janhvi kapoor और Sreeleela ने किस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है? क्या 20 रिलीज़ से 20 दिन पहले ही Ramayana सुपरहिट फिल्म Dhurandhar 2 के रिकॉर्ड्स की धज्जियां उड़ा रही है? Shah Rukh Khan की King के टीज़र को लेकर क्या नया अपडेट आया है. सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
'रामायण' ने ग्लोबल कैंपेन शुरू होते ही 'धुरंधर 2' के रिकॉर्ड्स तोड़ने शुरू कर दिए
'रामायण' ने अडवांस बुकिंग में 'धुरंधर 2' से 12 गुना ज़्यादा कमाई कर डाली है.

# 'रामायण' के ट्रेलर-2 ने हिला दिया इंटरनेट
रणबीर कपूर की 'रामायण: राइज़ ऑफ अ लेजेंड' का दूसरा इंटरनेशनल ट्रेलर रिलीज़ हो गया है. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में रणबीर राम और यश रावण के किरदार में हैं. ट्रेलर में रावण का खौफनाक अंदाज़ दिखता है, जो ऐलान करता है कि हर सिर उसके सामने झुकेगा. वहीं, राम को इंसानियत की आखिरी उम्मीद बताया गया है. एक बड़े एक्शन सीक्वेंस में रावण, इंद्र और उनके दिव्य हाथी ऐरावत पर हमला करता नज़र आता है. फिल्म में साई पल्लवी सीता, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और कुणाल कपूर इंद्र के रोल में हैं. हांस ज़िमर और ए.आर. रहमान ने इसका म्यूज़िक तैयार किया है. फिल्म 5 नवंबर, 2026 को भारत समेत दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# जाह्नवी कपूर-श्रीलीला की फिल्म की शूटिंग शुरू
जाह्नवी कपूर, श्रीलीला और सिद्धार्थ गुप्ता की अनटाइटल्ड रोमांटिक थ्रिलर की शूटिंग शुरू हो गई है. वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का पहला शेड्यूल उत्तराखंड के नैनीताल में चल रहा है. फिल्म को उमेश बिष्ट डायरेक्ट कर रहे हैं, जिन्होंने 'पगलैट' और 'ग्यारह ग्यारह' जैसी फिल्में बनाई हैं. इसकी कहानी दो लड़कियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक ही लड़के के लिए जुनूनी हो जाती हैं. फिलहाल फिल्म के टाइटल और रिलीज़ डेट का ऐलान नहीं हुआ है.
# साथ में एक्शन फिल्म करने जा रहे टाइगर और विद्युत?
टाइगर श्रॉफ और विद्युत जामवाल पहली बार किसी एक्शन फिल्म में साथ काम करने वाले हैं. वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में विद्युत ने बताया कि दोनों एक ऐसी फिल्म बनाना चाहते हैं, जो भारत ही नहीं, दुनियाभर के दर्शकों को पसंद आए. इसके लिए उन्हें ऐसे डायरेक्टर की तलाश है, जो एक्शन को नेक्स्ट लेवल पर ले जा सके. विद्युत के मुताबिक, फिल्म में सिर्फ बड़े एक्शन सीक्वेंस नहीं, बल्कि इमोशन और दमदार कहानी भी होनी चाहिए. टी-सीरीज़ के बैनर तले बन रही इस फिल्म के लिए अभी डायरेक्टर फाइनल नहीं हुआ है.
# 20 दिन पहले ही 'धुरंधर' को धूल चटाने लगी 'रामायण'?
रणबीर कपूर की 'रामायण' ने रिलीज़ से पहले ही अमेरिका में अडवांस बुकिंग में 'धुरंधर 2' को पीट दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'रामायण' के USA प्रीमियर के लिए अब तक 1 लाख 63 हज़ार 965 डॉलर की टिकटें बिक चुकी हैं. जबकि इस वक्त तक 'धुरंधर 2' की कमाई 13 हज़ार 94 डॉलर रही थी. 'रामायण' के 7,663 टिकट बिकने का दावा है, जबकि 'धुरंधर 2' के 768 टिकटों की बिक्री बताई गई है. 'रामायण' की टिकट बिक्री से हुई कमाई 'धुरंधर 2' से 12 गुना ज़्यादा है. हालांकि मेकर्स ने इसको लेकर अभी तक कोई ऑफिशियल डेटा शेयर नहीं किया है.
# राजपाल यादव ने जमा किए दो करोड़ रुपये
एक्टर राजपाल यादव ने चेक बाउंस केस में दो करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं. इसके बाद चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने राजपाल और शिकायतकर्ता कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच विवाद को मध्यस्थता के लिए भेज दिया है. ये मामला उनकी 2012 की फिल्म 'अता पता लापता' से जुड़े 5 करोड़ रुपये के लेन-देन का है. कोर्ट ने राजपाल का पासपोर्ट रिलीज़ कराने के लिए आवेदन करने की भी छूट दी है. हालांकि, बकाया रकम को लेकर विवाद अभी सुलझा नहीं है.
# सेंसर बोर्ड ने पास किया शाहरुख की 'किंग' का टीजर
शाहरुख खान की 'किंग' को लेकर फैंस का एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है. अब खबरें आ रही हैं कि सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बन रही इस एक्शन फिल्म के टीज़र को CBFC की मंज़ूरी मिल गई है. इसकी लंबाई 45 सेकेंड बताई जा रही है. इसका सेंसर सर्टिफिकेट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. ये रियल है या फर्जी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. न ही मेकर्स ने इसको लेकर कोई अपडेट नहीं दिया है. 'किंग' इसी साल 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए शेड्यूल है. रिपोर्ट्स हैं कि 2 नवंबर यानी शाहरुख के बर्थडे के दिन फिल्म का नया टीजर, ट्रेलर या गाना रिलीज़ किया जाएगा. उसी के साथ फिल्म का मार्केटिंग कैंपेन शुरू होगा.
वीडियो: रणबीर कपूर की 'रामायण' को ग्लोबल बनाने निकले नमित मल्होत्रा, शुरू हुआ महाप्लान












