The Lallantop

कंगना रनौत और राजकुमार राव ने जो कर दिया है उसके लिए जेल जाने का प्रावधान है

अगर आप अपने को इंसान बताते हैं और आपमें थोड़े भी इमोशन हैं तो ऐसी भूल कभी नहीं कर सकते.

Advertisement
post-main-image
कंगना रनौत और राजकुमार राव स्टारर इस फिल्म को प्रकाश कोवेलामुदी डायरेक्ट कर रहे हैं.
कंगना रनौत अपने घर के अलावा विवादों में भी खूब रहती हैं. अभी वो महेश भट्ट, आलिया भट्ट के साथ रार ठाने बैठी ही थीं कि अब एक नई कॉन्ट्रोवर्सी उनकी राह ताक रही है. ये उनकी आगामी फिल्म 'मेंटल है क्या' के बारे में है. इंडियन साइकेट्रिक सोसाइटी यानी देश में साइकेट्रिस्टों (मानसिक रोगों के डॉक्टर) की सबसे बड़ी संस्था ने उनकी फिल्म की शिकायत सेंसर बोर्ड, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रधानमंत्री से कर दी है.
आखिरी बार 'मणिकर्णिका' में नज़र आई कंगना अब फिल्म 'मेंटल है क्या?' में राजकुमार राव के साथ नज़र आने वाली हैं. अभी कुछ ही समय पहले इस फिल्म का नया पोस्टर रिलीज़ किया गया, जिसमें कंगना और राजकुमार नंगी ब्लेड अपनी जीभ पर रखे दिख रहे हैं. साथ में लिखा है फिल्म का नाम, क्रेडिट्स और नई रिलीज़ डेट. फिल्म का वो पोस्टर आप नीचे देख सकते हैं:
D4Uz5SPX4AYIQge

इंडियन साइकेट्रिक सोसाइटी ने इस फिल्म के टाइटल को लेकर कड़ा विरोध जताया है. उनका मानना है कि फिल्म का टाइटल मानसिक रूप से बीमार लोगों के साथ भेदभाव करने वाला, निंदनीय, अपमानजनक और अमानवीय है. संस्था ने अपनी शिकायत में साफ तौर पर लिखा है कि इससे पहले कि ये टाइटल मानसिक बीमारी के लिए मदद ले रहे लोगों को और नुकसान पहुंचाए, इसे तत्काल प्रभाव बदलवाया जाए. साथ ही फिल्म के उस हिस्सों को हटाने की भी गुज़ारिश की गई है, जिनमें मानसिक रोगियों के अधिकारों का हनन या उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई है. अगर ये बदलाव नहीं किए गए तो साइकैट्रिक सोसाइटी ने फिल्म के खिलाफ पीआईएल डालने की बात भी कही है.
सेंसर बोर्ड चीफ, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रधानमंत्री को लिखी गई इंडियन साइकेट्रिक सोसाइटी की चिट्ठी.
सेंसर बोर्ड चीफ, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और प्रधानमंत्री को लिखी गई इंडियन साइकेट्रिक सोसाइटी की चिट्ठी.

साइकेट्रिक सोसाइटी के प्रेसिडेंट डॉ. मृगेश वैष्णव ने द हिंदू से बात करते हुए बताया कि 2016 में हुए इंडियन हेल्थ डिपार्टमेंट के एक सर्वे के मुताबिक भारत की आबादी का एक चौथाई हिस्सा किसी न किसी मानसिक बीमारी से जूझ रहा है. इस चीज़ के बारे में देश की जनता को कई गलतफहमियां भी हैं. लोग मानसिक बीमारी का इलाज कराने के लिए किसी डॉक्टर की बजाय तांत्रिक या ओझा लोगों के पास जाते हैं. उन्हें लगता है कि उन पर किसी भूत-प्रेत का साया है. हालांकि अब चीज़ें बदल रही हैं. लोग इन बातों को लेकर पहले से ज़्यादा गंभीर और जागरूक हो गए हैं.
फिल्म इंडस्ट्री से ही कई कलाकार अपनी मानसिक परेशानियों के बारे में खुलकर बात कर चुके हैं और वो बाकियों को भी इस बारे में बात करने की सलाह देते हैं. क्या उन लोगों को भी मेंटल कहा जाना चाहिए? वैष्णव ने ये भी बताया कि मेंटल हेल्थ एक्ट के मुताबिक किसी दिमागी रूप से बीमार शख्स को धमकाना या किसी भी तरह से उनका अपमान करने के जुर्म में कम से कम छह महीने जेल की सजा का प्रावधान है.
फिल्म के शुरुआती पोस्टर्स में कंगना रनौत और राजकुमार राव.
फिल्म के शुरुआती पोस्टर्स में कंगना रनौत और राजकुमार राव. 

4 मार्च, 2018 को एकता कपूर के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज़ किया गया. इसके बाद एक के बाद एक लगातार कई पोस्टर्स रिलीज़ कर फिल्म के लिए माहौल सेट कर दिया गया. उसके बाद शूटिंग वगैरह चालू हो गई. खबर लिखे जाने तक इस मामले में फिल्म के प्रोडक्शन हाउस या एक्टर्स की ओर से कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं आया है.
आश्चर्य होता है कि प्रोड्यूसर्स के अलावा फिल्म से जुड़े कंगना और राजकुमार जैसे कलाकारों ने फिल्म के नाम में छिपी घटिया असंवेदनशीलता को सपोर्ट किया. खासकर फिल्म के लीड पेयर ने हमेशा अपनी फिल्मों की मैसेजिंग के लिए तारीफ बटोरी है और उसे खूब भुनाया भी है. ऐसा हो नहीं सकता कि 'मेंटल है क्या' जैसा सुस्पष्ट आपत्तिजनक नाम इनको दिखा न हो. लेकिन चूंकि ये बिकता अच्छा है इसलिए है, एंटरटेनमेंट के लिहाज से बहुत एक्साइटिंग है इसलिए इन्होंने कुछ नहीं बोला.
इस कॉमेडी फिल्म में ये बताने की कोशिश की जाएगी कि थोड़ा अजीब होना, कोई बुरी बात नहीं. नॉर्मल है. इसे प्रकाश कोवेलामुदी डायरेक्ट कर रहे हैं. उन्हें 2004 में आई फिल्म 'बोमलत्ता' के लिए नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है. पहले ये फिल्म 21 मार्च को रिलीज़ होने वाली थी लेकिन उस समय अक्षय कुमार की 'केसरी' अनाउंस हो गई और एकता को अपनी फिल्म के साथ पीछे हटना पड़ा. ये नए वाले पोस्टर्स नई रिलीज़ डेट अनाउंस करने के लिए ही सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए थे लेकिन इसका इसका असर उल्टा ही पड़ता नज़र आ रहा है. फिल्म की नई रिलीज़ डेट 21 जून है. इसी दिन तेलुगू फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' की रीमेक, शाहिद कपूर-कियारा आडवानी स्टारर 'कबीर सिंह' भी लग रही है.


वीडियो देखें: कंगना लड़ाई के लिए जितना आगे बढ़ती हैं, आलिया उतना ही पीछे हो जाती हैं

Advertisement
इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement