Kapil Sharma के कॉमेडी शोज़ टीवी पर काफ़ी पॉपुलर रहे हैं. अलग-अलग चैनल्स के साथ काम करने के बावजूद उनकी व्यूअरशिप बरकरार रही. उन आंकड़ों को देखकर ही नेटफ्लिक्स ने उन्हें अपना प्लैटफॉर्म ऑफर किया था. मगर जबसे The Great Indian Kapil Show ओटीटी पर आया है, इसकी व्यूअरशिप में भयंकर गिरावट दर्ज हुई है. कपिल ने अब तक इसके चार सीजन रिलीज़ कर दिए हैं. मगर पहले से चौथे सीजन के बीच व्यूअरशिप में 47 परसेंट की गिरावट आ गई है. इस पूरे मसले पर उस शो का हिस्सा रहे Kiku Sharda ने अपनी राय रखी है.
कपिल के नेटफ्लिक्स शो की व्यूअरशिप 47 परसेंट गिरी, किकू शारदा ने किसे जिम्मेदार ठहराया?
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का चौथा सीजन व्यूअरशिप के मामले में काफी स्ट्रगल कर रहा है.
.webp?width=360)

नेटफ्लिक्स ने पिछले दिनों इस शो का पांचवां सीजन अनाउंस किया. ऐसे समय पर जब शो लगातार पिछड़ रहा है, ये फैसला थोड़ा अटपटा-सा लगता है. कई लोगों का कहना है कि इसे नेटफ्लिक्स पर लाकर कपिल ने बहुत बड़ी गलती कर दी. उन्होंने ग्लोबल होने के चक्कर में अपनी फैमिली ऑडियंस को खो दिया है. मगर शो का अहम हिस्सा रहे किकू शारदा इस बात से इत्तेफ़ाक नहीं रखते हैं. इस बाबत मैशेबल इंडिया के साथ बातचीत में उन्होंने कहा,
"हम शो को नेटफ्लिक्स पर इसलिए ला रहे हैं क्योंकि उन्हें हमारा काम पसंद है. इसलिए हम उसी तरह काम करते रहेंगे, जैसे अब तक करते आए हैं. हम अपना ओरिजनल स्टाइल नहीं बदलेंगे."
कपिल जब अपना शो टीवी पर लाते थे, लोग तब वीकेंड पर अपने परिवार के साथ बैठकर उसका खूब लुत्फ उठाते थे. हर उम्र वर्ग के दर्शकों को ये शो पसंद आता था. मगर नेटफ्लिक्स पर लाने की वजह से कपिल ने अपने उसी दर्शक वर्ग को खो दिया. उम्रदराज़ दर्शकों के बीच नेटफ्लिक्स टीवी जितना पॉपुलर नहीं है. दूसरी तरफ़, यंग ऑडियंस के पास देखने के लिए बहुत सारा दूसरा कॉन्टेन्ट उपलब्ध है. इस कॉमेडी शो का फॉर्मेट भी अब आउटडेटेड लगता है. इसलिए कपिल लाख कोशिशों के बावजूद नेटफ्लिक्स पर लॉयल ऑडियंस तैयार नहीं कर पा रहे हैं.
हालांकि कीकू इस बात से सहमत नहीं हैं. वो शो की व्यूअरशिप घटने के पीछे नेटफ्लिक्स को नहीं, बल्कि लोगों की आदतों को जिम्मेदार ठहराते हैं. वो कहते हैं,
"ये आदत वाली बात है. पहले लोग टीवी पर हमें हफ्ते में दो बार देखते थे. अब हम नेटफ्लिक्स पर सिर्फ हफ्ते में एक बार आते हैं. इसलिए उन्हें ये थोड़ा कम लग सकता है. पता नहीं कि ये फीडबैक है या नहीं. लेकिन लोग शो को खूब पसंद कर रहे हैं. हमें अलग-अलग जगहों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. मुझे नहीं लगता कि नंबर्स पर कोई खास फर्क पड़ा है."
'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' का पहला सीजन मार्च 2024 में आया था. पहले एपिसोड में रणबीर कपूर, उनकी बहन रिद्धिमा और मां नीतू कपूर आए हुए थे. उस एपिसोड ने 25 लाख व्यूज़ हासिल किए थे. फर्स्ट सीजन नेटफ्लिक्स के नॉन-इंग्लिश शोज़ की ग्लोबल लिस्ट में पांच हफ्तों तक रहा था. दूसरे सीजन की ओपनिंग आलिया भट्ट और 'जिगरा' की टीम के साथ हुई थी. उस एपिसोड को केवल 12 लाख व्यूज़ मिले थे. यानी पहले की तुलना में आधे से भी कम. वो सीजन चार हफ्तों तक ग्लोबल रैंकिंग में जमा हुआ था.
तीसरे सीजन की शुरुआत सलमान खान के साथ हुई थी. उस एपिसोड को 16 लाख व्यूज़ मिले थे. मगर ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश शोज़ की सूची में वो तीन हफ्ते तक ही टिक पाया था. चौथे सीजन की शुरुआत प्रियंका चोपड़ा के साथ हुई थी. मगर ये सीजन अब तक केवल ही बार ग्लोबल रैंकिंग में अपनी जगह बना पाया है. रिपोर्ट के मुताबिक, शो की व्यूअरशिप 47 परसेंट घट गई है. सीजन के दूसरे एपिसोड, जिसमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम आई थी, उसे 17 लाख व्यूज़ मिले थे. उस समय ये शो ग्लोबल लिस्ट में आठवें स्थान पर था. मगर फिर ये एकदम से लिस्ट से बाहर हुआ और अब लगातार पिछड़ता जा रहा है.
वीडियो: कपिल के शो की व्यूवरशिप गिरी लेकिन मेकर्स को हुआ ये फायदा
















.webp?width=120)

.webp?width=120)

