 3 घंटे 15 मिनट है. वहीं इंग्लिश वाले को 30 मिनट छोटा कर दिया गया है. इस तरह उसका रनटाइम 2 घंटे 45 मिनट के आसपास का होगा.

मेकर्स ने इंग्लिश वर्जन में ऐसी कटौती विदेशी ऑडियंस को ध्यान में रखकर की है. दरअसल, अमेरिका समेत वेस्ट के कई देशों में फिल्म के बीच इंटरवल का कॉन्सेप्ट नहीं होता. वहां लोग ये मानते हैं कि बीच में ब्रेक देने से मूवी का फ़्लो खराब होता है. यही कारण है कि हॉलीवुड की फिल्में सामान्य तौर पर दो-ढाई घंटे के आसपास की होती हैं. इस रनटाइम की मूवीज़ लोग एक सिटिंग में देख सकते हैं. इसलिए मेकर्स ने उनकी सुविधा के लिए फिल्म से आधे घंटे का फुटेज उड़ा दिया. इस दौरान उन्होंने ‘रामायण’ के गानों पर कैंची चलाई है. दूसरी तरफ़, जो लोग अमेरिका में फिल्म का हिंदी वर्जन देखना चाहते हैं, वो इसके गाने भी सुन सकेंगे. यही नहीं, फिल्म में उनकी सुविधा के लिए इंग्लिश सबटाइटल्स भी जोड़े गए हैं.
वैसे, 'रामायण' की हाइप बढ़ाने में एक बड़ा कारण इसका म्यूजिक भी है. फिल्म को ग्लोबल ऑडियंस तक ले जाने के लिए नमित मल्होत्रा, हान्स ज़िमर और एआर रहमान जैसे ऑस्कर विनिंग म्यूजिक कम्पोजर्स को साथ लाए हैं. इसके लिरिक्स उन्होंने कुमार विश्वास से लिखवाए हैं. मगर 'रामायण' से इसके गाने हटा देने पर विदेशी ऑडियंस ज़िमर, रहमान और कुमार विश्वास का पूरा काम देख-सुन नहीं पाएगी. ऐसे में उनका ये फैसला बैकफायर कर सकता है. हालांकि अमेरिकन ऑडियंस मूवी को कैसे रिसीव करती है, ये 05 नवंबर को इसकी रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा. भारत में भी 'रामायण' सेम डेट पर आ रही है. मगर इसके पेड प्रिव्यू शोज़ 04 नवंबर से शुरू हो जाएंगे.
वीडियो: 'रामायण' के मेकर्स ने बॉक्स ऑफिस पर बवंडर उठाने का इंतज़ाम कर लिया?












