OTT पर भौकाल मचाने के बाद Mirzapur वाले अब सिनेमाघरों को साधने निकले हैं. लंबे इंतज़ार के बाद Farhan Akhtar ने आखिरकार Mirzapur: The Movie का टीज़र रिलीज़ कर ही दिया. फिल्म में Pankaj Tripathi, Ali Fazal और Divyendu Sharma की वापसी तो हुई ही. साथ ही Ravi Kishan और Jeetendra समेत कई नए किरदार भी दिखे हैं. 'मिर्ज़ापुर' फिल्म का ये टीज़र कैसा है और सीरीज़ की तुलना में इसमें क्या कुछ नया-पुराना है, सब पर बात करते हैं.
'मिर्ज़ापुर: द मूवी' टीज़र: सीरीज़ से कितनी अलग है फिल्म की कहानी?
'मिर्ज़ापुर' फिल्म में मुन्ना भैया और बबलू पंडित जैसे कैरेक्टर्स की वापसी हो गई है.


इसमें दो राय नहीं कि ‘मिर्ज़ापुर’ भारत के सबसे पॉपुलर क्राइम ड्रामा शोज़ में से एक है. जब इसका पहला सीजन आया था, तो अखबारों से लेकर आम लोगों तक, हर तरफ इसकी चर्चा थी. मगर जब फरहान की एक्सेल मूवीज़ ने बताया कि वो इस सीरीज़ पर एक फिल्म बनाने वाले हैं, तो दिमाग में डाउट पैदा होने लगा. खासकर इस बात के लिए कि इतने बड़े शो को सिनेमा के हिसाब से कैसे तैयार किया जाएगा? लेकिन फिल्म का टीज़र देख आपकी राय बदल जाती है. ऐसा इसलिए क्योंकि इसका स्केल और सब्जेक्ट, बिल्कुल बड़े पर्दे के हिसाब से तैयार किया गया है.
यदि आपने 'मिर्ज़ापुर' को फॉलो किया है, तो इस टीज़र में एक बात आसानी से नोटिस कर लेंगे. वो ये कि फिल्म का बेसिक प्लॉट तो सीरीज़ पर आधारित है. कालीन भैया, गुड्डू पंडित, मुन्ना भैया और गोलू जैसे कई किरदार भी वापस आ गए हैं. बावजूद इसके, फिल्म की कहानी सीरीज़ से काफी अलग नज़र आ रही. आप समझ पाते हैं कि मेकर्स ने तीन सीजन की स्टोरी तीन घंटे की फिल्म में ठूसने की जगह फ्रेश प्लॉट पर काम किया है.
'मिर्ज़ापुर' फिल्म की कहानी सीरीज़ के पहले सीजन वाले टाइमलाइन के पैरेलल चलती है. यानी इसमें त्रिपाठियों के गढ़ में गुड्डू और बबलू के उदय को दिखाया जाएगा. फिल्म में गुड्डू पंडित के हाथ-पांव सुरक्षित हैं. मुन्ना भैया, स्वीटी, मकबूल और कंपाउंडर समेत कई ओरिजिनल किरदार फिलहाल के लिए जिंदा हैं. बबलू भैया की भी वापसी हो गई. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार उस किरदार को विक्रांत मैसी की जगह जीतेंद्र प्ले कर रहे हैं. विक्रांत उस तेज़-तर्रार मगर शांतचित्त रोल में काफी पसंद किए गए थे. ऐसे में जीतू के पास खुद को साबित करने की बड़ी चुनौती होगी. वैसे, इस फिल्म में 'जन्नत' फेम सोनल चौहान भी काम कर रही हैं. उनके हिस्से क्या आया है, ये देखना रोचक होगा.
'मिर्ज़ापुर' को पॉपुलर करने में इसके खांटी डायलॉग और रॉ एक्शन का भी बड़ा रोल रहा है. टीज़र में इसकी थोड़ी-बहुत झलक देखने को मिलती भी है. फिल्म का लोकेशन इस बार 'मिर्ज़ापुर' से होते हुए राजस्थान के रेगिस्तानों तक पहुंच गया. हालांकि इन तमाम बातों के बीच रवि किशन आपका खूब ध्यान खींचते हैं. देखकर लग रहा हैं कि वो कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी के राइवल का रोल प्ले कर रहे हैं. फिल्म में उन्हें सैवेज तरीके से पेश किया गया है. एक सीन में उनका कैरेक्टर अपने कुक से नमक लाने कहता है. इस पर कुक बताता है कि उसने तो खाने में सही मात्रा में नमक डाला था. पर क्या उन्हें कुछ कम लग रहा है? तो रवि कहते हैं- "हम कब बोले कि खाने में डालना है?" इतना कहकर वो पूरा नमक नीचे घायल पड़े एक शख्स के जख्मों पर उड़ेल देते हैं. इस तरह टीज़र में उनके ऐसे और भी कुछ मोमेंट्स हैं. उन्हें देखकर ये कहा जा सकता है कि रवि किशन एक बार फिर वायरल होने वाले हैं.
कुल मिलाकर, 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' का टीज़र अच्छा है. हां, इसमें कुछ चीजें पुरानी हैं. मगर काफी कुछ नया भी है. हालांकि ये सवाल अब भी रहेगा कि मेकर्स इतने बड़े सब्जेक्ट को एक मूवी में कैसे समेटेंगे? वैसे इस संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता कि उनके दिमाग में इसके और पार्ट्स लाने की प्लानिंग चल रही हो. वैसे, इस मूवी को गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है. इससे पहले उन्होंने खुद को 'मिर्ज़ापुर' और 'इन्साइड एज' जैसी सीरीज़ में साबित किया है. अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, जीतेंद्र, रसिका दुग्गल, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबन्दा, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर और सोनल चौहान जैसे एक्टर्स इसकी स्टारकास्ट का हिस्सा हैं. फिल्म 04 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इससे एक हफ्ते पहले यश की 'टॉक्सिक' और श्रद्धा कपूर की 'ईठा' आने वाली हैं. ऐसे में लोग बॉक्स ऑफिस पर एक इंट्रेस्टिंग क्लैश एक्सपेक्ट कर सकते हैं.
वीडियो: 'मुन्ना भैया' ने बताया 'मिर्ज़ापुर' फिल्म में उनका किरदार कैसे वापस लाया जाएगा














