The Lallantop

भव्य और भयंकर! 'रामायण' का नया ट्रेलर बॉक्स ऑफिस पर भूचाल लाने वाला है

रावण और जटायु युद्ध के विजुअल्स दर्शकों को अवाक कर देंगे!

Advertisement
post-main-image
'रामायण' की ओवरसीज़ अडवांस बुकिंग 15 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'रामायण' का सेकेंड ट्रेलर 15 अक्टूबर को मेकर्स द्वारा जारी किया गया है, जिसमें रावण की बैकस्टोरी और राम के किरदार को प्रमुखता से दिखाया गया है।
  • फिल्म के अंतरराष्ट्रीय प्रचार अभियान के तहत ट्रेलर रिलीज़ किया गया है, जिसमें मेकर्स ने पहले ट्रेलर की तुलना में इसे अधिक प्रभावशाली बनाने पर ध्यान दिया है।
  • फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, जिसके बाद विदेशी दर्शकों समेत सभी के बीच इसकी प्रतिक्रिया और व्यावसायिक सफलता की जांच की जाएगी।

Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana की रिलीज़ में अब केवल 20 दिन बाकी हैं. इसलिए आज यानी 15 अक्टूबर से मेकर्स ने फिल्म का इंटरनेशनल कैम्पेन शुरू कर दिया. इस कड़ी में उन्होंने सबसे पहले फिल्म का सेकेंड ट्रेलर रिलीज़ किया है. ये स्केल, एक्शन और विज़न के लिहाज़ से काफी दमदार नज़र आ रहा. सबसे बड़ी बात ये है कि मेकर्स ने पहले ट्रेलर की तुलना में इस बार काफ़ी इम्प्रूवमेंट दिखाया है.

Advertisement

'रामायण' के इस नए ट्रेलर की शुरुआत रावण की बैकस्टोरी से होती है. लंकापति बनने से पहले उसने जो घनघोर तपस्या की थी, इसमें उसकी झलक दिखाई गई है. यही नहीं, ट्रेलर में उन सीन्स को भी हाइलाइट किया गया है, जब वरदान मिलने के बाद रावण तीनों लोकों पर कब्जा कर लेता है. उनमें यश का एक्शन दमदार लगता है. वो उतने ही क्रूर नज़र आते हैं, जितना आप रावण से एक्सपेक्ट करते हैं.

दूसरी तरफ़, ट्रेलर में भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर को योद्धा तो बनाया ही गया. पर मेकर्स ने इस बात का भी खास ध्यान रखा कि उनकी सौम्यता स्क्रीन पर खिलकर आए. सीता के रूप में साई पल्लवी और रणबीर के जितने सीन्स आए, सब बेहद खूबसूरत हैं. स्क्रीन पर दोनों की केमिस्ट्री नैचुरल लगती है.

Advertisement

मेकर्स ने यश को ऑरा फार्म करने का भरपूर मौका दिया है. विदेशी ऑडियंस, जिन्हें 'रामायण' के बारे में ज्यादा नहीं पता, उन्हें भी ये ट्रेलर देखकर महसूस होगा कि यश का रावण वाकई दमदार है. वैसे, अब तक 'रामायण' के जितने एसेट्स आए थे, उनमें मेकर्स जरूरत भर चीजें ही रिवील कर रहे थे. लेकिन इस बार के ट्रेलर में उन्होंने अपने सभी पत्ते खोल दिए हैं. हान्स ज़िमर और एआर रहमान का बैकग्राउंड म्यूजिक तो इसे तगड़ा एलिवेट करता है.

'रामायण' का ये ट्रेलर दिखने में बेहद खूबसूरत है. इसकी सिनेमैटोग्राफी भी अच्छी है. अयोध्या, लंका और स्वर्गलोक को बेहद बारीकी से तराशा गया है. आप इस ट्रेलर को कितना रोकते हैं, इसमें आपको उतनी ही डिटेल्स नज़र आती हैं. आपको रावण के सिंहासन से लेकर इन्द्र के रूप में कुणाल कपूर के हाथ में वज्र भी दिखता है. रावण और विद्युतजिह्वा की लड़ाई में आपको बैकग्राउंड में कुम्भकर्ण की पूरी शक्ल नज़र आती है. ये सब देख आपके मन में इस फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट पहले से भी अधिक बढ़ने लगती है. हालांकि जंगल वाले लगभग सभी सीन्स थोड़े डार्क लगते हैं. पर ऐसा अलग-अलग स्क्रीन्स के कारण भी हो सकता है. शायद वो बड़े पर्दे पर बेहतर लगें.

इस ट्रेलर के कुछ सीन्स पर बात करना जरूरी है. अव्वल तो वो, जहां अयोध्या का जश्न दिखाया गया है. उसमें सीता-राम के अलावा अयोध्या नगरी, रथ और महलों को बहुत सुंदर तरीके से पेश किया गया. महलों को केवल बड़ा नहीं बना दिया गया बल्कि उसके कोने-कोने को बारीकी से सजाया गया है. दूसरा सीन वो है, जहां इन्द्र और रावण में युद्ध हो रहा. उसमें ऐरावत और आसपास होती लड़ाइयों का स्केल इतना बड़ा है कि आप केवल उन्हें देखने के लिए भी सिनेमाघर पहुंच जाएं. तीसरा वो सीन, जहां रावण एक प्लेटफ़ॉर्म पर खड़ा है और आसपास आग जल रही है. वो काफी भयानक लगता है. ट्रेलर में आग वाले जितने सीन्स हैं, सब ज़बरदस्त लग रहे.

Advertisement

फिर भी, ‘रामायण’ के ट्रेलर में अगर सबसे खास कुछ है, तो वो है रावण और जटायु का युद्ध. हजारों चिड़ियों के बीच जटायु का पंख फैलाना, पुष्पक विमान पर हमला करना और रावण का उनके पंजों की तरफ़ छलांग लगाना- एब्सॉल्युट सिनेमा है. यश खुद भी उसे इस फिल्म का सबसे ज़बरदस्त सीन बता चुके हैं. वैसे, 'रामायण' के अब तक जितने एसेट्स आए थे, उन पर लोगों का थोड़ा मिक्स्ड रिएक्शन देखने को मिला था. लेकिन इस ट्रेलर में मेकर्स ने न केवल सुधार किया है बल्कि इसे नेक्स्ट लेवल पर लेकर चले गए. ऐसा लगता है जैसे मेकर्स ने अब तक जान-बूझकर इसे तुरुप के इक्के की तरह छिपाकर रखा था. जहां तक फिल्म की बात, तो 'रामायण' का पहला पार्ट 05 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो जाएगा.

वीडियो: रामायण के यश और आदिपुरुष के सैफ वाले रावण की तुलना पर क्या बोले आर्य बब्बर?

Advertisement