Yash स्टारर Toxic की कहानी सेंसर बोर्ड सर्टिफिकेट मिलते ही कैसे खुल गई है? Sunny Deol स्टारर Batwara 1947 देख लोगों ने कैसा रिएक्शन दिया है? Arshad Warsi की ओटीटी सीरीज ने कौनसा रिकॉर्ड बना दिया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
सेंसर बोर्ड सर्टिफिकेट से खुल गई यश स्टारर 'टॉक्सिक' की कहानी?
'टॉक्सिक' में कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी भी अहम किरदारों में नजर आएंगी.

# सेंसर सर्टिफिकेट के साथ ही खुल गई 'टॉक्सिक' की कहानी?
यश स्टारर 'टॉक्सिक' 26 अगस्त को रिलीज हो रही है. गुरुवार को सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट के साथ पास कर दिया है. सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक इस फिल्म की लंबाई 194 मिनट और 12 सेकेंड यानी तीन घंटे 14 मिनट और 12 सेकेंड है. बेंगलुरु रीजनल ऑफिस ने गुरुवार को 'टॉक्सिक' को सर्टिफिकेट दिया. इसी के साथ इसकी कहानी भी खुल गई. फिल्म के डिस्क्रिप्शन में बताया गया कि आजादी के बाद के गोवा में हिंसा और जलन का बोलबाला है. वहां एक गैंगस्टर वफादारी, नैतिकता और खुद को सुधारने की जद्दोजहद में लगा हुआ है. जबरदस्त एक्शन सीन और नैतिक उलझनों से जूझते किरदारों के ज़रिए, यह फिल्म दिखाती है कि प्यार और अंधेरे के बीच खुद को सुधारने की कोशिश में इंसान को क्या कीमत चुकानी पड़ती है.
# सनी देओल की 'बंटवारा 1947' देख क्या बोले लोग?
सनी देओल स्टारर 'बंटवारा 1947' आज सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई. इसे देख चुकी जनता सोशल मीडिया पर फिल्म के बारे में क्या कह रही, वो बताते हैं. एक यूजर ने कमेंट किया,
"मैंने सोचा नहीं था कि बंटवारा 1947 फिल्म एंड होने के बाद भी इतनी देर तक मेरे दिमाग में घूमती रहेगी. मैं फिल्म में सनी देओल के वही पावर मोमेंट्स देखने की उम्मीद से गई थी. लेकिन जो सीन मुझे याद आ रहे, उनमें शांति है."
दूसरे यूजर ने कमेंट किया,
"मुझे अच्छा लगा कि बंटवारा 1947 ने मुझे इमोशनल करने से पहले थोड़ा अनकम्फर्टेबल किया. पहले हाफ में सिकंदर और हमीदा, दोनों कुछ ऐसे फैसले लेते हैं जिन पर गुस्सा आता है. फिल्म में किसी भी किरदार को पूरी तरह सही नहीं दिखाया गया है."
# शहीद भगत सिंह पर बनेगी ओटीटी सीरीज?
शहीद भगत सिंह पर ओटीटी सीरीज बनने जा रही है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक क्रिएटिव स्टूडियोज हिस्ट्रीवर्स ने इसका ऐलान कर दिया है. सीरीज की कहानी भगत सिंह के बचपन के साथ उनकी जवानी और क्रांतिकारी घटनाओं को दिखाएगी. हालांकि अभी तक इसकी स्टारकास्ट और डायरेक्टर के नाम का खुलासा नहीं हुआ है. लेकिन जल्द ही इस पर काम शुरू होने वाला है.
# प्रोसित रॉय की साइकोलॉजिकल लव स्टोरी में होंगे लक्ष्य
'राख' फेम डायरेक्टर प्रोसित रॉय एक साइकोलॉजिकल लव स्टोरी बनाने जा रहे हैं. करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस इसे प्रोड्यूस कर रही है. अब इसके हीरो के नाम पर भी मुहर लग गई है. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' फेम लक्ष्य ललवानी फिल्म में लीड रोल करने वाले हैं. फिल्म की शूटिंग इसी साल दिसंबर में शुरू हो जाएगी. इसे 2027 में रिलीज किया जाएगा.
# अरशद वारसी की ओटीटी सीरीज ने रिकॉर्ड बना दिया?
राजकुमार हीरानी ने सीरीज 'प्रीतम और पेड्रो' से अपना ओटीटी डेब्यू किया था. वो इस शो के क्रिएटर हैं. सीरीज में उनके बेटे वीर हीरानी के साथ अरशद वारसी ने लीड रोल किया था. ये सीरीज जियो हॉटस्टार की इस साल की सबसे ज़्यादा देखी जाने वाली सीरीज बन गई है. ओरमैक्स ओटीटी कॉन्टेंट इनसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक 'प्रीतम और पेड्रो' ने 23 मिलियन यानी 2.3 करोड़ व्यूज हासिल किए हैं. उम्मीद है कि ये शो जल्द ही 27 मिलियन का आंकड़ा पार कर जाएगा.
# हंसल मेहता के साथ 'स्कैम 2010' डायरेक्ट करेंगे सुमित
हंसल मेहता सीरीज 'स्कैम 2010' बना रहे हैं. सीरीज को अब इसके राइटर सुमित पुरोहित भी को-डायरेक्ट करेंगे. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक सुमित 'स्कैम 1992' के भी राइटर रहे हैं. 'स्कैम 2010' की कहानी सहारा ग्रुप के राइज और फॉल को दिखाएगी. इसमें सुब्रत रॉय का किरदार मराठी एक्टर सिद्धार्थ बोडके निभाने वाले हैं. सीरीज 2027 की शुरुआत में रिलीज के लिए शेड्यूल है. इसे सोनी लिव पर प्रीमियर किया जाएगा.
वीडियो: नहीं बिक रहे यश की 'TOXIC' के OTT और सैटेलाइट राइट्स











