Riteish Deshmukh की Raja Shivaji मराठी सिनेमा की हाइएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म बन चुकी है. उसकी रिलीज़ को अभी महीना भर भी नहीं बीता था कि मराठी इंडस्ट्री ने एक और ब्लॉकबस्टर फिल्म दे दी. ये फिल्म है Deool Band 2, जिसने 8 करोड़ के बजट पर मेकर्स को 800 परसेंट से ज़्यादा का मुनाफ़ा करवा दिया. आज ये मराठी सिनेमा इतिहास की चौथी सबसे कमाऊ मूवी बन चुकी है.
मात्र 8 करोड़ में बनी इस फिल्म ने मेकर्स को 800 परसेंट का प्रॉफ़िट कमवा दिया!
'देऊल बंद 2' मराठी सिनेमा इतिहास की चौथी सबसे कमाऊ फिल्म बन चुकी है.


'देऊल बंद 2' की कहानी एक किसान की पत्नी संगीता के इर्द-गिर्द घूमती है. कर्ज़ तले दबा उसका पति फ़सल खराब होने पर आत्महत्या कर लेता है. ये देख संगीता भगवान से नाराज़ हो जाती है और लोगों की आस्था पर सवाल उठाने लगती है. इस दौरान उन्हें आध्यात्मिक गुरु स्वामी समर्थ के दर्शन होते हैं. महाराष्ट्र में उनका खूब सम्मान किया जाता है. वो संगीता के सामने एक शर्त रखते हैं. शर्त ये है कि अगर अगले सात दिनों में गांव का कोई किसान आत्महत्या नहीं करता, तो संगीता अपनी जमीन नहीं बेचेगी. यदि किसी ने ऐसा कदम उठा लिया, तो स्वामी समर्थ अपने सभी मंदिरों को बंद कर देंगे. इसके बाद क्या कुछ होता है, फिल्म में वही दिखाया गया है.
21 मई को रिलीज़ हुई 'देऊल बंद 2' को मात्र 8 करोड़ रुपए के बजट पर बनाया गया है. सैकनिल्क के मुताबिक, ओपनिंग डे पर इसने 2.45 करोड़ रुपए कमाए थे. मगर वर्ड ऑफ माउथ के कारण इसे लगातार दर्शक मिलते रहे. पहले शनिवार तक फिल्म ने अपना बजट वसूल लिया. वहीं वीकेंड खत्म होने तक इसने 15.75 करोड़ कमा लिए थे. पहले हफ्ते में फिल्म ने 30.20 करोड़ रुपए कमाए थे. इसका हाइएस्ट सिंगल डे कलेक्शन भी इसी दौरान आया, जब फिल्म ने पहले रविवार को 5.90 करोड़ रुपए कमाए लिए.
दूसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई में गिरावट आई. इस दौरान इसने 22.40 करोड़ कमाए. तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 11.15 करोड़ का कलेक्शन किया. इस तरह रिलीज़ के 22वें दिन तक 'देऊल बंद 2' ने भारत में नेट 63.75 करोड़ छाप लिए. ग्रॉस कलेक्शन जोड़ने पर ये आंकड़ा 74.93 करोड़ तक पहुंच जाता है. चूंकि ये मूवी केवल मराठी में रिलीज़ हुई है, इसलिए इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी यही है.
ये आंकड़ा देखने-सुनने में साधारण लग सकता है मगर है नहीं. 8 करोड़ के बजट पर बनी इस मूवी ने मेकर्स को सीधे 836.6 परसेंट का मुनाफा करवा दिया है. इतना ही नहीं, ये 'राजा शिवाजी', 'सैराट' और 'बाइपन भारी देवा' के बाद मराठी सिनेमा की चौथी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है. टॉप 3 में आने के लिए इसे 16 करोड़ रुपए और कमाने होंगे. अनुमान है कि अगले दो हफ्ते में ये 'बाइपन भारी देवा' को भी पीछे छोड़ देगी. उस मूवी ने 90.50 करोड़ रुपए कमाए थे. जहां तक 'देऊल बंद 2' की बात है, इसे प्रवीण तरडे ने लिखा और डायरेक्ट किया है. फिल्म में स्नेहल तरडे, मोहन जोशी, प्रवीण तरडे, महेश मांजरेकर और प्रसाद ओक जैसे एक्टर्स ने काम किया है.
वीडियो: वो मराठी फिल्म जिस पर सिर्फ महाराष्ट्र ने नहीं, पूरे भारत ने प्यार लुटाया
















