The Lallantop

"डंकी, राजू हिरानी की ज़िंदगी की ग्रेटेस्ट पिक्चर है"

Dunki के राइटर Abhijat Joshi ने बताया कि Rajkumar Hirani की फिल्मों में लाफ्टर, इमोशन और ड्रामा होता था. मगर इस बार एक नई चीज़ आई है- जादू. जो Shahrukh Khan लेकर आए हैं.

Advertisement
post-main-image
'डंकी' के टीज़र के दो सीन्स में शाहरुख खान और उनकी गैंग. दूसरी तरफ 'डंकी' फैन इवेंट के दौरान शाहरुख और अभिजात जोशी.

2 नवंबर को Shahrukh Khan की फिल्म Dunki का टीज़र रिलीज़ किया गया. उसके बाद शाहरुख ने अपने फैन्स के साथ एक इवेंट में हिस्सा लिया. उनके साथ जन्मदिन मनाया. फिर 'डंकी' टीज़र देखा. यहां पर फिल्म के राइटर Abhijat Joshi और डायरेक्टर Rajkumar Hirani भी मौजूद थे. टीज़र वगैरह दिखाने के बाद इन तीनों ने फैन्स से बातचीत की. यहीं पर अभिजात ने बताया कि राजकुमार हिरानी कैसे काम करते हैं. और शाहरुख ने 'डंकी' से जुड़कर कैसे उस प्रक्रिया को और बेहतर बना दिया. अभिजात ने ये भी कहा कि 'डंकी', राजू हिरानी के करियर की 'ग्रेटेस्ट' फिल्म है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'डंकी' टीज़र फैन मीट इवेंट के दौरान अभिजात राजकुमार हिरानी के बारे में बात करते हुए कहते हैं-

"मैं बताता हूं दोस्तों. उनका (राजू) सिनेमा बनाने का एक सिद्धांत है. सबसे बड़ी चीज़ होती है एंटरटेनमेंट. एंटरटेनमेंट को वो बहुत सीरियसली लेते हैं. उनका प्रिंसिपल ये है कि हर सीन में या तो लाफ्टर होना चाहिए या इमोशन या ड्रामा. वरना वो सीन पिक्चर में नहीं रह सकता. लेकिन इस बार एक चौथी चीज़ आई है- मैजिक. ये जो नई बात आई है, वो ये (शाहरुख) लेकर आए हैं. मैंने देखा है, इन दोनों की आत्मा नाटक से जुड़ी हुई है. इन्होंने भी थिएटर किया और ये (शाहरुख) तो थिएटर में पले हैं. शायद आपको पता नहीं होगा कि जितनी मेहनत राजू करता है स्क्रिप्ट पर, डायरेक्शन पर, एडिटिंग पर. फिल्म के हर पहलू पर. उतनी ही मेहनत शाहरुख सर ने उस स्क्रिप्ट पर पेश करने में की है. यहां तक की उनके साथ जो उनके मेक-अप मैन हैं, हेयर स्टाइलिस्ट हैं, उन्हें भी उनके डायलॉग्स पता होते हैं. क्योंकि इतनी बार वो रिहर्सल करते रहते हैं. ये जो स्टार हैं, वो कोई एक्सीडेंट नहीं है. हमने उनकी मेहनत देखी है. मैं ईमानदारी से कहता हूं कि ये मेरी ज़िंदगी का ग्रेटेस्ट एक्सपीरियंस है. और ये 'डंकी' राजू की ज़िंदगी की ग्रेटेस्ट फिल्म है."

Advertisement

अभिजात के ये सब कहने के बाद शाहरुख उन्हें गले लगा लेते हैं. इसके बाद बोलने की बारी राजू हिरानी की आती है. उन्होंने शाहरुख और 'डंकी' के बारे में बात करते हुए कहा-

"हमने कभी साथ काम नहीं किया था. हमें साथ काम करने के लिए 30 साल का इंतज़ार करना पड़ा. तो आपकी एक धारणा होती है. शाहरुख के बारे में सब कहते हैं कि बड़ा इम्प्रॉम्प्टु एक्टर है. फटाक से आकर लेगा. मैं उसके लिए तैयार था कि वहीं रिहर्सल होंगे. मगर ऐसा नहीं हुआ. जैसा अभिजात ने कहा, इन्होंने इतनी बार स्क्रिप्ट पढ़ी कि सिर्फ अपने नहीं, हर एक्टर के डायलॉग इन्हें याद थे. कोई मिस कर देता, तो ये पकड़ लेते. जिस दिन शूट होता था, उससे एक दिन पहले, ये अपने बाथरूम में बैठकर फोन पर सीन शूट करके मुझे भेजते थे. एक बार, दो बार, तीन बार. रात को दो, तीन, चार बजे. बोलते थे कि ऐसा भी कर सकते हैं, ऐसे भी कर सकते हैं. इसलिए जब आप सेट पर जाते हैं, तो आपको ज़्यादा चिंता नहीं रहती है. क्योंकि आपको पता है कि एग्ज़ैक्ट्ली क्या होने वाला है. मैं इनके बाथरूम में कभी गया नहीं हूं. मगर फोन पर इनका बाथरूम मैंने कई बार देखा है."  

शाहरुख खान ने इसी इवेंट में ये भी बताया कि वो फिल्म फ्रैंचाइज़ में काम नहीं करना चाहते. इसीलिए वो 'जवान 2' नहीं बनाएंगे. शाहरुख का कहना है कि वो ओरिजिनल स्क्रिप्ट वाली फिल्मों में काम करना चाहते हैं. अलग-अलग तरह के किरदार निभाना चाहते हैं.

Advertisement

'डंकी' इल्लीगल इमिग्रेशन के मसले पर बेस्ड फिल्म है. इसे 'डंकी फ्लाइट' कहा जाता है, इसलिए फिल्म का नाम 'डंकी' है. पिक्चर में शाहरुख खान के साथ तापसी पन्नू, विकी कौशल, बोमन ईरानी, विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. 'डंकी' इंटरनेशनल मार्केट्स में 21 दिसंबर को रिलीज़ होगी. मगर फिल्म की इंडिया रिलीज़ डेट अब तक अनाउंस नहीं की गई है. 

वीडियो: 'डंकी' टीज़र में शाहरुख खान के अलावा ये 10 एक्टर्स भी काम कर रहे हैं, जो टीज़र में नहीं दिखे

Advertisement