Vamshi Paidipally की SVC63 मार्केट में लगातार चर्चा बटोर रही. पिछले दिनों इस फिल्म के लिए Salman Khan का बज़ कट लुक खूब वायरल हुआ था. खबर है कि मेकर्स अब जल्द ही इसका पहला प्रोमो रिलीज़ कर सकते हैं. उन्होंने फिल्म का नाम भी लॉक कर लिया है. दावा किया जा रहा है कि इस मूवी को The Messenger, Monster या Rudra Rajyam में से कोई एक नाम मिल सकता है.
कल आएगा सलमान खान की SVC63 का टाइटल वाला प्रोमो?
रिपोर्ट्स हैं कि मेकर्स ने सलमान और नयनतारा की फिल्म का टाइटल लॉक कर लिया है.


सोशल मीडिया पर चर्चा है कि कल यानी 18 जून को दोपहर 2 बजे SVC63 का टाइटल रिवील किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि ये कोई स्टैंडर्ड टेक्स्ट पोस्टर नहीं बल्कि भरा-पूरा प्रोमो होगा. सलमान और नयनतारा ने शूटिंग शुरू होने से पहले ही मुंबई में अलग से ये एसेट फिल्मा लिया था. तब रिपोर्ट्स आई थीं कि मेकर्स उसे 26 मई के आसपास ईद-उल-अधा पर रिलीज़ कर सकते हैं. मगर तब सलमान ने 'मातृभूमि' से 'मैं हूं' गाने का रिप्राइज़्ड वर्जन शेयर कर दिया. SVC63 को लेकर उन्होंने उस वक्त कोई अपडेट नहीं दी थी.
मेकर्स इस फिल्म को क्या नाम देंगे, इसे लेकर सलमान फैंस में काफी एक्साइटमेंट है. इस बीच ट्रेड सर्कल में कुछ नामों को लेकर खुसुर-फुसुर शुरू हो गई है. इनमें तीन नाम सबसे अधिक चर्चा में हैं. अव्वल है 'द मैसेंजर'. बताया जा रहा है कि ये एक स्पाय थ्रिलर मूवी होगी. ऐसे में ये नाम फिल्म के कॉन्टेन्ट पर जमेगा. दो और नाम जो लगातार डिस्कशन में हैं, वो हैं- 'मॉनस्टर' और 'रुद्र राज्यम'. चूंकि इस मूवी में सलमान का खूंखार एक्शन अवतार दिखने वाला है, इसलिए लोगों का मानना है कि ‘मॉनस्टर’ फिल्म के लिए मुफीद टाइटल होगा.
बताया जा रहा है कि मेकर्स कल मूवी के प्रोमो को अनिरुद्ध रविचंदर और एस थमन के बैकग्राउंड स्कोर के साथ रिलीज़ करेंगे. ये चर्चा शुरुआत से ही है. मगर टाइटल अनाउंसमेंट को लेकर मेकर्स ने अपनी तरफ से अब तक कोई अपडेट नहीं दी. इसलिए लल्लनटॉप इस खबर की पुष्टि नहीं करता. जहां तक फिल्म की बात है, SVC63 अगले साल ईद यानी मार्च 2027 में रिलीज़ होगी. इसका क्लैश प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ से होगा. जो कि 5 मार्च को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है.
वीडियो: SVC63 से जुड़े बड़े खुलासे, लीक प्लॉट ने बढ़ाया सस्पेंस!


















