उत्तर प्रदेश के मुज़फ्फरनगर जिले में एक दस साल की बच्ची ने अपनी जान ले ली. घरवालों का कहना है कि स्कूल में बच्ची पर दस रुपये चुराने का आरोप लगाया गया था. जिसके बाद स्कूल के दो टीचर्स ने बच्ची के साथ बदसलूकी और मारपीट की. आरोप है कि स्कूल के बाद घर पहुंची छात्रा ने इस घटना से परेशान होकर अपनी जान ले ली. बच्ची के पिता अशोक राजपूत अब न्याय की मांग कर रहे हैं.
टीचर ने चौथी की छात्रा पर ₹10 चुराने का आरोप लगाया, पिटाई की, उसने घर जाकर जान दे दी
UP News: दस साल की बच्ची पर उसके स्कूल टीचर ने आरोप लगाया कि उसने बैग से 10 रुपये चुराए. जिसके बाद एक और टीचर ने बच्ची के साथ मारपीट की. बच्ची के पिता का आरोप है कि इसी मानसिक उत्पीड़न के बाद उनकी बेटी ने अपनी जान ले ली.

आजतक से जुड़े संदीप सैनी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के पचेनडा कला गांव की है. यहां एक प्राथमिक विद्यालय है. बच्ची इसी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ती थी. 22 जुलाई को जब वो स्कूल गई उसी दौरान ये घटना घटी.
क्या हुआ स्कूल में?रिपोर्ट के मुताबिक, आरोप है कि आयुषी ने स्कूल की टीचर सविता के बैग से 10 रुपये चुराए. बताया गया कि टीचर ने इसकी शिकायत स्कूल के दूसरे शिक्षक राजीव से कर दी. राजीव ने छात्रा के साथ स्कूल में मारपीट की. थोड़ी देर बाद जब आयुषी अपने घर को लौटी तो बहुत परेशान थी. अशोक राजपूत का आरोप है कि इसी घटना से परेशान होकर उसने अपनी जान ले ली. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए भेज दिया है.
ये भी पढ़ें: पोती के जन्म से परेशान थी दादी, रात में सोते से उठा ले गई और जान ले ली
पिता ने क्या कहा?आयुषी के पिता का कहना है कि टीचर सविता ने चोरी का आरोप लगाने के बाद उन्हें फोन किया था. टीचर ने उन्हें स्कूल आने को कहा. लेकिन अशोक काम के सिलसिले में बाहर गए थे, इसलिए वो नहीं आ सके. जिसके बाद अशोक ने टीचर से बच्ची को समझाकर घर भेजने को कहा. लेकिन उनका आरोप है कि सविता ने उनकी बेटी को राजीव के हवाले कर दिया और राजीव ने उसे बहुत मारा.
अशोक ने बताया कि जब उनकी बेटी से बात हुई तो उसने बताया कि उसे पैसे टेबल के नीचे से मिले हैं. फिर जब दोपहर दो बजे वो अपने घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी बेटी को मृत पाया. पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और कार्रवाई में जुट गई है.
वीडियो: बारिश के पानी में डूब कर 3 साल की बच्ची की मौत, गार्ड का तैरता शव मिला














