Rajinikanth स्टारर Jailer 2 में Hrithik Roshan के कैमियो ने कैसे लूटी महफ़िल? Ramayana के टीवी प्रमोशन ने सोशल मीडिया पर कैसा गदर काटा? Manoj Bajpayee की विवादित फिल्म Ghooskhor Pandat को क्या नया नाम मिला है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
मनोज बाजपेयी की विवादित फिल्म 'घूसखोर पंडत' को मिला नया नाम, ट्रेलर हुआ रिलीज़!
मनोज बाजपेयी इस सस्पेंस थ्रिलर में एक ऐसे पुलिस अफसर के रोल में हैं.

# कैसी है विद्युत जामवाल की 'स्ट्रीट फाइटर'?
नोआ सेंटिनियो और विद्युत जामवाल की हॉलीवुड फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' का वर्ल्ड प्रीमियर शुरू हो गया. दर्शक फिल्म के हाई-ऑक्टेन एक्शन, स्टंट्स, ह्यूमर और नॉस्टैल्जिया की तारीफ कर रहे हैं. फैंस को इसके रेफरेंसेज़ और 2D एनिमेशन भी पसंद आए. पर कुछ लोगों ने इसकी कहानी पर सवाल भी उठाए हैं. किताओ सकुराई के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 16 अक्टूबर को भारत में रिलीज़ हो जाएगी.
# ऋतिक रोशन ने 'जेलर 2' में महफ़िल लूटी!
रजनीकांत की 'जेलर 2' में ऋतिक रोशन के कैमियो ने खूब तालियां बटोरी है. फिल्म में वो, रॉडी नाम के एक ऐसे शख्स बने हैं, जो टाइगर मुथुवेल पांडियन यानी रजनीकांत की मदद करने पहुंचता है. उनका शर्ट के पिछले कॉलर पर चश्मा लटकाने वाला अंदाज़ सलमान खान के चुलबुल पांडे की याद दिलाता है. सोशल मीडिया पर उनकी ये एंट्री खूब वायरल है.
# 'रामायण' के टीवी प्रोमो ने गदर काटा
सोनी पिक्चर्स ने 'रामायण' का इंटरनेशनल प्रमोशनल कैंपेन शुरू कर दिया है. इस बीच फिल्म का इंग्लिश टीवी प्रोमो भी वायरल हो रहा है. इसमें इंद्र समेत कई नई झलकियां देखने को मिली हैं. अमेरिका में फिल्म को PG-13 रेटिंग दी गई है. यानी 13 साल से कम उम्र के बच्चे इसे देख तो सकते हैं मगर पैरेंट्स के साथ. ऐसा फिल्म में दिखाए गए एक्शन, हिंसा और खून-खराबे वाले कुछ सीक्वेंस की वजह से किया गया है.
# मनोज बाजपेयी की 'गज़ब रात' का ट्रेलर रिलीज़
मनोज बाजपेयी की विवादित फिल्म 'घूसखोर पंडत' को नया नाम मिल गया है. अब ये फिल्म 'गजब रात' के नाम से रिलीज़ होगी. मेकर्स ने फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ कर दिया है. रितेश शाह के डायरेक्शन में बनी इस सस्पेंस थ्रिलर में मनोज एक ऐसे पुलिस अफसर के रोल में हैं, जो निजी फायदे और नैतिक जिम्मेदारी के बीच फंसा हुआ है. इसमें एक रात की कहानी दिखाई गई है. फिल्म में दिव्या दत्ता, नुसरत भरूचा, साकिब सलीम और अक्षय ओबेरॉय भी अहम रोल्स में हैं. नीरज पांडे के प्रोडक्शन तले बनी ये फिल्म 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.
# रजनीकांत की 'जेलर 2' पर क्या बोली पब्लिक?
रजनीकांत की 'जेलर 2' आज सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई. लोगों ने सोशल मीडिया पर इसके रिव्यूज़ दिए हैं. विश्वजीत नाम के एक यूज़र ने लिखा,
"रजनीकांत की ये फिल्म एक मासी एंटरटेनर है. लेकिन ये उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती. इसकी कहानी थोड़ी फीकी लगती है. हालांकि रजनीकांत का स्वैग इसमें एक पुट भरता है."
रोहित नाम के यूज़र ने लिखा,
"वन मैन! पूरा थिएटर झूम उठता है. रजनीकांत मास को फॉलो नहीं करते, बल्कि वो खुद ही इसे डिफाइन करते हैं. पुराना स्वैग, खतरनाक एटीट्यूड और रोंगटे खड़े कर देने वाले शानदार पल. नेल्सन मास लाते हैं, अनिरुद्ध क्रेज़ बढ़ाते हैं और सन पिक्चर्स वाले इसे एक भव्य स्केल देते हैं."
वैंकी रिव्यूज़ ने लिखा,
"एक जानी-पहचानी कमर्शियल एंटरटेनर, जिसका पहला हाफ तो दमदार है, लेकिन दूसरा हाफ काफी फीका रह गया. स्क्रीन पर रजनीकांत की मौजूदगी आज भी कमाल करती है. लेकिन उन्हें शानदार ढंग से पेश करने वाले सीन हर बार असर नहीं छोड़ पाते."
# रेन स्पेंसर की 'द मेड ऑफ ऑरलेन्स' में एंट्री
'द मेड ऑफ ऑरलेन्स' की स्टारकास्ट में रेन स्पेंसर की एंट्री हो गई है. वो माउड आपटो और माइक फेस्ट के साथ नज़र आएंगी. फिल्म को सारा एलिज़ाबेथ मिंट्ज़ लिख और डायरेक्ट कर रही हैं. इसकी कहानी एक ऐसी एंबीशियस लड़की की है, जो पेरिस में एक टैलेंटेड मगर ट्रबल्ड फिल्ममेकर की असिस्टेंट बनती है. इसके बाद उसकी जिंदगी में क्या बदलाव आते हैं, फिल्म इस पर बात करेगी.
वीडियो: 'भागम भाग 2' में मनोज बाजपेयी की कास्टिंग से क्यों भड़की जनता?












