उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के एक कैफे का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में इंदिरापुरम इलाके के डी-मॉल में मौजूद वलाला कैफे के अंदर कुछ लोगों को घूमते और चिल्लाते हुए देखा जा सकता है. एक शख्स कैफे में मौजूद लड़कियों से कहता है, 'अगर बवाल नहीं चाहते तो सारी बहनें अंदर चली जाओ'.
हिंदू रक्षा दल के लोगों ने कैफे में की तोड़फोड़, 50 हजार रंगदारी मांगी, महिला ने सुनाई आपबीती
गाजियाबाद में कैफे चलाने वाली महिला ने कहा कि 15 दिन पहले कुछ हथियारबंद लोग, सौरभ पंडित, अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी आए, और मेरे कैफे में तोड़-फोड़ शुरू कर दी. जब मैंने रोकने की कोशिश की तो इन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी दी. इन्होंने 50 हजार रुपये महीना देने के लिए भी कहा.

दावा किया जा रहा कि ये लोग हिंदू रक्षा दल से जुड़े हैं. लेकिन इस पूरे मामले की कहानी सिर्फ कैफे में घुसने तक सीमित नहीं है. इसमें पुलिस, कैफे ओनर और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं की तरफ से अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं.
क्या है पूरा मामला?11 सितंबर की रात करीब 2 बजकर 12 मिनट का वक्त था. वीडियो में हिंदू रक्षा दल से जुड़ा सौरभ पंडित कैफे के अंदर दिखाई दे रहा है. वो कहता है कि इतनी रात हो गई है. कैफे अभी भी खुला हुआ है. सौरभ का दावा है कि कैफे के लाइसेंस के मुताबिक इसे रात 12 बजे तक ही खुलना चाहिए था.
वीडियो में सौरभ कैफे के अंदर मौजूद लड़के-लड़कियों की तरफ कैमरा करता है. उन्हें दिखाते हुए वो कहता है कि कैफे के अंदर शराब और हुक्का परोसा जा रहा है. इसके अलावा वीडियो में सौरभ एक मुस्लिम शख्स के साथ मौजूद हिंदू लड़कियों का भी जिक्र करता है.
वो कैफे में वीडियो बनाने को लेकर अपने साथ अभद्रता किए जाने की बात भी कहता है. वीडियो में सौरभ पंडित अपना परिचय देते हुए कहता है कि उसने पुलिस को भी इसके बारे में सूचना दे दी है. सौरभ पंडित ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए. दावा किया कि पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची भी. लेकिन पुलिसवाले कैफे के अंदर जाकर जांच नहीं कर रहे थे.
पुलिस ने क्या बताया?अब यहां से मामले में एक पेंच है. पुलिस के मुताबिक अब कार्रवाई का दूसरा पहलू भी है. इंदिरापुरम ACP सूर्यबली मौर्य ने बताया कि अभी वायरल वीडियो की जांच चल रही है. यानी वीडियो में किए गए शराब, हुक्का और कैफे के देर रात खुले होने जैसे मामलों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

इस मामले का एक तीसरा पहलू भी है. कैफे की संचालिका हरलीन कौर का कहना है,
"मेरे कैफे के सभी कागज पूरे हैं. पिछली कई बार से हिंदू रक्षा दल के कुछ लोग दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित, सौरभ दीक्षित, अमित पहलवान कैफे में घुस आते थे. पुलिस और हिंदू रक्षा दल लीडर पिंकी चौधरी का नाम लेकर फ्री में खाना खाते थे. बिना पैसे दिए वो यहां से चले जाते थे. कुछ दिन पहले ये लोग कैफे में आए थे. जब इनसे बिल देने के लिए कहा गया तो इन्होंने स्टाफ के साथ गाली गलौच और मारपीट की."
हरलीन आगे कहती हैं,
"इसकी कंप्लेन मैंने 112 पर भी दी थी. 15 दिन पहले कुछ हथियारबंद लोग, सौरभ पंडित, अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी आए, और मेरे कैफे में तोड़-फोड़ शुरू कर दी. जब मैंने रोकने की कोशिश की तो इन्होंने मुझे जान से मारने की धमकी दी. साथ ही इन्होंने 50 हजार रुपये महीना देने के लिए भी कहा."
हरलीन ने कुछ व्हाट्सऐप चैट्स भी शेयर किए. इन चैट्स में उनसे पैसे मांगे जा रहे थे. बताया जा रहा है कि जिस नंबर से उनसे पैसे मांगे गए वो अक्कू पंडित का था. हरलीन ने कहा कि उनके पास सबूत के तौर पैसे देने का स्क्रीनशॉट, कैफे में मारपीट और बदतमीजी करने का CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है.
हिंदू रक्षा दल के लोगों पर FIRफिलहाल कैफे में मुफ्त खाना खाने, 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में हिंदू रक्षा दल के दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित, सौरभ पंडित, अमित पहलवान पर FIR दर्ज कर ली गई है. DCP ट्रांस हिंडन ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है. मामले में आगे की जांच चल रही है.
यह भी पढ़ें: 'बच्चों को हिंदू प्रार्थना गाने को मजबूर नहीं कर सकते', HC ने सरकारी आदेश पर रोक लगाई
पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगा कि उस रात कैफे में आखिर हुआ क्या था. पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है. कैफे संचालिका की तरफ से दी गई व्हाट्सऐप चैट भी जांच का हिस्सा है.
वीडियो: होली पर महिला से बदसलूकी करने वाला 'हिंदू रक्षा दल' का कार्यकर्ता धरा गया










