1) फिल्म के पोस्टर में सेंटर में चेहरे पर बड़ी सी स्माईल लिए रजनीकांत दिखाई देते हैं. लेकिन इस पोस्टर को इंट्रेस्टिंग बनाती हैं, उनके आसपास मौजूद चीज़ें. रजनी की शक्ल के आस पास कई पुलिसिया चीज़ें बिखरी हुई दिखाई देती हैं. जैसे रजनी के कंधे से लटकता आईपीएस बैज, पुलिस कैप, बेल्ट, बंदूकें, कुत्ता, हथकड़ी और बैकड्रॉप में गेटवे ऑफ इंडिया. साथ में ये लिखा है कि 'तुम तय करो कि मैं तुमसे कैसे पेश आऊं- बुरा, उससे भी बुरा या सबसे बुरा.' फिल्म का पोस्टर आप नीचे देख सकते हैं:

2) मतलब साफ है. आखिरी फिल्म 'पेट्टा' में कॉलेज वार्डन का रोल करने के बाद रजनीकांत 'दरबार' में एक पुलिसवाले का रोल करेंगे. आखिरी बार रजनीकांत फिल्म 'पांडियन' में पुलिस के रोल में नज़र आए थे, जो 1992 में रिलीज़ हुई थी. यानी तकरीबन 27 साल बाद. हालांकि उससे पहले भी वो 'मूंदरू मुगम' (1992), 'गिरफ्तार' (1985), 'कोडी परकुथू' (1988), 'हम' और 'फूल बने अंगारे' (1991 समेत कई फिल्मों पुलिसवाले का रोल कर चुके हैं.

फिल्म 'मूंदरू मुगम' में रजनीकांत का किरदार एलेक्स पांडियन बहुत पसंद किया गया था.
3) इस फिल्म में रजनीकांत के अपोजिट कास्ट की गई हैं नयनतारा. नयनतारा आखिरी बार हॉरर फिल्म 'आयरा' में नज़र आई थीं. 'चंद्रमुखी' (2005) और 'कुलेसन' (2008) के बाद 'दरबार' तीसरी फिल्म होगी, जिसमें वो रजनीकांत के साथ काम करेंगी. फिल्म से जुड़ी एक खबर जो दबी जुबान में चल रही है, वो ये कि फिल्म रजनीकांत का डबल रोल हो सकता है. एक आईपीएस ऑफिसर का और सोशल एक्टिविस्ट का. लेकिन कंफर्म अभी तक कुछ नहीं.

फिल्म 'आयरा' के एक सीन में नयनतारा. फिल्म में नयनतारा का डबल रोल था.
4) 4 अप्रैल को चेन्नई के एक स्टूडियो में रजनीकांत का इस फिल्म के लिए लुक शूट था. इससे पहले की मेकर्स उन लुक्स को लॉन्च करते, सेट से ही किसी ने रजनीकांत की एक तस्वीर लीक कर दी, जिसमें वो खाकी वर्दी के ऊपर ब्राउन कलर की लेदर जैकेट डाले नज़र आ रहे थे. यानी अपनी कैरेक्टर के गेटअप में थे.
5) इस फिल्म में दो दिग्गजों पहली बार एक-साथ आ रहे हैं. रजनीकांत और ए.आर. मरुगदॉस. रजनीकांत तो परदे दिखते हैं, इसलिए उन्हें सबलोग जानते हैं. मरुगदॉस डायरेक्टर हैं. अब तक 12 फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. तमिल भाषा की 'थुपाकी', 'कत्थी', 'स्पायडर', 'सरकार' जैसी तमिल और 'गजनी', 'हॉलीडे' जैसी हिंदी फिल्में डायरेक्ट कर चुके हैं. साउथ इंडस्ट्री के सफल नामों में से एक. गज़नी वो पहली हिंदी फिल्म थी, जिसने इंडिया में 100 करोड़ रुपए से ज़्यादा का कारोबार किया था.

मरुगदॉस की आखिरी फिल्म थी 'सरकार', जिसमें विजय और कीर्ति सुरेश ने लीड रोल्स किए थे.
6) बताया जा रहा है कि रजनीकांत अपनी इस फिल्म की शूटिंग 10 नवंबर से शुरू होगी. रिलीज़ डेट पोंगल 2020 बताई जा रही है. रजनी की पेट्टा भी इस साल पोंगल पर ही थिएटर्स में लगी थी.
वीडियो देखें: करन जौहर की 15 साल से बन रही फिल्म कलंक के ट्रेलर की दिलचस्प बातें













