The Lallantop

"मुझे फ़र्क नहीं पड़ता"- पाकिस्तान में 'धुरंधर' के बैन पर आदित्य धर ने ये कहा?

आदित्य धर का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो अपनी फिल्म के पाकिस्तान में रिलीज़ नहीं होने से नाखुश हैं.

Advertisement
post-main-image
गल्फ़ में बैन के बावजूद 'धुरंधर' ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये कमा लिए थे.

Dhurandhar को पाकिस्तान समेत लगभग सभी गल्फ़ देशों में बैन कर दिया गया था. ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इससे मेकर्स को करीब 90 से 100 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. संभावना है कि Dhurandhar 2 पर भी वहां बैन जारी रहेगा. इस बीच इंटरनेट पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जहां Aditya Dhar ने अपनी फिल्म के पाकिस्तान में बैन होने पर रिएक्ट किया है. मगर इस वीडियो की सच्चाई कुछ और है.

Advertisement

'धुरंधर' पर पाकिस्तान, ईरान, बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और UAE में रोक लगा दी गई थी. 19 मार्च को इसका दूसरा पार्ट रिलीज़ होगा. ऐसे में लोग इंटरनेट पर आदित्य का एक पुराना वीडियो शेयर करने लगे. दरअसल, वीडियो बना रहे शख्स ने उनसे पूछा था कि अगर उनकी फिल्म पर पाकिस्तान में रोक लग जाए, तो उससे क्या फ़र्क पड़ेगा? इस पर आदित्य कहते हैं,

"मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता. अगर पाकिस्तान फैंस एक बार हम पर भरोसा करके ये फिल्म देखते हैं, तो उन्हें भी समझ आ जाएगा कि इसमें पाकिस्तानी जनता के खिलाफ़ किसी ने कुछ नहीं बोला है. जो भी बोला गया है, वो आतंकवाद के खिलाफ़ बोला गया है. अगर वो ये समझ जाएं कि हम आतंकवाद से लड़ रहे हैं, हम कहीं की जनता या किसी खास व्यक्ति के खिलाफ़ नहीं हैं, तो मुझे लगता है कि उन्हें भी ये फिल्म बहुत पसंद आएगी. मैं इस बात से खुश नहीं कि फिल्म पाकिस्तान में रिलीज़ नहीं हो पा रही है. लेकिन मैं इतना ज़रूर कहूंगा कि आप दुनिया में हर किसी की गलतफ़हमी को दूर नहीं कर सकते."

Advertisement

लोग इस जवाब को ‘धुरंधर 2’ से जोड़कर देख रहे हैं. मगर सच्चाई कुछ और है. दरअसल, आदित्य ने ये बयान 2019 में अपनी पहली फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ के दौरान दिया था. ‘धुरंधर’ की तरह उस फिल्म को भी पाकिस्तान में रिलीज़ नहीं किया गया था. ऐसे में आदित्य ने दो टूक कहा कि उन्हें इससे कोई फ़र्क नहीं पड़ता. लोगों का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ को लेकर भी उनका यही एटीट्यूड है. हालांकि उन्होंने अपनी तरफ़ से अब तक इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है.

वैसे, आदित्य ने अपने बयान में इस बात पर जोर दिया था कि पाकिस्तानी जनता को उनकी फिल्म काफ़ी पसंद आएगी. 'धुरंधर' के केस में ये बात नज़र भी आई थी. वहां की प्रशासन ने इस मूवी पर रोक लगा दी थी. इसलिए आम लोगों ने फिल्म की पायरेसी शुरू कर दी. इसके लिए उन्होंने टोरेंट, टेलीग्राम और वीपीएन का खूब इस्तेमाल किया था. हाल ये था कि मात्र 12 दिनों के अंदर ‘धुरंधर’ पाकिस्तान की मोस्ट पायरेटेड मूवी बन चुकी थी. शुरुआती दो हफ्तों में ही इसे 20 लाख से अधिक बार डाउनलोड कर लिया गया था. इस दौरान इसने शाहरुख खान की 'रईस' और रजनीकांत की '2.0' का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया था. 

इंटरनेट पर ऐसी वीडियोज़ भी वायरल हुई, जहां पाकिस्तानी बाज़ार में ‘धुरंधर’ की डीवीडी केवल 50 रुपये में बिक रही थी. जब ये भी कम पड़ा, तो बची-खुची कसर नेटफ्लिक्स ने पूरी कर दी. 'धुरंधर' की रिलीज़ को आज 3 महीने से अधिक बीत चुके हैं. ओटीटी पर आए हुए इसे लगभग डेढ़ महीना बीत चुका है. बावजूद इसके, ये नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर तीसरी सबसे अधिक देखी जाने वाली फिल्म बनी हुई है. खास बात ये है कि ये महीने भर तक पाकिस्तान की टॉप ट्रेंडिंग मूवी बनी हुई थी. पिछले 5 हफ्तों से ये टॉप 10 में बनी हुई है.

Advertisement

वीडियो: 'धुरंधर 2' की 4 सबसे बड़ी फैन थ्योरीज क्या है?

Advertisement