Priyanka Chopra ने बीते दिनों एक इंटरव्यू दिया था. इसमें उन्होंने कहा था कि बॉलीवुड में उन्हें किनारे लगाने की कोशिश चल रही थी. इसीलिए उन्होंने अपना घोड़ा हॉलीवुड की तरफ मोड़ लिया. प्रियंका के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर Karan Johar की ट्रोलिंग शुरू हो गई थी. प्रियंका ने किसी का नाम नहीं लिया था. मगर करण इस मामले में हिस्ट्रीशीटर रह चुके हैं. अब उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वो मंच से खुलेआम कह रहे हैं कि उन्होंने Anushka Sharma का करियर खाने की कोशिश की थी. मगर Aditya Chopra ने उनकी बात नहीं मानी. बाद में करण भी अनुष्का के काम से प्रभावित हुए.
करण जौहर का वीडियो वायरल, जिसमें वो कह रहे- ''मैंने अनुष्का का करियर बर्बाद करने की कोशिश की'
करण जौहर ने खुद बताया कि उन्होंने आदित्य चोपड़ा से कहा कि अनुष्का शर्मा को फिल्म में लेने की कोई ज़रूरत नहीं है.


रेडिट नाम का सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म है. यहां करण जौहर का एक वीडियो चल रहा है. ये वीडियो है 2016 MAMI (मुंबई अकैडमी ऑफ मूविंग इमेज) फेस्टिवल का. यहां करण जौहर ऐश्वर्या राय बच्चन और अनुष्का शर्मा के साथ अपनी फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' प्रमोट करने पहुंचे थे. हिंदी सिनेमा के दो माने हुए समीक्षक अनुपमा चोपड़ा और राजीव मसंद उनका इंटरव्यू ले रहे थे. यहां अनुष्का के बारे में बात करते हुए करण जौहर कहते हैं-
''मैं पूरी तरह से अनुष्का के करियर का मर्डर करना चाहता था. क्योंकि जब मुझे आदित्य चोपड़ा ने उनकी फोटो दिखाई, तो मैंने कहा, 'नहीं नहीं, आप पागल हो गए हैं क्या. आप इसको साइन कर रहे हैं. दिमाग खराब हैं! आपको अनुष्का शर्मा को साइन करने की कोई ज़रूरत नहीं है.' उन दिनों एक नई लीडिंग एक्ट्रेस आई थीं. मैं चाहता था कि आदि उसे साइन करें. मैं पीछे से पूरी तरह इनका मामला खराब करने पर लगा हुआ था. फिर जो फिल्म बनी 'रब ने बना दी जोड़ी'. वो भी मैंने बड़े बेमन से देखी.''
करण जौहर यहां जिस दूसरी लीडिंग लेडी की बात कर रहे हैं, वो हैं सोनम कपूर. 'रब ने बना दी जोड़ी' में सोनम को कास्ट किए जाने की चर्चाएं थीं. मगर आदित्य चोपड़ा को अनुष्का का काम ज़्यादा पसंद आया था. इसलिए उन्होंने करण जौहर के कहने पर भी अनुष्का को फिल्म से नहीं हटाया. तब तक सोनम कपूर ने ‘दिल्ली 6’ साइन कर ली थी. खैर, इसी बातचीत में करण आगे जोड़ते हैं-
''फिर जब मैंने 'बैंड बाजा बारात' देखी, तो मैंने अनुष्का को फोन किया. क्योंकि मैं उनसे माफी मांगना चाहता था. और उनकी परफॉरमेंस की तारीफ करना चाहता था. माफी इसलिए क्योंकि मुझे शर्मिंदगी हो रही थी कि मैंने अद्भुत प्रतिभा की धनी एक्ट्रेस का करियर खराब करने की सोची. तारीफ इसलिए क्योंकि वो मुझे लगा कि उनका काम शानदार था.''
इस वीडियो पर लोग कमेंट कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि ये तो वो किस्सा है, तो हमें पता चल गया. वरना सोचिए करण जौहर ने न जाने कितने लोगों का करियर खराब किया होगा. क्योंकि टैलेंट तो तब देखने को मिलेगा, जब मौका मिलेगा. अगर आदित्य चोपड़ा, करण जौहर की बात मान लेते, तो अनुष्का का करियर खत्म था. क्योंकि किसको पता वो टैलेंटेड हैं या नहीं!
उस वीडियो पर आए कुछ कमेंट्स आप नीचे पढ़ सकते हैं-



कुछ लोग करण पर भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगा रहे हैं. क्योंकि वो 'रब ने बना दी जोड़ी' में अनुष्का की जगह अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर को कास्ट करवाना चाहते थे.

खैर, अनुष्का शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत 'रब ने बना दी जोड़ी' से की थी. मगर उन्हें असली पहचान मिली 'बैंड बाजा बारात' से. जो कि आदित्य चोपड़ा के ही प्रोडक्शन की पिक्चर थी. अनुष्का आखिरी बार शाहरुख खान के साथ ही फिल्म 'ज़ीरो' में दिखाई दी थीं. उसके बाद वो बतौर प्रोड्यूसर 'बुलबुल' और 'क़ला' जैसी फिल्में बना चुकी हैं. एक्टर के तौर पर वो इंडियन क्रिकेटर झूलन गोस्वामी की बायोपिक 'चकदा एक्सप्रेस' से वापसी करेंगी.
वीडियो: मैटिनी शो: ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में अनुष्का की एक्टिंग देख जब शाहरुख को 10 मिनट का ब्रेक लेना पड़ा





















