एक तरफ दर्शक Ranbir Kapoor की Ramayana को लेकर एक्साइटेड हैं. वहीं दूसरी तरफ़ ये मना रहे कि फिल्म Prabhas की Adipurush जैसी न हो. उस मूवी पर 600 करोड़ रुपए खर्च हुए थे. मगर फिल्म इतनी बुरी बनी कि VFX, डायलॉग, लुक और मेकअप समेत लगभग हर डिपार्टमेंट में उसकी आलोचना हुई. Manoj Muntashir ने उसके डायलॉग्स और गाने लिखे थे. 2023 में उन्होंने न्यूज डिबेट्स में फिल्म को काफी डिफेंड किया था. मगर अब वो 'आदिपुरुष' को अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती बता रहे हैं. साथ ही उस फिल्म का बचाव करने को वो शर्मिंदगी का सबब मानते हैं.
"आदिपुरुष मेरी ज़िंदगी की सबसे बड़ी गलती थी, उसे डिफेंड करने पर शर्मिंदगी होती है"
मनोज मुंतशिर को उनकी पत्नी ने 'आदिपुरुष' करने से रोका था. मगर उन्होंने घमंड में उनकी एक न सुनी.

'आदिपुरुष' की रिलीज़ से पहले कई बड़े वादे किए गए थे. लेकिन जैसे ही इसका पोस्टर आया, मामला हाथ से फिसलने लगा. टीज़र-ट्रेलर ने तो बचा-खुचा काम भी चौपट कर डाला. मगर मेकर्स ने तब उन गलतियों को ठीक करने की जगह डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया. इस बाबत मनोज मुंतशिर सुबह-शाम टीवी डिबेट्स पर बहस करने लगे. लेकिन इससे फिल्म को फायदे की जगह और नुकसान ही हुआ. अब तीन साल बाद मनोज को अपनी गलती का एहसास हो रहा है. टाइम्स नाव से हुई बातचीत में वो स्वीकारते हैं कि उनकी पत्नी ने उन्हें 'आदिपुरुष' करने से दिसंबर 2022 में ही रोका था. तब फिल्म अनाउंस ही हुई थी और उसके पोस्टर में प्रभास के लुक पर सवाल उठ रहे थे.
मनोज बताते हैं कि शुरुआती बैकलैश के बाद फिल्म से जुड़े लोगों की बैठक हुई. तब मेकर्स ने मनोज से कहा कि वो फिल्म को डिफेंड करें. जब उनकी पत्नी नीलम शुक्ला ने ये सुना, तो उनसे कहा-
"आप इस फिल्म का चेहरा नहीं हैं. आप केवल लिरिसिस्ट और डायलॉग राइटर हैं."
लेकिन मनोज ने घमंड में उनकी एक नहीं सुनी. उनके मुताबिक, फिल्म पर 600 करोड़ रुपए लगाए गए थे. इसलिए उन्हें लगा कि यदि मेकर्स ने उन्हें इस काम के लिए चुना है, तो उन्हें ऐसा करना चाहिए. मनोज की पत्नी ने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वो रुके नहीं. वो लगातार टीवी पर इंटरव्यू देते रहे, जिसने फिल्म के साथ उनकी इमेज को भी नुकसान पहुंचाया.
आज मनोज 'आदिपुरुष' को अपनी सबसे बड़ी गलती बताते हैं. वो कहते हैं,
"शुरुआत में मैंने लोगों की आलोचना और नाराज़गी को सीरियसली नहीं लिया. मैं झूठ नहीं बोलूंगा. लेकिन आज मैं लोगों को ये बताना चाहता हूं कि आदिपुरुष मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी. उससे भी बड़ी गलती ये थी कि मैंने इस फिल्म को डिफेंड किया. इस फिल्म के आसपास जो कुछ भी हुआ, उसके लिए मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस होती है. मैंने जो किया और कहा, उसके लिए दिल से माफी मांगता हूं."
मनोज कहते हैं कि मेकर्स और उन्होंने भगवान राम और हनुमान के साथ इस फिल्म में न्याय नहीं किया. लेकिन उन्हें ये बात लंबे समय तक समझ ही नहीं आई. उनके मुताबिक, सब कुछ दो दिनों में ही बर्बाद हो गया. 16 जून 2023 को 'आदिपुरुष' रिलीज़ हुई और 18 जून तक लोगों ने इसकी भद्द पीट दी थी. वो बताते हैं कि रिलीज़ के वक्त कई लोगों ने उन्हें कॉल करके बधाई दी थी. लेकिन अब उन्हें समझ आता है कि हर कोई दिल से उनका अच्छा नहीं चाहता था. मनोज का मानना है कि 'आदिपुरुष' कंट्रोवर्सी के कारण लोगों ने बतौर लिरिक्स राइटर उनके काम पर बिल्कुल ध्यान ही नहीं दिया. इससे उन्हें निजी तौर पर भी नुकसान हुआ.
वीडियो: रामायण का टीज़र आते ही 'आदिपुरुष' क्यों ट्रेंड करने लगा? फैंस को किस बात की चिंता?











