The Lallantop

यश की 'टॉक्सिक' से करीना बाहर हुईं, 'जवान' की एक्ट्रेस लेंगी उनकी जगह

पहले कहा जा रहा था कि Kareena Kapoor Khan, Toxic में फीमेल लीड होंगी. फिर खबर आई कि वो फिल्म में Yash की बहन बनेंगी.

Advertisement
post-main-image
'टॉक्सिक' को गीतू मोहनदास बना रही हैं, वहीं यश फिल्म के प्रोड्यूसर हैं.

Kareena Kapoor Khan, Yash की फिल्म Toxic में काम करने वाली थीं. पहले खबर आई कि वो लव इंट्रेस्ट बनेंगी. फिर बताया गया कि Geethu Mohandas के निर्देशन में बननेवाली इस फिल्म में वो यश की बहन का रोल करेंगी. करीना फिल्म पर काम करने के लिए पूरी तरह तैयार थीं. इस बीच खबर आई कि डेट्स की वजह से उन्हें ‘टॉक्सिक’ छोड़नी पड़ी. उसके बाद मेकर्स ने उनकी जगह नई एक्ट्रेस की तलाश शुरू की. उन्हें ऐसा नाम चाहिए था जिसकी प्रेज़ेंस पैन-इंडिया लेवल पर हो. कहा जा रहा है कि उनकी तलाश Jawan की एक्ट्रेस Nayanthara पर जाकर पूरी हो गई है. नयनतारा तमिल सिनेमा की सुपरस्टार हैं. ‘टॉक्सिक’ के मेकर्स को ऐसी ही मज़बूत इमेज वाली एक्ट्रेस की ज़रूरत थी.              

Advertisement

पिंकविला में छपी रिपोर्ट के मुताबिक बीते कुछ हफ्तों में गीतू मोहनदास, यश और नयनतारा की कई बार मुलाकात हुई. बताया जा रहा है कि चीज़ें सही दिशा में बढ़ रही हैं. आगे बताया गया:

नयनतारा ने ‘टॉक्सिक’ में काम करने की इच्छा जताई है और अभी बाकी सारी चीज़ों पर काम किया जा रहा है. फिल्म में जो बहन का किरदार है, उस पर काफी काम किया गया है. वो नयनतारा की मज़बूत इमेज को सूट भी करता है. नयनतारा इस बात से खुश हैं कि गीतू मोहनदास ने एक मज़बूत महिला का किरदार लिखा है. साथ ही वो पूरी तरह अपने विज़न से जुड़ी हुई भी हैं. 

Advertisement

नयनतारा से बातचीत चल रही है. एक बार डेट्स वगैरह क्लियर हो जाएं, उसके बाद नयनतारा फिल्म साइन कर लेंगी. अगले 15 दिनों में साफ हो जाएगा कि वो ‘टॉक्सिक’ में यश की बहन बनेंगी या नहीं. ज़ूम की एक पिछली रिपोर्ट ने बताया था कि ‘टॉक्सिक’ की कहानी एक भाई और बहन पर केंद्रित होगी. उस हिसाब से बहन वाले किरदार का अच्छा-खासा रोल होगा. करीना इस फिल्म को लेकर उत्साहित थीं लेकिन डेट्स की वजह से बात नहीं बन पाई. 

बाकी करीना के अलावा कियारा आडवाणी का नाम भी फिल्म से जुड़ा था. बताया जा रहा है कि वो यश की लव इंट्रेस्ट बनेंगी. इस रोल से तृप्ति डिमरी का भी नाम जुड़ा था. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक तृप्ति ने अपनी डेट्स ‘भूल भुलैया 3’ को दे दी थी, इसलिए उन्हें ‘टॉक्सिक’ छोड़नी पड़ी. अभी तक के लिए यश और कियारा आडवाणी के नाम ही फाइनल हुए हैं. आने वाले कुछ दिनों में पुख्ता हो जाएगा कि नयनतारा ये फिल्म करेंगी या नहीं. बाकी बता दें कि ‘टॉक्सिक’ 10 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है.      



 

Advertisement

वीडियो: 'रामायण' में यश की बहन बनेंगी ये एक्ट्रेस! साउथ की बड़ी फिल्में कर चुकी हैं

Advertisement