The Lallantop

'मातृभूमि' में 200 डांसर्स के साथ सलमान का गाना, कोरियोग्राफर बोले- "बाप रे! क्या परफॉरमेंस..."

कोरियोग्राफ़र मुदस्सर खान ने कहा कि फिल्म का ये गाना देखकर लोग दंग रह जाएंगे.

Advertisement
post-main-image
सलमान खान की 'मातृभूमि' की रिलीज़ डेट पर अभी असमंजस बना हुआ है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'मातृभूमि' में सलमान खान के एक नए और बड़े गाने की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसमें लगभग 200 डांसर्स शामिल थे और इसका एडिटिंग काम चल रहा है।
  • फिल्म के टाइटल परिवर्तन, कंटेंट में कटौती और रीशूट की वजह से रिलीज़ की तारीख और फिल्म के विषय को लेकर संशय बना हुआ था।
  • मदस्सर खान ने बताया कि फिल्म के गाने का कोरियोग्राफी और हुक स्टेप की तैयारी पूरी तरह पूरी हो चुकी है और यह गाना जल्द ही दर्शकों के सामने आएगा।

Salman Khan स्टारर Maatrubhumi पिछले कुछ दिनों से चर्चाओं से बाहर है. हालांकि फैन्स इस फिल्म पर टकटकी लगाए बैठे हैं. मगर टाइटल चेंज, कॉन्टेंट में काटछांट और रीशूट के बाद फिल्म को लेकर कुछ संशय सा बना हुआ था. लेकिन कोरियोग्राफर Mudassar Khan ने अपने हालिया इंटरव्यू में जो कहा, उसने ‘मातृभूमि’ से जुड़ी उम्मीदों को एक बार फिर परवाज़ दी है. फिल्मी ज्ञान पॉडकास्ट पर उन्होंने ‘मातृभूमि’ के नए और ग्रैंड सॉन्ग के बारे में बात की. 

Advertisement

‘मातृभूमि’ फिल्म के इस गाने के बारे में बात करते हुए मदस्सर ने कहा,

“अभी मैंने मातृभूमि में एक गाना किया है. ये बहुत बड़ा गाना है. 200 डांसर्स, ग्रैंड सेट. ग्रैंड सॉन्ग है. अभी ये गाना एडिट हो रहा है. बहुत ही ख़ूबसूरत सॉन्ग है. और सलमान सर ने उसमें बहुत अच्छा परफॉर्म किया है. मतलब लोग देखेंगे तो बोलेंगे कि बाप रे, क्या परफॉर्मेंस दी है. वो गाना अभी आएगा. उसकी तैयारी चल रही है. ये गाना हमने पांच दिन में शूट किया.”

Advertisement

इस इंटरव्यू में मुदस्सर से पूछा गया कि क्या सलमान को इंस्ट्रक्शंस देना, उनसे काम करवाना मुश्किल होता है? या ये काम करने में डर लगता है? जवाब में मुदस्सर ने कहा,

“ऐसा नहीं होता है, अगर आपको पता हो कि आप क्या कर रहे हो. ये मेरा काम है. और मुझे पता है कि क्या कोरियोग्राफी होनी चाहिए, कौन सा स्टेप देना है, कैसे इंस्ट्रक्शन देने हैं, क्योंकि मैं उसमें ईमानदार हूं और मैं तैयारी करके आया हूं. अगर आप बिना तैयारी के जाते हो, तब आपको डर लगता है. कि स्टेप बराबर आ नहीं रहा है? सलमान सर क्या बोलेंगे?.”

सलमान खान के गानों के हुक स्टेप बड़े पॉपुलर होते हैं. पढ़ने में आता रहा है कि कई बार सलमान खुद हुक स्टेप देते हैं. या डांस करते हुए उसे बदल देते हैं. सच क्या है, ये मुदस्सर ने बताया. उन्होंने कहा,

Advertisement

“90 फीसदी तो ऐसा नहीं होता है. मगर वो इंसान ऐसे हैं कि कुछ न कुछ अलग कर जाते हैं. कहते हैं कि इसको ऐसा कर देते हैं. कोई अच्छी चीज़ सूझ जाती है. मगर ज्यादातर तैयारी होती है पूरी. उनको पूरा वीडियो दिखाया जाता है. डांसर्स के साथ उनके घर जाकर पूरी कोरियोग्राफी दिखाई जाती है. फिर वो अप्रूव करते हैं. कुछ बदलाव करते हैं. यहां पर ये स्टेप है, तो पैर को ऐसे ले लो. ये इसलिए क्योंकि वो अपने फैन्स को जानते हैं. उन्हें पता है कि उनके फैन्स उन्हें किस तरह देखना चाहते हैं. उनके फैन्स भी वो स्टेप्स फॉलो करते हैं. एक होता है कि गाना देखकर लोग बोलते हैं, मज़ा आया. मगर इन्वॉल्व कैसे होता है इंसान, जब उसकी चीज़ें वो ख़ुद करता है. उनके सारे गाने इन्वॉल्वमेंट वाले होते हैं. मेरे ऊपर भी ये जिम्मेदारी होती है. तो दो-तीन दिन तो हम सिर्फ उनकी हुक स्टेप की रिहर्सल करते हैं. बाकी पूरा गाना हम पहले या बाद में करते हैं. हम 15-20 हुक स्टेप निकालते हैं. मातृभूमि के लिए भी ऐसा ही किया.”

# ढिंका चिका वाला हुक स्टेप सलमान ने ही दिया था

मुदस्सर ने बताया कि फिल्म ‘रेडी’ के सॉन्ग 'ढिंका चिका' का पॉकेट वाला हुक स्टेप सलमान खान के ही दिमाग की उपज थी. पूरा किस्सा सुनाते हुए उन्होंने कहा-

“ढिंका चिका के लिए हमने 10 हुक स्टेप निकाले थे. सलमान सर ऐसे ही सुबह बैठे हुए थे. किसी ने मुझसे कहा- आपको भाई बुला रहे हैं. भाई बुला रहे हैं, मतलब या तो कुछ अच्छी बात है, या फिर आपने कोई ग़लती कर दी है. मैं भागा उनसे मिलने. उन्होंने पूछा क्या है स्टेप. मैंने करके बताया, तो सलमान सर बोले- ‘मैं बहुत थक गया हूं. कोई ऐसा स्टेप बता कि मेरा हाथ मेरे पॉकेट से बाहर ही ना निकालना पड़े’. मैं हंसने लगा. वो बोले मज़ाक नहीं कर रहा. ऐसा ही कुछ कर. फिर उन्होंने पॉकेट में हाथ डाल कर वो स्टेप करके बताया. फिर हमने उसको सेट किया. गाने में कैमरे की तरफ़ न देखकर दूसरी तरफ़ देखना भी उन्हीं का ऑन द स्पॉट इम्प्रोवाइज़ेशन था.”

मुदस्सर ने सलमान खान के साथ पहली बार ‘दबंग’ में काम किया. ‘हमका पीनी है…’ मुदस्सर ने ही कोरियोग्राफ किया है. अब उनकी कोरियोग्राफी में ‘मातृभूमि’ का गाना तैयार हुआ है. ये जल्द ही रिलीज़ होने वाला है. ये फिल्म गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ हुई झड़प में शहीद हुए कर्नल बिकुमल्ला संतोष बाबू की बायोपिक होनी थी. मगर काटछांट के बाद फिल्म में ये प्रसंग कैसे दिखाया जाएगा, ये यक्ष प्रश्न बना हुआ है. कई बार इसका रिलीज़ टलने के बाद कहा जा रहा था कि ‘मातृभूमि’ अब 12 जून को आएगी. ये तारीख इसलिए मुफ़ीद मानी जा रही थी, क्योंकि गलवान घाटी की झड़प 15 जून 2020 को हुई थी. लेकिन मई ख़त्म होने को है, और अब तक न कोई अनाउंसमेंट है, न प्रमोशन शुरू हुआ है. अब ये गफ़लत डायरेक्टर अपूर्व लाखिया या सलमान खान के स्टेटमेंट के बाद ही दूर हो सकेगी. इस फिल्म में सलमान खान के अपोजिट चित्रांगदा सिंह नज़र आने वाली हैं.

वीडियो: सलमान खान स्टारर 'मातृभूमि' की रिलीज फिर टली, अब क्या है वजह?

Advertisement