आखिरकार! Ramayana के मेकर्स ने फिल्म का नया पोस्टर और पहला गाना रिलीज़ कर दिया. Jai Jai Ram नाम के इस गीत के पीछे Shreya Ghoshal और Arijit Singh की आवाज़ है. म्यूजिक AR Rahman का है और लिरिक्स Kumar Vishwas ने लिखे हैं. इस गीत के ज़रिए मेकर्स ने फिल्म के कुछ नए विजुअल्स रिवील किए हैं, जो देखने में खूबसूरत लग रहे. यही नहीं, पुराने शॉट्स की कलर ग्रेडिंग भी बेहतर कर दी गई है.
'रामायण' का पहला गाना 'जय जय राम' हुआ रिलीज़, श्रेया घोषाल-अरिजीत सिंह की हुई वापसी!
'जय जय राम' गाने में मेकर्स ने कई नए सीन्स जोड़े हैं. इनमें सीता-राम विवाह को हाइलाइट किया गया है.

'रामायण' की रिलीज़ में अब दो महीने से कम समय बाकी है. काफी टाइम से लोग ये डिमांड कर रहे थे कि मेकर्स फिल्म के बाकी एसेट्स रिवील करना शुरू कर दें. इसलिए उन्होंने अनाउंस किया कि वो आज यानी गणेश चतुर्थी पर फिल्म का नया पोस्टर और गाना लाएंगे. सुबह 07:30 बजे फिल्म से रणबीर कपूर और साई पल्लवी का ऑफिशियल पोस्टर रिलीज़ किया गया. इसमें वनवास के दौरान भगवान राम, सीता के बालों में फूल लगाते दिख रहे हैं.

लगभग 10 बजे के आसपास टी-सीरीज़ और वर्ल्ड ऑफ रामायण जैसे यूट्यूब चैनल्स पर 'जय जय राम' गाना रिलीज़ हो गया. लिरिक्स राइटर डॉ कुमार विश्वास ने इसे शेयर करते हुए लिखा,
"जय जय राम तीन सरल शब्द हैं. लेकिन इन शब्दों में पूरी प्रार्थना समाई हुई है. इस गीत को लिखते समय मेरा मकसद भगवान राम का वर्णन करना नहीं था. क्योंकि उनका अर्थ शब्दों में नहीं समेटा जा सकता. मेरा उद्देश्य उस रिश्ते को शब्दों में पिरोना था, जो हर भक्त का श्रीराम से होता है- एक मार्गदर्शक, हमारी ताकत और हमारे सहारे के रूप में."

'जय जय राम' गीत में कई नए विजुअल्स जोड़े गए हैं. इनमें सीता-राम विवाह के दौरान दोनों परिवारों की भेंट, जयमाला और एक डांस सीक्वेंस है. ये सब पिछले टीज़र-ट्रेलर में नहीं दिखाया गया था. एक सीन में कौशल्या, भगवान राम की आरती उतार रही हैं. एक अन्य में भगवान राम, राजा दशरथ के पैर दबाते दिख रहे. चित्रकूट का वो सीन जब भरत, राम से मिलने आए थे, वो भी जोड़ा गया है. शादी के बाद अयोध्या में सीता-राम के स्वागत वाला सीक्वेंस भी काफी सुंदर लग रहा. यहां हम इन सीन्स का ज़िक्र इसलिए कर रहे क्योंकि इनमें पहले की तुलना में काफी इम्प्रूवमेंट दिख रहा है. यही कारण है कि ये गीत रिलीज़ होते ही इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगा. वहां इसे जनता से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. हालांकि लिरिक्स या म्यूजिक के मामले में इस गाने में खास नयापन नहीं दिख रहा है. ऐसा आपने पहले भी दर्जनों फिल्मों में सुन रखा है.
'रामायण' के म्यूजिक कंपोजिशन का जिम्मा ऑस्कर विनर्स हान्स ज़िमर और एआर रहमान को मिला है. मगर 'जय जय राम' को केवल रहमान ने कम्पोज़ किया. इससे ये हिंट मिल रहा कि ज़िमर शायद फिल्म के वॉर सीक्वेंस का म्यूजिक बनाएंगे. इस गाने के ज़रिए श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह की हिट जोड़ी एक बार फिर साथ आई है. वैसे, 'रामायण' वो अंतिम बॉलीवुड प्रोजेक्ट है, जहां आप अरिजीत की आवाज़ सुनने वाले हैं. रही फिल्म की बात, तो 'रामायण' का पहला पार्ट 06 नवंबर को ओवरसीज़ मार्केट में रिलीज़ होगा. हालांकि ऑस्ट्रेलिया में ये फिल्म 05 नवंबर को ही आने वाली है. भारत में ये 08 नवंबर को दीपावली के मौके पर आएगा.
वीडियो: 'रामायण' के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने चीन में 'दंगल' जैसा ही खेल कर दिया?









