The Lallantop

खराब रिव्यूज़ के बाद भी मंडे टेस्ट में पास हुई राजकुमार राव की 'श्रीकांत'

Rajkummar Rao की फिल्म नेत्रहीन इंडस्ट्रियलिस्ट Srikanth Bolla के जीवन पर आधारित है. क्रिटिक्स ने फिल्म को टिपिकल किस्म की बायोपिक कहा था.

Advertisement
post-main-image
'श्रीकांत' ने 'मेरी क्रिसमस', 'लापता लेडीज़' और 'ऑपरेशन वेलेंटाइन' जैसी फिल्मों को मंडे टेस्ट में पीछे छोड़ दिया.

बीती 10 मई को Rajkummar Rao की फिल्म Srikanth सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई. ये नेत्रहीन इंडस्ट्रियलिस्ट Srikanth Bolla के जीवन पर आधारित कहानी थी. फिल्म के ट्रेलर को पसंद किया गया. बस ये अच्छे रिव्यूज़ के साथ नहीं खुली. क्रिटिक्स ने अपने रिव्यू में लिखा कि ये बहुत टिपिकल टाइप की बायोपिक है. इस टेम्पलेट पर पहले भी दसियों बायोपिक बन चुकी हैं. फिल्म को भले ही अच्छे रिव्यूज़ नहीं मिले, लेकिन ये अपने मंडे टेस्ट में पास हो गई. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक ‘श्रीकांत’ को 2.25 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली थी. उसके बाद फिल्म ने 11 और 12 मई को 4.2 करोड़ और 5.25 करोड़ रुपये जोड़े. 13 मई यानी सोमवार को फिल्म की कमाई में करीब 66% की गिरावट देखने को मिली. फिल्म ने करीब 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन दर्ज किया था. उसके बावजूद भी ये मंडे टेस्ट में पास हो गई. 

Advertisement

उसकी वजह है कि बीते कुछ समय में कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज़ नहीं हुई. ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘मैदान’ जैसी फिल्में आई, लेकिन वो अपेक्षा पर खरी नहीं उतरी. बाकी पहले सोमवार की कमाई में ‘श्रीकांत’ ने ‘लापता लेडीज़’, ‘ऑपरेशन वेलेंटाइन’ और ‘दो और दो प्यार’ जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. ‘लापता लेडीज़’ ने पहले सोमवार को सिर्फ 50 लाख रुपये कमाए थे. वहीं ‘ऑपरेशन वेलेंटाइन’ और ‘दो और दो प्यार’ सिर्फ 75 लाख और 25 लाख ही कमा पाई थीं. आने वाले कुछ दिनों में भी ‘श्रीकांत’ को बॉक्स ऑफिस पर चैलेंज नहीं मिलने वाला. वजह है कि चुनाव के चलते कई बड़ी फिल्मों ने अपनी रिलीज़ डेट खिसका दी. इसलिए फिल्म मई तक कमाई कर सकती है. बाकी अगले हफ्ते यानी 23 मई को मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘भैया जी’ भी रिलीज़ हो रही है. वो फिल्म भले ही ‘श्रीकांत’ का मार्केट टेक ओवर नहीं करेगी, लेकिन थोड़ा असर पड़ सकता है. 

बाकी ‘श्रीकांत’ की बात करें तो फिल्म को तुषार हीरानंदानी ने डायरेक्ट किया है. फिल्म में राजकुमार राव के साथ ज्योतिका, शरद केलकर और अलाया एफ ने भी अहम किरदार निभाए हैं. इसके बाद राजकुमार राव की अगली रिलीज़ ‘मिस्टर एंड मिसेज़ माही’ है. वहां उनके साथ जान्हवी कपूर नज़र आएंगी. ‘मिस्टर एंड मिसेज़ माही’ 31 मई 2024 को सिनेमाघरों में उतरेगी. उस फिल्म के बाद वो तृप्ति डिमरी के साथ ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में नज़र आएंगे. ये फिल्म 11 अक्टूबर 2024 को रिलीज़ होगी.                        
 

Advertisement

वीडियो: श्रीकांत मूवी रिव्यू: नायक और एक्टर के साथ न्याय नहीं कर पाई फिल्म!

Advertisement
Advertisement