Kapil Sharma देश के सबसे पॉपुलर कॉमेडियन हैं. मगर फिल्मों के मामले में उनका रिकॉर्ड कमज़ोर ही रहा है. उन्होंने अब तक Kis Kisko Pyaar Karoon, Zwigato और Firangi समेत पांच फिल्मों में लीड रोल निभाया है. मगर ‘किस किसको प्यार करूं’ को छोड़ सब बॉक्स ऑफिस पर पिट गईं. पिछले छह महीनों में उनकी दो मूवीज़ थिएटर्स में रिलीज़ हुईं. पहली Kis Kisko Pyaar Karoon 2 और दूसरी Daadi Ki Shaadi. इनमें से ‘दादी की शादी’ तो 5 करोड़ भी नहीं कमा पाई.
6 महीने के अंदर कॉमेडियन कपिल शर्मा ने दी दो महा-फ्लॉप फिल्में
'किस किसको प्यार करूं 2' को तो तीन बार रिलीज़ करने की नौबत आ गई थी. अब उनकी नई फिल्म 'दादी की शादी' भी बॉक्स ऑफिस पर वॉशआउट हो गई.


'दादी की शादी' में कपिल के अलावा नीतू सिंह, सादिया खतीब, आर शरतकुमार, रिद्धिमा कपूर और योगराज सिंह ने काम किया है. फिल्म 08 मई को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी. सैकनिल्क के मुताबिक, ओपनिंग डे पर फिल्म ने भारत में केवल 72 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया. दूसरे दिन इसने 1.38 करोड़ रुपये कमाए. तीसरे दिन यानी रविवार को भी ये मूवी सिर्फ 2.04 करोड़ ही कमा पाई. इस तरह पहला वीकेंड बीतने तक 'दादी की शादी' ने भारत में केवल 4.14 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है.
सोमवार बीतते-बीतते फिल्म मुंह के बल गिरी. पहले मंडे को इसने केवल 59 लाख रुपये कमाए. इससे भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन किसी तरह 4.73 करोड़ तक पहुंचा. चूंकि इस मूवी को ओवरसीज़ मार्केट में कोई दर्शक नहीं मिला, इसलिए यही इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी है. रिपोर्ट है कि कपिल की इस फिल्म को 45 करोड़ रुपये में बनाया गया है. उस हिसाब से देखें तो ये अभी अपनी लागत से लगभग 89.5 परसेंट के नुकसान में है. फिल्म को दर्शक नहीं मिल पा रहे. कई जगहों पर इसके शोज़ भी कैंसिल हो गए. यहां से ये अनुमान लगाना कठिन नहीं कि चाहे मेकर्स इसके तमाम राइट्स बेच दें, तब भी ये फिल्म मुनाफा नहीं कमा पाएगी.
हालांकि, इस आंकड़े को कोई देख कोई आश्चर्य नहीं होता. क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर कपिल की फिल्मों का ट्रैक रिकॉर्ड अब तक ऐसा ही रहा है. 12 दिसंबर को रिलीज़ हुई 'किस किसको प्यार करूं 2' को तो तीन बार रिलीज़ करने की नौबत आ गई. पहले 12 दिसंबर, 2025 को वो 'धुरंधर' की आंधी में टिक नहीं पाई. हालांकि तब इसने 35 करोड़ के बजट में वर्ल्डवाइड 16.23 करोड़ रुपये कमाए थे. इसमें से 14.48 करोड़ भारत और 1.75 करोड़ विदेशी मार्केट से आए थे.
मूवी को जब पहली बार में पर्याप्त दर्शक नहीं मिले, तो मेकर्स ने इसे 09 जनवरी 2026 को दोबारा रिलीज़ करने का प्लान किया. मगर उससे पहले इसे फिर इतना ठंडा रिस्पॉन्स मिला कि इस री-रिलीज़ को लास्ट मोमेंट पर कैंसिल कर दिया गया. थक-हारकर मेकर्स ने इसे 06 फरवरी 2026 को जियो हॉटस्टार पर डाल दिया. लोग पहले ही कपिल को वो फिल्म करने से मना कर रहे थे. खासकर इस बात के लिए कि उसके फर्स्ट पार्ट को भी लोगों से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था. फिर भी उन्होंने ऑलमोस्ट सेम स्टोरीलाइन पर सीक्वल बनाया और बुरी तरह धुल गए. इस तरह कपिल शर्मा के गले मात्र छह महीने के अंदर दो बड़ी डिजास्टर देने का तमगा लटक चुका है.
वीडियो: कपिल के शो की व्यूवरशिप गिरी लेकिन मेकर्स को हुआ ये फायदा


















