Shahrukh Khan की बिटिया Suhana Khan अपना फिल्मी करियर शुरू करने जा रही हैं. उनकी पहली फिल्म होगी Zoya Akhtar की The Archies. जो सीधे Netflix पर रिलीज़ हो रही है. अब खबर आ रही है कि वो Karan Johar के साथ एक फिल्म में काम करने जा रही हैं. जो कि फुल-फ्लेज्ड रोमैंटिक फिल्म होगी. ये थिएटर्स में रिलीज़ होने वाली उनके करियर की पहली फिल्म होगी.
'रॉकी रानी...' के बाद सुहाना खान को लेकर फिल्म बनाने जा रहे हैं करण जौहर?
खबरें हैं कि थिएटर्स में रिलीज़ होने वाली ये सुहाना खान के करियर की पहली फिल्म होगी.


बॉलीवुड लाइफ डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के लिए करण जौहर और सुहाना खान, दोनों ही उत्साहित हैं. ये 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' जैसी कोई फ्रैंचाइज़ फिल्म नहीं होगी. एक दम फ्रेश, ब्रैंड न्यू स्क्रिप्ट बताई जा रही है. जो कि प्रॉपर रोमैंटिक फिल्म होगी. हालांकि ये प्रोजेक्ट बिल्कुल शुरुआती चरण में है. कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है. मगर किसी भी तरह इस फिल्म को 2023 के आखिर तक फ्लोर पर ले जाने की तैयारी है. यानी इसी साल के अंत में इस फिल्म की शूटिंग शुरू होगी. 'आर्चीज़' सीधे नेटफ्लिक्स पर आ रही है, इसलिए ये सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली सुहाना के करियर की पहली फिल्म होगी.
पिछले दिनों खबर आई थी कि सुहाना, शाहरुख खान के साथ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म करने जा रही हैं. इसे 'कहानी' और 'बदला' फेम सुजॉय घोष डायरेक्ट करेंगे. ये उनकी पहली थिएट्रिकल रिलीज़ वाली फिल्म होनी थी. इस फिल्म से ‘पठान’ फेम सिद्धार्थ आनंद के बतौर प्रोड्यूसर जुड़ने की भी खबरें थीं. मगर अब सारे समीकरण बदलते नज़र आ रहे हैं. क्योंकि करण, शाहरुख खान के पुराने दोस्त हैं. अभी-अभी उन्होंने 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' के रूप में एक अच्छी फिल्म बनाई है. उस पिक्चर को क्रिटिकल अक्लेम भी मिल रहा है. फिल्म ने 100 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई भी कर डाली है.
'रॉकी रानी...' की सफलता के बारे में बात करते हुए करण जौहर ने कहा-
"मैं पिछले हफ्ते से भर-भरकर लोगों का प्यार पाने में व्यस्त था. मुझे नहीं लगता कि मैंने अपने करियर कभी इतनी खुशी महसूस की है. (डायरेक्शन में) सात साल का गैप था. और इस वजह से मुझे लगा कि मैं फिल्में डायरेक्ट करना और उसका फीडबैक लेना भूल ही गया हूं."
'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' से पहले करण जौहर ने 'ऐ दिल है मुश्किल' बनाई थी. जो 2016 में रिलीज़ हुई थी. हालांकि सुहाना खान के साथ फिल्म करने को लेकर अब तक आधिकारिक जानकारी नहीं आई है. न इस बारे में करण जौहर ने अब तक कुछ कहा है. न सुहाना ने और न ही शाहरुख खान ने.
वीडियो: दी सिनेमा शो: शाहरुख खान और सुहाना खान, सिद्धार्थ आनंद की फिल्म में साथ नज़र आ सकते हैं


















