The Lallantop

मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई नहीं रहे, देर रात कमरे में सुसाइड कर लिया

नितिन देसाई ने 'राजू चाचा', 'देवदास', 'जोधा अकबर', 'हम दिल दे चुके सनम', 'लगान' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी कई बड़ी फिल्मों के सेट तैयार किए थे. स्थानीय विधायक ने बताया है कि उन्होंने क्यों आत्महत्या की?

Advertisement
post-main-image
नितिन देसाई अपने स्टूडियो में मृत पाए गए | फाइल फोटो: आजतक

सिनेमा जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर है. बॉलीवुड के मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई नहीं रहे. उन्होंने मंगलवार 1, अगस्त को देर रात आत्महत्या कर ली. आजतक से जुड़े मुस्तफा शेख की एक रिपोर्ट के मुताबिक नितिन देसाई कर्जत इलाके में स्थित अपने एनडी स्टूडियो में मृत पाए गए. पुलिस ने अभी तक उनकी मौत के कारण के बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की है. लेकिन, कहा जा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

उनकी मौत का कारण पैसों की तंगी बताया जा रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक नितिन देसाई मंगलवार रात 10 बजे अपने कमरे में चले गए थे. आज सुबह काफी देर तक जब वो बाहर नहीं आए, तो उनके बॉडीगार्ड और दूसरे लोगों ने दरवाजा खटखटाया. लेकिन, उन्होंने दरवाजा नहीं खोला. जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने आकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर उनका शव मिला. जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

कर्जत विधायक ने मौत को लेकर क्या बताया?

नितिन देसाई ने साल 2005 में मुंबई के पास कर्जत में 52 एकड़ जमीन पर अपना एनडी स्टूडियो खोला था. वो अपना ज्यादातर समय यहीं गुजारते थे. कर्जत के विधायक महेश बाल्दी ने नितिन देसाई की मौत से जुड़ी जानकारी साझा की है. उन्होंने कहा कि नितिन देसाई ने आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या की है.

Advertisement

विधायक ने मीडिया से बातचीत में कहा,

‘नितिन देसाई मेरे विधानसभा क्षेत्र में रहते थे. वो काफी दिनों से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे. आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने आज सुबह एनडी स्टूडियो में आत्महत्या कर ली.’

बड़ी फिल्मों के सेट बनाए 

नितिन देसाई के फ़िल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1989 में परिंदा फिल्म से एक आर्ट डायरेक्टर के तौर पर शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने ‘राजू चाचा’, ‘देवदास’, ‘प्यार तो होना ही था’, ‘जोधा अकबर’, ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘मिशन कश्मीर’, ‘लगान’ और ‘बाजीराव मस्तानी’ जैसी कई बड़ी फिल्मों के सेट तैयार किए. नितिन देसाई ने ही बिग बॉस का भी सेट डिजाइन किया था. बेस्ट आर्ट डायरेक्टर के तौर पर उन्हें चार बार नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था.

Advertisement

इन फिल्मों के लिए मिला था नेशनल अवॉर्ड
डा. बाबा साहेब अंबेडकर (1999)
हम दिल दे चुके सनम (2000)
लगान (2002)
देवदास (2003)

वीडियो: दी सिनेमा शो: 'जवान' के लिए शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण, नयनतारा, विजय ने कितनी फील ले ली?

Advertisement