Sony Pictures के साथ हुई डील Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana को तगड़ा फ़ायदा करवाने वाली है. सोनी ने फिल्म के ओवरसीज़ डिस्ट्रिब्यूशन का जिम्मा संभाला है. इससे 'रामायण' दुनियाभर के छोटे-बड़े देशों के अलावा चाइना में भी रिलीज़ होगी. वहां इसे Ramayana: The Legend of the Prince नाम से रिलीज़ किया जाएगा. अगर सबकुछ प्लान के मुताबिक रहा, तो ये भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन जाएगी.
'रामायण' के मेकर्स का ये मास्टरस्ट्रोक फिल्म को 500 करोड़ की ओपनिंग दिलवा सकता है!
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' के मेकर्स ने ऐसी स्ट्रैटेजी बनाई है कि पैसा ही पैसा होगा!

सोशल मीडिया पर चाइनीज़ माइक्रो ब्लॉगिंग साइट वीबो का एक स्क्रीनशॉट तैर रहा है. उसमें सोनी पिक्चर्स के हैंडल से 'रामायण' के ऑफिशियल टाइटल और प्लॉट समरी के बारे में बताया गया है. चाइना में इसे 'रामायण: द लीजेंड ऑफ द प्रिंस' बुलाया जा रहा है. साथ ही वहां इसे नितेश तिवारी की फिल्म के तौर पर प्रमोट किया जाएगा. नितेश इसलिए, क्योंकि उनके डायरेक्शन में बनी 'दंगल' ने चाइना में रिकॉर्ड कमाई की थी. चाइना की बदौलत ही वो भारत की हाइएस्ट ग्रॉसिंग मूवी बन पाई. ‘दंगल’ ने चीनी मार्केट से 1300 करोड़ रुपए के आसपास कमाई की थी.

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के बाकी देशों की तरह चाइना में भी 'रामायण' 06 नवंबर को रिलीज़ होगी. वहीं भारत में ये दो दिन बाद यानी 08 नवंबर को दिवाली के दिन आएगी. चाइना के पास 90 हजार से ज्यादा स्क्रीन्स हैं. दुनिया का कोई भी दूसरा देश इसके आसपास भी नहीं. सेकेंड नंबर पर आने वाले अमेरिका के पास उसकी तुलना में 41 हजार स्क्रीन हैं. इसलिए 'रामायण' के मेकर्स इस मूवी के लिए चाइनीज़ मार्केट को भी टार्गेट कर रहे.
सोनी पिक्चर्स ‘रामायण’ को इंटरनेशनल मार्केट में 50 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज़ करेगी. इसलिए ये मानकर चल सकते हैं कि इसमें से एक बड़ा शेयर चाइना का होगा. वहां अगर ये फिल्म 10 से 15 हजार स्क्रीन्स पर भी आ जाती है, तो ये भारत से बड़ा स्क्रीन काउंट होगा. लेकिन नमित मल्होत्रा ने अपनी तरफ़ से अब तक इस बात की पुष्टि नहीं की है. अगर 'रामायण' चाइना में रिलीज़ हुई, तो ये भारतीय सिनेमा इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म बन सकती है. फिलहाल ये रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' के नाम पर है. उसने रिलीज़ के पहले दिन दुनियाभर से 275 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई की थी. सोनी पिक्चर्स के साथ मेकर्स ने जो डील की है, उसके बाद इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता कि 'रामायण' पहले दिन 300-500 करोड़ के बीच ओपनिंग ले सकती है. हालांकि बेहतर अनुमान लगाने के लिए हमें मेकर्स के ऑफिशियल कन्फर्मेशन और फाइनल रिलीज़ स्ट्रैटेजी का इंतज़ार करना होगा.
वीडियो: रिलीज़ से पहले ही 'रामायण' का बड़ा रिकॉर्ड, 'अवतार: द वे ऑफ वाटर' को छोड़ा पीछे













