The Lallantop

''हर सेलेब्रिटी का एक राशन (रेट) कार्ड होता है:'' जाह्नवी कपूर

जब Janhvi Kapoor से पूछा गया कि क्या मुंबई के एयरपोर्ट और जिम के बाहर सेलेब्रिटी खुद अपनी तस्वीर खिंचवाने के लिए इन पैपराज़ी को बुलाते हैं? उन्होंने इसके पीछे का पूरा तिया-पांचा समझा दिया.

Advertisement
post-main-image
जाह्नवी कपूर ने बताया कि पैप्स जब जिम के टाइट कपड़ों में उनकी फोटो लेते हैं तो वे क्या कहती हैं.

Janhvi Kapoor इन दिनों अपनी फिल्म MR. & MRS. MAHI का प्रमोशन कर रही हैं. इसी प्रमोशन के दौरान जाह्नवी ने पैपरात्ज़ी और उनकी खींची हुई एयरपोर्ट लुक, जिम लुक फोटोज़ के पीछे का पूरा तिया-पांचा समझाया है. उन्होंने इस खेल का भी खुलासा किया कि क्या सेलेब्रिटी ख़ुद इन बॉलीवुड फोटोग्राफर्स को फोन करके एयरपोर्ट और जिम के बाहर अपनी फोटो खींचने के लिए बुलाते हैं.

Advertisement

हाल ही में जाह्नवी The Lallantop के स्पेशल शो 'बैठकी' (Baithki) में आई थीं. जहां उन्होंने अपनी पिछली फिल्मों से लेकर आने वाले प्रोजेक्ट्स, अपने चैलेंजिंग रोल्स, मां श्रीदेवी और पिता बोनी कपूर के बारे में खूब सारी बातें कीं. इसी interview में जब उनसे पूछा गया कि क्या मुंबई के एयरपोर्ट और जिम के बाहर सेलेब्रिटी ख़ुद ही अपनी तस्वीर खिंचवाने के लिए इन पैपरात्ज़ी को बुलाते हैं. इस पर जाह्नवी ने बताया,

''ऐसा होता है लेकिन मुझे लगता है कि ये इंसान और एक्टर्स पर भी डिपेंड करता है. आप देखिए कि जैसे मेरी फिल्म का प्रमोशन चल रहा है. इसलिए उन्हें बुलाया गया था. मेरी तस्वीर खींचने के लिए. लेकिन जब फिल्म का प्रमोशन नहीं होता, मैं शूटिंग पर नहीं जा रही होती हूं, कहीं गायब होना चाहती हूं, उस वक्त ऐसा नहीं होता. पैपरात्ज़ी आपकी गाड़ी को फॉलो करते हैं क्योंकि उन्हें हर फोटो के लिए पैसा मिलता है.''

Advertisement

जाह्नवी कपूर ने बताया कि इन फोटोग्राफर्स के पास हर सेलेब्रिटी की फोटो के लिए रेट कार्ड होता है. हर फोटो के लिए अलग अलग पैसा मिलता है. उन्होंने बताया, 

''इंडस्ट्री में हर सेलेब्रिटी का एक राशन कार्ड (रेट कार्ड) जैसा होता है. जैसे- ''इनकी फोटो इतने में बिकती है.'' तो अगर आपका प्राइस ज़्यादा है तो पैपरात्ज़ी ख़ुद ही पहुंच जाते हैं. आपकी गाड़ी को फॉलो करते हैं. लेकिन अगर आपका प्राइस इतना हाई नहीं है तो सेलेब ख़ुद उन्हें बुलाते हैं. और कभी-कभी वो इत्तेफाकन भी आ जाते हैं.''

जाह्नवी ने जिम लुक और जिम के बाहर खींची जाने वाली तस्वीरों पर भी बात की. वे बोलीं,

Advertisement

''मैंने दिल से पैपरात्ज़ी को रिक्वेस्ट की थी कि वो मेरे जिम के बाहर आना बंद कर दें. उन लोगों ने मेरी बात मानी भी. अब वो मेरे जिम के बाहर नहीं आते. मैं नहीं चाहती कि वो मुझे रोज़ जिम के टाइट टाइट कपड़ों में देखें.''

जाह्नवी कपूर पहली बड़ी मेनस्ट्रीम की एक्टर हैं जिन्होंने सेलेब्स और पैप्स के बीच के इस गणित पर खुलकर बात की है. अमूमन दर्शकों को लगता है कि सेलेब्स कहीं आ-जा रहे होते हैं और एंटरटेनमेंट फोटोग्राफर्स ख़ुद ही वहां पहुंच जाते हैं और सेलेब फिर परेशान दिखता है. जबकि ऐसा नहीं है. कई मामलों में सेलेब्रिटी या उनका पीआर ख़ुद फोन करके इन्हें बुलाता है.

Video: Janhvi Kapoor ने Saurabh Dwivedi से नेपोटिज़्म, पैपरात्ज़ी, श्रीदेवी और गांधी-अंबेडकर पर क्या बात की? (Baithki)

Advertisement