एक्शन, कॉमेडी, सोशल ड्रामा, रोमांस, हिस्टोरिकल एपिक और थ्रिलर्स. Akshay Kumar ने सिनेमा के लगभग हर पॉपुलर फॉर्मेट में अपना हाथ आज़माया है. मगर उनके करियर को पुश करने में सबसे बड़ा योगदान एक्शन मूवीज़ का ही रहा. हालांकि करियर के 35 साल पूरे कर लेने के बाद वो अपनी उन्हीं फिल्मों पर अफ़सोस जताते हैं. वो भी इतना कि उन्हें खुद को थप्पड़ मारने का मन करता है. अक्षय को लगता है कि उनकी एक्शन मूवीज़ की वजह से उन्हें शुरुआती दिनों में खुद पर एक्सपेरिमेंट करने का ज्यादा मौका नहीं मिल पाया.
जिन फिल्मों से करियर बना, उन पर ही अफ़सोस कर रहे अक्षय कुमार, बोले- "खुद को थप्पड़ मारने का मन करता है..."
अक्षय का कहना है कि वो साल में चार फिल्में इसलिए करते हैं ताकि फिल्म इंडस्ट्री में लोगों को काम मिलता रहे.


फिल्मों में आने से पहले अक्षय मार्शल आर्ट ट्रेनर थे. उन्होंने 1987 में रिलीज़ हुई 'आज' मूवी में बतौर कराटे इंस्ट्रक्टर, एक बेहद छोटा रोल भी किया था. लेकिन बतौर फुल फ्लेजेड एक्टर उन्होंने 1991 में रिलीज़ हुई 'सौंगंध' से डेब्यू किया. साल भर बाद उन्होंने 'खिलाड़ी' में काम किया, जहां लोगों ने उन्हें इतना पसंद किया कि उनके पास एक्शन फिल्मों की भरमार लग गई. अक्षय तब केवल पैसे कमाने के लिए सिनेमा में आए थे. इसलिए उन्होंने लगातार एक्शन मूवीज़ की और जाने-अनजाने टाइपकास्ट होते चले गए. बस इसी बात पर उन्हें आज तक अफ़सोस होता है.
अक्षय इन दिनों 'वेलकम टू द जंगल' को प्रमोट कर रहे हैं. इस दौरान PTI से हुई बातचीत में वो कहते हैं,
"करियर शुरू करने के लगभग एक दशक बाद जब मैंने अपनी फिल्मों को देखा, तो खुद को थप्पड़ मारने का मन करने लगा. मैंने केवल एक्शन रोल्स किए थे. इसलिए किसी को भी ये नहीं लगता था कि मैं कुछ और भी कर सकता हूं. मुझे एहसास हुआ कि अब खुद को बदलने की जरूरत है. मैं अलग-अलग तरह के कैरेक्टर्स करना चाहता था. तब जाकर मैंने हेरा-फेरी, मुझसे शादी करोगी, टॉयलेट एक प्रेम कथा और पैडमैन जैसी फिल्में कीं. मैं खुद को ट्रांसफॉर्म करने लगा."
अक्षय को अक्सर इस बात पर ट्रोल किया जाता है कि वो साल में चार फिल्में ले आते हैं. आरोप लगाया जाता है कि ऐसा करने में वो अपने कॉन्टेन्ट से समझौता करते हैं. मगर उनका मानना है कि वो इतनी फिल्में इसलिए करते हैं ताकि इंडस्ट्री का काम चलता रहे. वो खुद ज्यादा काम करेंगे तो लोगों को ज्यादा काम मिलेगा. सिनेमा बिजनेस फलता-फूलता रहेगा.
2026 में अक्षय को डेब्यू किए 35 साल पूरे हो गए हैं. इस बात के लिए वो खुद को लकी बताते हैं. वो कहते हैं कि करोड़ों में किसी एक को इतने लंबे करियर का मौका मिल पाता है. इसलिए वो अपनी मौत से पांच मिनट पहले तक भी शूटिंग करते रहना चाहते हैं. जहां तक फिल्मों की बात है, 'वेलकम टू द जंगल' 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इसके बाद वो अजय देवगन के साथ 'गोलमाल 5' में नज़र आने वाले हैं.
वीडियो: 'वेलकम टु द जंगल' पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, काटे 18 सीन















